होम / डिजिटल / कंटेंट प्लेटफॉर्म ‘रोलिंग स्टोन भारत’ ने दी दस्तक, JioTV पर किया जा सकेगा स्ट्रीम
कंटेंट प्लेटफॉर्म ‘रोलिंग स्टोन भारत’ ने दी दस्तक, JioTV पर किया जा सकेगा स्ट्रीम
‘जियोटीवी’ पर ‘रोलिंग स्टोन भारत’ तीन प्रमुख शो लॉन्च करेगा, जिनमें एक पॉप कल्चर बुलेटिन, एक म्यूजिक वीडियो शोकेस और एक सेलिब्रिटी चैट शो शामिल होगा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
अमेरिका की मासिक पत्रिका ‘रोलिंग स्टोन‘ (Rolling Stone) ने द्विभाषी कंटेंट प्लेटफॉर्म ‘रोलिंग स्टोन भारत‘ (Rolling Stone Bharat) लॉन्च करने की घोषणा की है। इस वीडियो प्लेटफॉर्म पर हिंदी और अंग्रेजी में न्यूज के साथ-साथ म्यूजिक, लाइफस्टाइल और युवा संस्कृति से जुड़ा कंटेंट उपलब्ध होगा और यह देश के प्रमुख डिजिटल वीडियो प्लेटफॉर्म ‘जियोटीवी’ (JioTV) पर स्ट्रीम किया जा सकेगा। कंपनी के अनुसार, यह कदम वर्ष 2008 में भारत में लॉन्चिंग के बाद से तेजी से बढ़ते हुए रोलिंग स्टोन इंडिया ब्रैंड के लिए नया मील का पत्थर साबित होगा
‘जियोटीवी’ पर ‘रोलिंग स्टोन भारत’ तीन प्रमुख शो लॉन्च करेगा, जिनमें एक पॉप कल्चर बुलेटिन, एक म्यूजिक वीडियो शोकेस और एक सेलिब्रिटी चैट शो शामिल होगा। जियोटीवी मोबाइल एप के द्वारा इस कंटेंट को मुफ्त में कोई भी देख सकेगा।
इस बारे में ‘क्रिएटिवलैंड पब्लिशिंग प्राइवेट लिमिटेड’ (Creativeland Publishing Pvt Ltd) के क्रिएटर, इन्वेस्टर और मैनेजिंग डायरेक्टर साजनराज कुरुप का कहना है, ‘भारत में कंटेंट ईकोसिस्टम का हिस्सा बनने के लिए यह एक बहुत ही रोमांचक समय है। रोलिंग स्टोन भारत के साथ हम डिजिटल-फर्स्ट मैगजीन बनने और भारत में विविध प्रतिभाओं को उजागर करने के साथ नए दर्शकों को अपने साथ लाने की अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखने के दो बहुत महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल करने में सक्षम हुए हैं। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य भारत में हर मोबाइल स्क्रीन पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ कंटेंट को लाना है।’
इस बारे में ‘रोलिंग स्टोन इंडिया’ के पब्लिशर और एडिटर राधाकृष्णन नायर का कहना है,‘ रोलिंग स्टोन भारत नए भारत का एक सच्चा प्रतिबिंब है। इस प्लेटफॉर्म पर द्विभाषी (हिंदी और अंग्रेजी में) कंटेंट उपलब्ध होगा और हम सुनिश्चित करेंगे कि मुंबई से लेकर मेरठ तक सभी के लिए यह कंटेंट सुलभ हो।’
रोलिंग स्टोन भारत की लॉन्चिंग रोलिंग स्टोन इंडिया पब्लिशर (MW.Com India Pvt Ltd जिसे अब Creativeland Publishing Pvt Ltd कहा जाता है।) द्वारा की गई है। बता दें कि जाने-माने एंटरप्रिन्योर साजन राज कुरुप के स्वामित्व में एशिया एडवाइजरी सर्विसेस द्वारा अधिग्रहण के बाद MW.Com India Pvt Ltd को अब Creativeland Publishing Pvt Ltd कहा जाता है।
टैग्स राधाकृष्णन नायर जियो टीवी डेब्यू रोलिंग स्टोन साजनराज कुरुप