डब्ल्यूपीपी मीडिया में अक्षय चौधरी का प्रमोशन : मिली नई जिम्मेदारी

अक्षय चौधरी को डब्ल्यूपीपी मीडिया में प्रमोट कर एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक बनाया गया है। इससे पहले वह कंपनी में एसोसिएट डायरेक्टर थे और मई 2025 से कंपनी के साथ जुड़े हैं।

Last Modified:
Wednesday, 11 November, 2026
wpp media


अक्षय चौधरी को डब्ल्यूपीपी मीडिया (WPP Media) में प्रमोट कर एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक (Associate Vice President – Programmatic) की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।

चौधरी ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मुझे यह साझा करते हुए खुशी हो रही है कि मैंने डब्ल्यूपीपी मीडिया में एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट – प्रोग्रामेटिक के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। इस सफर में लगातार मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सहयोग देने के लिए मैं अपने सभी मेंटर्स और सहकर्मियों का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। आगे आने वाली नई चुनौतियों और अवसरों को लेकर उत्साहित हूं।”

इससे पहले अक्षय चौधरी डब्ल्यूपीपी मीडिया में एसोसिएट डायरेक्टर – प्रोग्रामेटिक (Associate Director – Programmatic) के पद पर कार्यरत थे। वह मई 2025 से कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं। डब्ल्यूपीपी मीडिया में शामिल होने से पहले चौधरी एफिनिटीएक्स (AffinityX) के साथ काम कर चुके हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

भारतपे ने मोहित मित्तल को सौंपी इन्वेस्टमेंट कारोबार की जिम्मेदारी

भारतपे ने मोहित मित्तल को हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स नियुक्त किया है। उन्हें फाइनेंशियल सर्विसेज और वेल्थ मैनेजमेंट में 21 साल से अधिक अनुभव है। उनका करियर निवेश क्षेत्र से जुड़ा रहा है।

Last Modified:
Tuesday, 10 November, 2026
bharatpay

भारतपे (BharatPe) ने मोहित मित्तल को हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स नियुक्त किया है। गुरुग्राम में रहकर वह कंपनी के इन्वेस्टमेंट कारोबार के विकास और विस्तार का नेतृत्व करेंगे। उनकी जिम्मेदारी में नए प्रोडक्ट्स, डिजिटल डिस्ट्रीब्यूशन, रणनीतिक साझेदारियां और ग्राहकों को जोड़ने जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।

मित्तल को फाइनेंशियल सर्विसेज, इन्वेस्टमेंट प्रोडक्ट्स और वेल्थ मैनेजमेंट के क्षेत्र में 21 साल से अधिक का अनुभव है। भारतपे से जुड़ने से पहले वह सिफ्ट कैपिटल (Sift Capital) में डायरेक्टर – ग्रोथ एंड डिस्ट्रीब्यूशन के पद पर कार्यरत थे।

इससे पहले उन्होंने बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) में इन्वेस्टमेंट मार्केटप्लेस के बिजनेस हेड के रूप में काम किया। यहां उन्होंने कंपनी के डिजिटल इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म को विकसित करने और उसका विस्तार करने का नेतृत्व किया। साथ ही 50 से अधिक वित्तीय संस्थानों के साथ साझेदारियां स्थापित कीं।

मित्तल ने इससे पहले बजाज कैपिटल (Bajaj Capital) में 13 साल से अधिक समय तक काम किया। यहां वह वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ इन्वेस्टमेंट्स के पद पर रहे। उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड इनकम प्रोडक्ट्स में करीब 40,000 करोड़ रुपये का एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) पोर्टफोलियो तैयार किया।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

The Hindu का Indian Express पर एक्सक्लूसिव इंटरव्यू कॉपी करने का आरोप

अंग्रेजी अखबार The Hindu ने The Indian Express पर अभिनेता रिशिकांत के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू को दोबारा लिखकर छापने और उनकी तस्वीर बिना अनुमति व क्रेडिट के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

