होम / डिजिटल / वरिष्ठ पत्रकार मधु त्रेहान ने लिया ये बड़ा फैसला
वरिष्ठ पत्रकार मधु त्रेहान ने लिया ये बड़ा फैसला
मधु त्रेहान ‘इंडिया टुडे’ के एडिटर-इन-चीफ अरुण पुरी की बहन हैं और मैगजीन की संस्थापक संपादक भी रही हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
वरिष्ठ पत्रकार मधु त्रेहान ने ‘न्यूजलॉन्ड्री डॉटकॉम’ के साथ अपना सात साल पुराना सफर खत्म करने का फैसला लिया है। अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा है कि अब वह अपने परिवार के साथ समय बिताना और कुछ नया करना चाहती हैं। ‘न्यूजलॉन्ड्री’ की सर्वेसर्वा मधु ने अपने जीवन के 50 साल पत्रकारिता को दिए हैं। उल्लेखनीय है कि वह ‘इंडिया टुडे’ के एडिटर-इन-चीफ अरुण पुरी की बहन हैं और मैगजीन की संस्थापक संपादक भी रही हैं।
अपने विदाई संदेश में मधु ने लिखा है, ‘लगभग 50 साल की पत्रकारिता के बाद अब कुछ नया करने का समय है। मैं फ्रीलांसर के तौर पर लिखती रहूंगी, लेकिन फिलहाल मैं अपने परिवार के साथ कुछ वक्त बिताना चाहती हूं। मैं ‘न्यूजलॉन्ड्री’ के एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी मैनेजिंग एडिटर रमन किरपाल को सौंपती हूं।’
गौरतलब है कि मधु त्रेहान ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। न्यूयॉर्क में रहने के दौरान वह संयुक्त राष्ट्र के प्रेस विभाग से जुड़ीं और फिर साप्ताहिक अखबार ‘इंडिया अब्रॉड’ के संपादक की भूमिका निभाई। 1975 में भारत लौटने पर उन्होंने अपने पिता वीवी पुरी के साथ मिलकर ‘इंडिया टुडे’ मैगजीन की शुरुआत की। हालांकि, 1977 में वह अपने भाई अरुण पुरी को मैगजीन की जिम्मेदारी सौंपकर वापस न्यूयॉर्क चली गईं। 1986 में अपनी वापसी पर उन्होंने भारत की पहली विडियो मैगज़ीन ‘न्यूजट्रैक’ लॉन्च करके तहलका मचा दिया।
मधु त्रेहान ही एकमात्र ऐसी पत्रकार हैं, जिन्होंने 1994 में मुंबई बम धमाके के दोषी याकूब मेनन का इंटरव्यू लिया था। मधु कई किताबें भी लिख चुकी हैं। फरवरी 2012 में उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर डिजिटल मीडिया में कदम रखा और ‘न्यूजलॉन्ड्री डॉटकॉम’ की स्थापना की। तभी से वह इसके एडिटर-इन-चीफ की जिम्मेदारी संभाल रहीं थीं।
मधु त्रेहान के पूरे विदाई संदेश को आप यहां पढ़ सकते हैं-
टैग्स इंडिया टुडे इस्तीफा न्यूजलॉन्ड्री मधु त्रेहान