होम / डिजिटल / TRAI ने केबल टीवी क्षेत्र में बाजार संरचना व प्रतिस्पर्धा को लेकर जारी किया परामर्श पत्र
TRAI ने केबल टीवी क्षेत्र में बाजार संरचना व प्रतिस्पर्धा को लेकर जारी किया परामर्श पत्र
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सोमवार को केबल टेलीविजन सेवाओं में बाजार संरचना और प्रतिस्पर्धा से संबंधित मुद्दों पर एक परामर्श पत्र जारी किया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने सोमवार को केबल टेलीविजन सेवाओं में बाजार संरचना और प्रतिस्पर्धा से संबंधित मुद्दों पर एक परामर्श पत्र जारी किया और हितधारकों से टिप्पणियां आमंत्रित कीं।
ट्राई ने एक बयान में कहा कि सूचना-प्रसारण मंत्रालय के एक संदर्भ के बाद यह कदम उठाया गया है।
ट्राई ने कहा कि मंत्रालय ने केबल टीवी सेवाओं में एकाधिकार और बाजार में एकाधिकार से संबंधित मुद्दों पर 12 दिसंबर, 2012 को उससे सिफारिशें मांगी थीं। एक उचित विचार-विमर्श प्रक्रिया के बाद, प्राधिकरण ने 26 नवंबर, 2013 को उस पर सिफारिशें जारी की थीं।
प्राधिकरण ने कहा, ‘ट्राई को मंत्रालय से पुराने संदर्भ जैसा ही 19 फरवरी, 2021 की तारीख वाला एक संदर्भ मिला है, जिसमें उल्लेख किया गया है कि सिफारिशें दिए जाने के बाद से काफी समय बीत चुका है और मीडिया एवं मनोरंजन (M&E) परिदृश्य में काफी बदलाव आया है, खासकर इस क्षेत्र में नयी डिजिटल प्रौद्योगिकियों के आने के साथ चीजें बदल गयी हैं।’
नियामक ने कहा, ‘और, इसलिए मंत्रालय ने महसूस किया कि कुछ मुद्दों पर प्राधिकरण द्वारा और विचार करने की जरूरत है और वह मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में क्रमिक घटनाक्रमों/विस्तार को देखते हुए विषय पर नयी सिफारिशें दे सकता है।’
ट्राई ने कहा कि इसे ध्यान में रखते हुए केबल टीवी सेवाओं में बाजार संरचना, प्रतिस्पर्धा से संबंधित मुद्दों पर परामर्श पत्र जारी किया।
टैग्स ट्राई कंसल्टेशन पेपर केबल टीवी