होम / डिजिटल / अब इस बड़े पद पर India Today समूह से जुड़े बीवी राव
अब इस बड़े पद पर India Today समूह से जुड़े बीवी राव
इस समूह के साथ बीवी राव की यह दूसरी पारी है। उनकी नियुक्ति के बारे में ‘इंडिया टुडे’ समूह की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने एक इंटरनल मेल भी जारी किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
‘टीवी9 नेटवर्क’ (TV9 Network) में ग्रुप एडिटर के पद से पिछले दिनों इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ पत्रकार बीवी राव ने अब ‘इंडिया टुडे’ (India Today) समूह के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। उन्होंने यहां पर बतौर ग्रुप कंसल्टिंग एडिटर (डिजिटल) के तौर पर जॉइन किया है। अपनी इस भूमिका में वह रीजनल और प्रमुख मोबाइल डिजिटल चैनल्स पर फोकस करेंगे। वह विवेक गौड़ और मिलिंद खांडेकर के साथ मिलकर काम करेंगे और ‘इंडिया टुडे’ समूह की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी को रिपोर्ट करेंगे।
बीवी राव की नियुक्ति के बारे में ‘इंडिया टुडे’ समूह की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी ने एक इंटरनल मेल भी जारी किया है। अपने इस मेल में कली पुरी ने लिखा है, ‘मैंने और बीवी राव ने वर्ष 2002 से 2005 तक समूह के अखबार टुडे (Today) में साथ काम किया था। उस दौरान मुझे बीवी राव से बहुत कुछ सीखने को मिला। वह मेरे मेंटर्स में से एक हैं।’
बीवी राव की इस समूह के साथ यह दूसरी पारी है। पूर्व में वह इस समूह में अपनी भूमिका निभा चुके हैं। इससे पहले वह ‘नेटवर्क18’ (Network18) की वेबसाइट ‘Firstpost.com’ के संपादक रह चुके हैं। बी.वी राव ने वर्ष 2015 में नेटवर्क18 जॉइन किया था। बता दें कि अपने करीब 38 साल के करियर में राव ‘टाइम्स ग्रुप’, ‘एक्सप्रेस ग्रुप’, ‘जी न्यूज’ और ‘इंडिया टुडे ग्रुप’ समेत कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
बी.वी. राव ने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1989 में ‘मिड-डे’ दिल्ली के साथ की थी। यहां उन्होंने वर्ष 1991 तक काम किया और फिर ‘इंडियन एक्सप्रेस’ बेंगलुरू में बतौर न्यूज एडिटर अपनी नई पारी शुरू की। एक्सप्रेस समूह के साथ उन्होंने मुंबई व अहमदाबाद में भी काम किया। वर्ष 1994 में बी.वी राव ने ‘फ्री प्रेस जर्नल’ का दामन थाम लिया। उन्हें एग्जिक्यूटिव एडिटर की जिम्मेदारी सौंपी गई और यहां उन्होंने करीब दो साल तक काम किया।
राव करीब एक साल तक ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ में डिप्टी रेजिडेंट एडिटर भी रहे हैं। इसके अलावा करीब तीन साल तक ‘इंडिया टुडे ग्रुप’ में काम करने के अलावा वह ‘डीएनए’ मुंबई में करीब एक साल तक एसोसिएट एडिटर भी रह चुके हैं।
बीवी राव ने नवंबर 2019 में टीवी9 समूह के साथ अपनी पारी शुरू की थी। हालांकि, बीवी राव का इस संस्थान में कॉन्ट्रैक्ट 31 जुलाई तक था, लेकिन नेटवर्क प्रबंधन से विरोध के चलते ही उन्होंने पहले ही यहां से विदाई ले ली थी।
टैग्स एडिटर कली पुरी टीवी9 भारतवर्ष इंडिया टुडे ग्रुप नई पारी नियुक्ति जॉइनिंग बीवी राव ग्रुप कंसल्टिंग एडिटर