होम / डिजिटल / क्या आप जानते हैं सूचना-प्रसारण मंत्रालय के नए FACT मॉड्यूल के बारे में?
क्या आप जानते हैं सूचना-प्रसारण मंत्रालय के नए FACT मॉड्यूल के बारे में?
अभी इसका फोकस ऑनलाइन और डिजिटल कंटेंट पर होगा, बाद में इसका विस्तार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तक किया जाएगा
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ‘फेक न्यूज’ (Fake News) के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार ने काफी चिंता जताई है। भारत सरकार ने अब निर्णय लिया है कि फेक न्यूज से निपटने के लिए सूचना-प्रसारण मंत्रालय (MIB) के तहत अब फैक्ट चेकिंग मॉड्यूल का गठन किया जाएगा। इस मॉड्यूल का काम ऐसे मामलों की पहचान कर आवश्यक कदम उठाना होगा।
दरअसल, पिछले दिनों बांग्लादेशी मीडिया के एक हिस्से में इस तरह की खबर चली थी कि अयोध्या में आए फैसले के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई को बधाई दी थी। भारत ने इस तरह की खबरों पर आपत्ति जताते हुए इसे फर्जी और दुर्भावनापूर्ण बताया है। सूत्रों के अनुसार, इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यायल और सूचना प्रसारण मंत्रालनय ने निर्णय लिया कि इस तरह की फर्जी खबरों से निपटने के लिए कोई मैकेनिज्म तत्काल बनाए जाने की जरूरत है।
बताया जाता है कि सरकार द्वारा गठित किए जा रहे फैक्ट चेक मॉड्यूल को शुरुआत में भारतीय सूचना सेवा के अधिकारियों द्वारा संचालित किए जाएगा। इस मॉड्यूल में चार मुख्य सिद्धांतो खोज (find), आकलन (assess), क्रिएट (create) और टारगेट (target) यानी (FACT) पर काम किया जाएगा। यह मॉड्यूल चौबीसों घंटे काम करेगा और ऑनलाइन न्यूज सोर्स के साथ ही सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सभी सोशल मीडिया पोस्ट की निगरानी करेगा।
पारंपरिक मीडिया संस्थानों पर लागू होने वाले कायदे-कानून ऑनलाइन मीडिया पर लागू नहीं हैं। ऐसे में ऑनलाइन माध्यमों में भ्रामक सूचनाएं ज्यादा फैलने की आशंका रहती है। इसके लिए टीम उन स्टोरीज की भी पहचान कर आवश्यक कदम उठाएगी, जिनमें सरकार अथवा उसकी एजेसिंयों से संबंधित फर्जी सूचनाओं को बढ़ावा दिया गया हो। बताया जाता है कि यह टीम जल्द ही अपना काम शुरू कर देगी। अभी इस फैक्ट चेक मैकेनिज्म का फोकस ऑनलाइन और डिजिटल कंटेंट पर होगा, बाद में इसका विस्तार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में भी किया जाएगा।
टैग्स फेक न्यूज सूचना प्रसारण मंत्रालय फैक्ट चेकिंग मॉड्यूल