होम / डिजिटल / लॉकडाउन में रोजाना कितना हुआ इंटरनेट का इस्तेमाल, जानें यहां
लॉकडाउन में रोजाना कितना हुआ इंटरनेट का इस्तेमाल, जानें यहां
कोरोनावायरस (कोविड-19) के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में 24 मार्च से किए गए लॉकडाउन के कारण ऑनलाइन से लेकर ऑफलाइन गतिविधियों तक में काफी बदलाव देखने को मिला है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
कोरोनावायरस (कोविड-19) के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में 24 मार्च से किए गए लॉकडाउन के कारण ऑनलाइन से लेकर ऑफलाइन गतिविधियों तक में काफी बदलाव देखने को मिला है। इस बारे में जारी कॉमस्कोर (Comscore) रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2020 के मुकाबले अप्रैल 2020 में इंटरनेट की खपत में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
एजेंसी की ओर से जारी एक ब्लॉग में कहा गया है, ‘इंटरनेट पर हर महीने प्रति व्यक्ति द्वारा बिताए जाने वाले समय (Time spent per visitor per month) को देखें तो मार्च 2020 में उससे पिछले महीने की तुलना में 18 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। अप्रैल में इसने प्रतिविजिटर 3400 मिनट प्रतिमाह के आंकड़े को पार कर लिया। देश में जब से डिजिटल ऑडियंस की मापने की शुरुआत हुई है, तब से यह अब तक का उच्चतम दर्ज किया गया था।’
इसके साथ ही एजेंसी की ओर से यह भी कहा गया है,‘अप्रैल 2020 के अंत तक कंज्यूमर्स ने प्रति विजिटर 3600 मिनट प्रतिमाह का औसत समय अथवा प्रति विजिटर रोजाना दो घंटे से ज्यादा समय इंटरनेट पर बिताया।’ इस रिपोर्ट के अनुसार, ऑनलाइन में अधिकांश समय डिजिटल कैटेगरी जैसे एंटरटेनमेंट, सोशल नेटवर्क्स, सर्विसेज (इसमें ईमेल सर्विस भी शामिल है), इंस्टैंट मैसेंजर, गेम्स, न्यूज और रिटेल में बिताया गया।
एंटरटेनमेंट कैटेगरी में प्रतिदिन औसतन 28 मिनट प्रति विजिटर दर्ज किए गए। सोशल नेटवर्किंग कैटेगरी में यह समय 25 मिनट रहा। सर्विस कैटेगरी में प्रति विजिटर रोजाना औसतन 23 मिनट और इंस्टैंट मैसेंजर पर 19 मिनट दर्ज किए गए। वहीं, गेम्स, न्यूज और रिटेल में प्रतिविजिटर रोजाना क्रमश: औसतन 12, सात और चार मिनट दर्ज किए गए। इसके अलावा गेम्स, सोशल नेटवर्किंग और न्यूज व इंफॉर्मेशन साइट्स जैसी डिजिटल कैटेगरी के यूजर्स में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखी गई। गेम्स कैटेगरी के यूजर्स में 62 प्रतिशत, सोशल नेटवर्किंग में 35 प्रतिशत और न्यूज व इंफॉर्मेशन कैटेगरी में यह ग्रोथ 33 प्रतिशत देखी गई।
टैग्स लॉकडाउन कॉमस्कोर ऑनलाइन