Last Modified:
Thursday, 05 November, 2026
TheHindu5410

मीडिया संस्थानों के बीच एक बार फिर कंटेंट और कॉपीराइट को लेकर विवाद सामने आया है। अंग्रेजी अखबार The Hindu ने The Indian Express पर अभिनेता रिशिकांत (Rishikanth) के एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू के बड़े हिस्से को दोबारा लिखकर प्रकाशित करने और साथ में खींची गई तस्वीर को बिना अनुमति और क्रेडिट के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

The Hindu ने 5 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। अखबार के मुताबिक, अभिनेता रिशिकांत का यह एक्सक्लूसिव इंटरव्यू उसके पत्रकार श्रीनिवास रामानुजम (Srinivasa Ramanujam) ने चेन्नई स्थित अखबार के कार्यालय में लिया था। इस इंटरव्यू पर आधारित खबर 3 नवंबर 2026 को The Hindu में प्रकाशित हुई थी।

अखबार का आरोप है कि The Indian Express ने इस इंटरव्यू के बड़े हिस्से को दोबारा लिखा और अपनी खबर में शामिल किया। इसके साथ ही, इंटरव्यू के दौरान हुए फोटोशूट में The Hindu के फोटोग्राफर थामोदरन बी. (Thamodharan B.) द्वारा खींची गई तस्वीर का भी बिना अनुमति या क्रेडिट के इस्तेमाल किया गया।

अपने पोस्ट में The Hindu ने कहा कि किसी एक्सक्लूसिव इंटरव्यू का हवाला देना पत्रकारिता की सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन लगभग पूरी खबर को दोबारा प्रकाशित करना, भले ही उसके कुछ हिस्सों की भाषा बदल दी गई हो, सही नहीं है।

अखबार ने इसे मूल रिपोर्टिंग और फोटोग्राफी के प्रति अनादर बताते हुए कहा कि पत्रकारिता में जिसका योगदान हो, उसे उसका श्रेय देना एक बुनियादी सिद्धांत है।

क्या है पूरा मामला?

The Hindu ने 3 नवंबर को अभिनेता रिशिकांत पर एक इंटरव्यू प्रकाशित किया था। इसमें अभिनेता के 15 साल के संघर्ष, तमिल फिल्मों 'Dorothy' और 'Modha Rathri' की सफलता और चेन्नई में उनके शुरुआती दिनों के बारे में बात की गई थी।

इसके बाद The Indian Express की वेबसाइट के एंटरटेनमेंट सेक्शन में 4 नवंबर को रिशिकांत पर एक खबर प्रकाशित हुई। इस खबर के शीर्षक में उनके 15 साल के संघर्ष और सफलता का जिक्र था। अब इसी खबर को लेकर The Hindu ने कंटेंट और तस्वीर के इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं। 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

हिताची डिजिटल में अभिजीत गायकवाड़ को मिली नई जिम्मेदारी

अभिजीत गायकवाड़ ने हिताची डिजिटल में ग्लोबल क्रिएटिव हेड की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह हिताची डिजिटल सर्विसेज में ग्लोबल लीड-क्रिएटिव एंड डिजाइन के पद पर कार्यरत थे।

Last Modified:
Thursday, 05 November, 2026
hitachi

अभिजीत गायकवाड़ (Abhijeet Gaikwad) ने हिताची डिजिटल (Hitachi Digital) में ग्लोबल क्रिएटिव हेड (Global Creative Head) के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नियुक्ति की जानकारी साझा करते हुए इस भूमिका को लेकर उत्साह जताया।

नई भूमिका में वह वैश्विक स्तर पर कंपनी की क्रिएटिव लीडरशिप से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे। इससे पहले गायकवाड़ हिताची डिजिटल सर्विसेज (Hitachi Digital Services) में ग्लोबल लीड-क्रिएटिव एंड डिजाइन (Global Lead – Creative & Design) के पद पर कार्यरत थे। इस दौरान उन्होंने संगठन के क्रिएटिव और डिजाइन से जुड़े कामों का नेतृत्व किया।

