होम / डिजिटल / इंडिया टीवी ने पूजा सेठी को सौंपी डिजिटल की कमान
इंडिया टीवी ने पूजा सेठी को सौंपी डिजिटल की कमान
'जी मीडिया’ (Zee Media) से हाल ही में विदाई लेने वाली वरिष्ठ पत्रकार पूजा सेठी ने अपनी नई मंजिल तलाश ली है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
'जी मीडिया’ (Zee Media) से हाल ही में विदाई लेने वालीं वरिष्ठ पत्रकार पूजा सेठी ने अपनी नई मंजिल तलाश ली है। बता दें कि उन्होंने 'इंडिया टीवी’ जॉइन किया है, जहां उन्हें डिजिटल का ग्रुप एडिटर बनाया गया है। वह यहां डिजिटल से जुड़े सभी कार्यों का नेतृत्व करेंगी। इस खबर की पुष्टि उन्होंने समाचार4मीडिया से की है।
बता दें कि पूजा सेठी इससे पहले 'जी मीडिया’ में ग्रुप एडिटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत थीं। वह यहां करीब ढाई साल से अपनी जिम्मेदारी संभाल रही थीं। इसके पहले वह स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख वेबसाइट myupchar.com में बतौर वाइस प्रेजिडेंट (कंटेंट स्ट्रैटेजी और पार्टनरशिप्स) अपनी जिम्मेदारी निभा रही थीं। वह यहां करीब सवा साल से जुड़ी हुई थीं।
पूजा सेठी पूर्व में देश के प्रमुख मीडिया समूह 'जागरण प्रकाशन लिमिटेड' की डिजिटल विंग ‘जागरण न्यू मीडिया’ (Jagran New Media) में जीएम और डिजिटल हेड (जागरण ऑनलाइन) के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुकी हैं। इसके अलावा वह ‘दैनिक जागरण’ समूह के अंग्रेजी अखबार ‘सिटी प्लस’ में भी एग्जिक्यूटिव एडिटर रह चुकी हैं। पूर्व में वह ‘Getit Infomedia’ और ‘indiatimes’ (टाइम्स ऑफ इंडिया) में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो पूजा सेठी ने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन और मिरांडा हाउस से पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। अपने करियर के शुरुआती दिनों में वह ‘ऑल इंडिया रेडियो’ और ‘दूरदर्शन’ में फ्रीलॉन्स एंकर के रूप में भी काम कर चुकी हैं।
समाचार4मीडिया की ओर से पूजा सेठी को उनकी नई पारी के लिए शुभकामनाएं।
टैग्स इंडिया टीवी इस्तीफा पूजा सेठी रिजाइन