होम / डिजिटल / अपने कार्यालयों में इन Apps के इस्तेमाल को लेकर सूचना प्रसारण मंत्रालय का बड़ा फैसला
अपने कार्यालयों में इन Apps के इस्तेमाल को लेकर सूचना प्रसारण मंत्रालय का बड़ा फैसला
सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने सूचनाओं को लीक होने से रोकने व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई बड़े कदम उठाए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने सूचनाओं को लीक होने से रोकने व सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कई बड़े कदम उठाए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंत्रालय ने अपने तमाम कार्यालयों में एलेक्सा, सिरी और गूगल होम जैसी डिजिटल असिस्टेंट डिवाइसों पर प्रतिबंध लगा दिया है।
मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि अमेजॉन के इको, एप्पल के होमपॉड और गूगल होम आदि को ऑफिस में नहीं रखा जा सकता है। इसके अलावा ऑफिस में एम्प्लॉयीज द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले स्मार्टफोन/घड़ियों में डिजिटल असिस्टेंट (जैसे एलेक्सा, सिरी आदि) को ऑफ/डिसेबल (turned off) कर देना चाहिए। अहम मुद्दों पर चर्चा के दौरान स्मार्टफोन मीटिंग रूम के बाहर जमा किए जाएं।
अपने आदेश में मंत्रालय का कहना है, ‘यह देखा गया है कि बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी महत्वपूर्ण/गोपनीय सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वॉट्सऐप, टेलीग्राम आदि जैसे निजी मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर रहे हैं। इस तरह का कृत्य विभागीय सुरक्षा निर्देशों (MoDSI) और राष्ट्रीय सूचना सुरक्षा नीति दिशानिर्देशों (NISPG) के मैनुअल में दिए गए सूचना सुरक्षा निर्देश का स्पष्ट उल्लंघन है।’
मंत्रालय ने अपने आदेश में गोपनीय सूचनाओं को लीक होने से रोकने और ऐसे प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग को रोकने के लिए इस तरह के महत्वपूर्ण दस्तावेजों को इंटरनेट पर साझा नहीं करने के लिए कहा है। मंत्रालय के अनुसार, ‘इस तरह की इंफॉर्मेशन केवल लीज लाइन कनेक्टिविटी वाले नेटवर्क में शेयर की जाएगी जहां एसएजी ग्रेड एन्क्रिप्शन तंत्र (SAG grade encryption mechanism) काम कर रहा है।’
इसके अलावा मंत्रालय ने गोपनीय और प्रतिबंधित जानकारी के संचार के लिए सरकारी ईमेल (एनआईसी ईमेल) सुविधा या सरकारी इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म (जैसे सीडीएसी के संवाद, एनआईसी के संदेश आदि) का इस्तेमाल करने की सिफारिश की है।
मंत्रालय ने आदेश दिया है कि सूचना के वर्गीकरण के दौरान और इंटरनेट पर उसे जारी करने से पहले अत्यधिक सावधानी बरती जानी चाहिए। इसके साथ ही ‘वर्क फ्रॉम होम’ के माहौल में घर के नेटवर्क के जरिये टॉप सीक्रेट/सीक्रेट इंफॉर्मेशन को भेजने से भी मना किया गया है।
टैग्स सूचना प्रसारण मंत्रालय बैन प्रतिबंध एमआईबी एलेक्सा सीरी गूगल होम्स