गायकवाड़ को डिजाइन क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है। वह ब्रांड के विजन को कारोबारी परिणामों में बदलने के लिए काम करते रहे हैं। उन्हें क्रॉस-फंक्शनल टीमों का नेतृत्व करने के साथ ब्रांड स्ट्रैटेजी, यूएक्स/यूआई (UX/UI) और क्रिएटिव डायरेक्शन का अनुभव है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

BookMyShow Live में गौतम चटवाल को मिली स्पॉन्सरशिप की कमान

लाइव एंटरटेनमेंट के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही BookMyShow ने गौतम चटवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

Last Modified:
Thursday, 05 November, 2026
Gautam-Chatwal874

लाइव एंटरटेनमेंट के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही BookMyShow ने गौतम चटवाल को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कंपनी के लाइव एंटरटेनमेंट डिवीजन BookMyShow Live में हेड ऑफ स्पॉन्सरशिप्स के तौर पर जॉइन किया है। वह इस डिवीजन के तहत होने वाले सभी लाइव इवेंट्स के लिए स्पॉन्सरशिप से जुड़े कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।

चटवाल इससे पहले हॉकी इंडिया लीग की फ्रेंचाइजी SG Pipers में वाइस प्रेसिडेंट और हेड ऑफ सेल्स एंड मार्केटिंग के पद पर काम कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने करीब नौ साल तक Star Sports में अपनी सेवाएं दीं। वहां वह एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (सेल्स) के साथ वाइस प्रेसिडेंट और असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट (प्रोडक्ट एंड रेवेन्यू स्ट्रैटेजी) जैसे पदों पर रहे।

IPL और ISL जैसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स का अनुभव

Star Sports में अपने कार्यकाल के दौरान चटवाल ने IPL, इंडियन सुपर लीग (ISL) और प्रो कबड्डी लीग जैसे बड़े स्पोर्ट्स इवेंट्स के लिए ब्रैंड पार्टनरशिप पर काम किया।

उन्होंने ISL के दौरान DHL के एक खास ब्रैंड कैंपेन पर भी काम किया था, जिसमें ड्रोन के जरिए मैच की गेंद मैदान तक पहुंचाई गई थी। इसके अलावा वह 'Star Deals' पहल से भी जुड़े रहे। इसके तहत लाइव IPL प्रसारण के दौरान दर्शकों को उनके मोबाइल फोन पर अलग-अलग ब्रैंड्स के ऑफर्स दिए जाते थे। चटवाल ने MICA के 2002 बैच से पढ़ाई की है।

दिलजीत और कोल्डप्ले जैसे बड़े इवेंट्स से जुड़ी है BookMyShow Live

BookMyShow Live फिलहाल देश में कई बड़े लाइव म्यूजिक और एंटरटेनमेंट इवेंट्स से जुड़ा है। कंपनी Live Nation के साथ मिलकर दिलजीत दोसांझ के 'RuPay AURA India Tour 2026' का सह-निर्माण और प्रमोशन कर रही है। इस टूर की शुरुआत नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में हुए हाउसफुल शो के साथ हुई।

इसके अलावा BookMyShow Live, 'Lollapalooza India' का भी सह-निर्माण करता है। कंपनी ने Live Nation के साथ मिलकर भारत में Coldplay के 'Music of the Spheres' टूर के आयोजन और प्रमोशन की जिम्मेदारी भी संभाली थी।

गौतम चटवाल की नियुक्ति को कंपनी के लाइव एंटरटेनमेंट कारोबार में स्पॉन्सरशिप और ब्रैंड पार्टनरशिप को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

YAAP Digital के शेयरों में क्यों आई हलचल? कंपनी ने दी सफाई

डिजिटल मार्केटिंग कंपनी YAAP Digital Limited ने अपने शेयरों की कीमत में हाल में आई बड़ी हलचल को लेकर सफाई दी है।

Last Modified:
Thursday, 05 November, 2026
yaap4

डिजिटल मार्केटिंग कंपनी YAAP Digital Limited ने अपने शेयरों की कीमत में हाल में आई बड़ी हलचल को लेकर सफाई दी है। कंपनी ने कहा है कि शेयरों की कीमत में हो रहे उतार-चढ़ाव के पीछे कोई ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी या कॉरपोरेट घोषणा नहीं है, जिसका खुलासा अभी तक नहीं किया गया हो। कंपनी के मुताबिक, शेयरों में यह हलचल पूरी तरह बाजार की स्थितियों की वजह से है।

