होम / डिजिटल / ‘Koo’ के फाउंडर्स ने जारी किया स्टेटमेंट, कहा-हमारे बारे में अटकलें लगाना बंद करे मीडिया
‘Koo’ के फाउंडर्स ने जारी किया स्टेटमेंट, कहा-हमारे बारे में अटकलें लगाना बंद करे मीडिया
‘Koo’ के फाउंडर्स का कहना है, हम इसे दुनिया भर में ले जाने और भारतीय तकनीक के साथ इसे सर्वश्रेष्ठ बनाने के अपने सपने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
इस तरह की रिपोर्ट्स सामने आने के बाद कि इंडियन माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ‘कू’ (Koo) मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन क्षमताओं वाली पार्टी के साथ सक्रिय रूप से साझेदारी की तलाश कर रहा है, इसके फाउंडर्स ने एक स्टेटमेंट जारी कर मीडिया से इस तरह की अटकलों पर विराम लगाने को कहा है।
‘कू’ के फाउंडर्स की ओर से जारी स्टेटमेंट में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि दुनिया भर में स्टार्टअप ईकोसिस्टम के लिए वर्ष 2023 सबसे कठिन वर्षों में से एक रहा है। फंडिंग रुक गई है और ब्रेकईवन (जब न लाभ हो और न हानि) अथवा शुरुआती चरण के कुछ स्टार्टअप ही फंड जुटाने में भाग्यशाली हैं, वह भी कम वैल्यूएशन पर।
स्टेटमेंट के अनुसार, ‘हमारी योजना रेवेन्यू जुटाने से पहले इसे तेजी से और आगे बढ़ाने की थी, लेकिन कू भी दुर्भाग्यवश इस खराब मार्केट के दौर में फंस गया था और उसे रेवेन्यू बढ़ाने की दिशा में ले जाना पड़ा। हमें सिर्फ छह महीने और मिले रहते, तो हम भारत में ट्विटर को पीछे छोड़ देते।'
कू के फाउंडर्स का मानना है कि तेजी से बढ़ने से लेकर ग्रोथ में कटौती करने और इसे आर्थिक रूप से मजबूत साबित करने तक इस प्रयोग में छह महीने के भीतर ‘कू’ ने घुमावदार मोड़ लेते हुए साबित किया कि यह एक रियल बिजनेस है।
इस स्टेटमेंट में यह भी कहा गया है, ‘भले ही मार्केट की स्थिति प्रतिकूल है, हम फाउंडर्स के रूप में ‘कू’ को दुनिया भर में ले जाने और भारतीय तकनीक के साथ इसे सर्वश्रेष्ठ बनाने के अपने सपने को लेकर प्रतिबद्ध हैं। हमारा मानना है कि भारत को वैश्विक मंच पर एक सीट की जरूरत है, जो वर्तमान में केवल वैश्विक तकनीकी दिग्गजों के लिए आरक्षित है।’
इसके साथ ही ‘कू’ के फाउंडर्स का इस स्टेटमेंट में यह भी कहना है, ‘कू के लिए अगला चरण इसे और ऊंचाई पर ले जाना है और यह फंडिंग अथवा किसी ऐसे व्यक्ति के साथ स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के माध्यम से होगा, जो पहले से ही ऊंचाई पर है। धीमे निवेशक बाजार की वर्तमान वास्तविकता के साथ आगे बढ़ने का सबसे अच्छा तरीका किसी ऐसे व्यक्ति के साथ साझेदारी करना है जिसके पास ‘कू’ को बड़े पैमाने पर उपयोगकर्ता प्रोत्साहन देने और इसे बढ़ने में मदद करने के लिए डिस्ट्रीब्यूशन की शक्ति है।'
स्टेटमेंट में कहा गया है कि ‘कू अपने प्रतिस्पर्धियों को मात दे सकता है। हम मीडिया में अपने शुभचिंतकों और दोस्तों से आग्रह करते हैं कि वे अटकलें लगाना बंद करें और तब तक धैर्य रखें, जब तक हमारे पास घोषणा करने के लिए कुछ ठोस न हो। फिलहाल हम सिर्फ इतना ही बता सकते हैं कि इन सभी बदलावों के साथ ‘कू’ एक संगठन के रूप में बहुत मजबूत होगा और हम सभी को गौरवान्वित करेगा।’
टैग्स कू अप्रमेय राधाकृष्ण मयंक बिदावतका