होम / डिजिटल / सरकारी योजनाओं की जानकारी फैलाने के लिए 4 मार्केटिंग एजेंसियां हैं तैनात: अनुराग ठाकुर
सरकारी योजनाओं की जानकारी फैलाने के लिए 4 मार्केटिंग एजेंसियां हैं तैनात: अनुराग ठाकुर
सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार ने अपनी विभिन्न योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए चार प्रभावशाली मार्केटिंग एजेंसियों को तैनात किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
सूचना-प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार ने अपनी विभिन्न योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए चार प्रभावशाली मार्केटिंग एजेंसियों को तैनात किया है।
ठाकुर ने यह भी बताया कि यह इलेक्ट्रॉनिक्स-सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MEITY) के माध्यम से किया गया है और एजेंसियों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया के लिए अब तक कोई पैसा खर्च नहीं किया गया है।
सूचना-प्रसारण मंत्री ने लोक सभा में कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी द्वारा पूछे सवाल के जवाब में यह बात कही। मनीष तिवारी ने पूछा था कि क्या सरकार ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मार्केटिंग एजेंसियों को पैनल में शामिल किया है?
इसी सवाल का जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि चार एजेंसियों को नागरिक सहभागिता मंच MyGov का उपयोग करके पैनल में शामिल किया गया था।
मनीष तिवारी ने जानकारी मांगी थी कि क्या सरकार ने MyGov के साथ पैनल में शामिल करने हेतु इन्लुएंसर मार्केटिंग एजिसयों के चयन हेतु अनुरोध (आरएफई) नामक दिनांक 07 मार्च 2023 के निविदा के तहत उक्त पैनल के अंतर्गत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ सहयोग किया है अथवा करने का इरादा है? साथ ही वह एजेंसियों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया की लागत भी जानना चाहते थे।
ठाकुर ने बताया कि सूचना-प्रसारण मंत्रालय के तहत केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) सरकारी कार्यक्रमों और योजनाओं पर प्रचार या जागरूकता पैदा करने से संबंधित अभियान संचालित करता है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए, सीबीसी ने मीडिया/एजेंसियों को सूचीबद्ध करने और डिजिटल मीडिया/सोशल मीडिया सहित मीडिया प्लेटफार्मों पर विज्ञापन व अन्य प्रचार जारी करने के लिए पारदर्शी नीति दिशानिर्देश लागू किए हैं।
टैग्स सूचना-प्रसारण मंत्रालय सीबीसी केंद्रीय संचार ब्यूरो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर