होम / डिजिटल / जानी-मानी एंकर नेहा खन्ना ने जॉइन किया Times Internet, इस भूमिका में आएंगी नजर
जानी-मानी एंकर नेहा खन्ना ने जॉइन किया Times Internet, इस भूमिका में आएंगी नजर
जानी-मानी टीवी पत्रकार नेहा खन्ना ने अब एक नई पारी की शुरुआत की है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 7 months ago
प्रसिद्ध टेलीविजन पत्रकार नेहा खन्ना ने अब एक नई पारी की शुरुआत की है। उन्होंने Times Internet (जो कि Times of India का डिजिटल वर्टिकल है) में सीनियर एंकर और एडिटोरियल एडवाइजर के रूप में जॉइन किया है। विदेश नीति पर गहरी समझ रखने वाली नेहा खन्ना अब भारत के सबसे अधिक पढ़े जाने वाले अखबार के डिजिटल मंच पर विदेश मामलों और भू-राजनीति पर आधारित एक दैनिक शो की मेजबानी करेंगी।
Times Internet से पहले नेहा खन्ना TV9 नेटवर्क का हिस्सा थीं, जहां उन्होंने लोकप्रिय प्राइमटाइम शो 'Global Lens' को होस्ट किया। इससे पहले वे WION पर भी मुख्य एंकर रहीं और वहां उन्होंने अपने नाम से साप्ताहिक शो 'Inside South Asia with Neha Khanna' को प्रस्तुत किया। उन्होंने कई अन्य टीवी नेटवर्क्स में भी वरिष्ठ भूमिकाएं निभाई हैं।
खन्ना ने अपने टेलीविजन करियर की शुरुआत NDTV से की थी, जहां उन्होंने 13 वर्षों तक काम किया। वहीं से उन्होंने रिपोर्टिंग की बुनियादी ट्रेनिंग ली और NDTV के प्रमुख शो ‘The Buck Stops Here–Weekend Edition’ समेत कई प्राइम टाइम कार्यक्रमों की एंकरिंग की।
करीब दो दशक लंबे पत्रकारिता करियर में नेहा खन्ना ने विधि, राजनीति, चुनाव, सामाजिक-आर्थिक मुद्दे, विदेश नीति, लैंगिक असमानता और मानवाधिकार जैसे विषयों पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। इस दौरान उन्होंने भारत और विदेश के कई शीर्ष नेताओं और प्रभावशाली हस्तियों का साक्षात्कार लिया है।
2024 में, खन्ना को प्रतिष्ठित जेफरसन फेलोशिप के लिए चुना गया था, जो हवाई स्थित ईस्ट-वेस्ट सेंटर द्वारा प्रदान की जाती है। इस दौरान उन्होंने अमेरिका, ताइवान और फिलीपींस में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने हाल ही में इजराइल-हमास युद्ध और फिलिस्तीन संकट की रिपोर्टिंग की है और इस क्षेत्र के अहम पक्षकारों का साक्षात्कार भी लिया। 2024 की शुरुआत में वह इजराइल गई थीं, हमास द्वारा हमला किए गए इलाकों का दौरा किया और 7 अक्टूबर के आतंकवादी हमलों के पीड़ितों से बात की।
नेहा खन्ना संयुक्त राष्ट्र की RAF फेलो, अमेरिका के इंटरनेशनल विजिटर लीडरशिप प्रोग्राम (IVLP) की फेलो, चेवेनिंग स्कॉलर, और ऑस्ट्रेलिया-इंडिया यूथ डायलॉग की एलुमनस भी रह चुकी हैं। उन्हें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, चीन और इजराइल के प्रमुख मीडिया हाउस इंटरव्यू के लिए बुला चुके हैं।
2009 में, उन्होंने बीबीसी (लंदन) के Parliamentary Programmes टीम के साथ इंटर्नशिप की थी और BBC Radio 4 के प्रमुख शो ‘Today in Parliament’ के लिए काम किया था।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो, खन्ना ने लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से Hansard Research Scholars Programme in Democracy and Public Policy पूरा किया है। उन्होंने भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से रेडियो और टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है और दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से राजनीति विज्ञान (ऑनर्स) में स्नातक किया है।
टैग्स