दरअसल, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने 3 नवंबर 2026 को कंपनी को एक पत्र भेजकर उसके शेयरों की कीमत में हाल के दिनों में हुई बड़ी हलचल पर स्पष्टीकरण मांगा था। इसके जवाब में कंपनी ने 4 नवंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को अपनी सफाई दी।

कंपनी ने नहीं छिपाई कोई अहम जानकारी

NSE को दिए जवाब में YAAP Digital ने कहा कि वह सेबी के लिस्टिंग नियमों (SEBI Listing Obligations and Disclosure Requirements Regulations, 2015) के तहत सभी जरूरी जानकारियों और महत्वपूर्ण घटनाओं का खुलासा समय पर करती रही है। कंपनी ने इसके लिए रेगुलेशन 30 और अन्य लागू प्रावधानों का पालन करने की बात कही।

कंपनी ने साफ किया कि फिलहाल उसके पास ऐसी कोई महत्वपूर्ण घटना, जानकारी या प्रस्तावित कॉरपोरेट घोषणा लंबित नहीं है, जिसका असर उसके शेयरों की कीमत या कारोबार की मात्रा पर पड़ सकता हो।

शेयरों में उतार-चढ़ाव से मैनेजमेंट का संबंध नहीं

कंपनी ने अपने जवाब में कहा कि हाल में शेयरों की कीमत में जो बदलाव देखने को मिला है, वह पूरी तरह बाजार की गतिविधियों और मौजूदा परिस्थितियों का नतीजा है। मैनेजमेंट का इस कीमत में उतार-चढ़ाव से कोई संबंध नहीं है और न ही वह इसके लिए जिम्मेदार है।

कंपनी ने यह भी दोहराया कि वह आगे भी स्टॉक एक्सचेंजों को सभी महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह स्पष्टीकरण कंपनी की ओर से कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर शिवानी शिवशंकर तिवारी ने NSE को भेजा है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दर्शन कांतक बने नेटफ्लिक्स के एड प्लेटफॉर्म के वाइस प्रेसिडेंट

नेटफ्लिक्स ने दर्शन कांतक को अपने एड प्लेटफॉर्म का वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया है। वह विज्ञापन प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग, डेटा और इनसाइट्स से जुड़े कामकाज का नेतृत्व करेंगे।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
netflix

नेटफ्लिक्स (Netflix) ने गूगल क्लाउड (Google Cloud) के वरिष्ठ अधिकारी दर्शन कांतक (Darshan Kantak) को अपने एड प्लेटफॉर्म का वाइस प्रेसिडेंट (Vice President) नियुक्त किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कंपनी के विज्ञापन प्रोडक्ट, इंजीनियरिंग और डेटा एवं इनसाइट्स से जुड़े कामकाज का नेतृत्व करेंगे।

नई भूमिका में कांतक नेटफ्लिक्स की ग्लोबल एडवरटाइजिंग स्ट्रैटेजी तैयार करने के साथ विज्ञापन पार्टनर्स को दी जाने वाली तकनीक, रिपोर्टिंग और ऑपरेशनल क्षमताओं को मजबूत करेंगे। इसमें नेटफ्लिक्स के एड्स सूट (Ads Suite) के जरिए मिलने वाली सेवाओं का विस्तार भी शामिल होगा।

नेटफ्लिक्स से पहले कांतक गूगल क्लाउड में अप्लाइड एआई के वाइस प्रेसिडेंट थे। वहां उन्होंने रिटेल, टेलीकॉम, हेल्थकेयर, फाइनेंशियल सर्विसेज, पब्लिक सर्विसेज, टेक्नोलॉजी और मीडिया एवं एंटरटेनमेंट जैसे क्षेत्रों के लिए एंटरप्राइज एआई एप्लिकेशन विकसित करने वाली टीमों का नेतृत्व किया।

कांतक इससे पहले स्नैप इंक. (Snap Inc.), मेटा (Meta), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और याहू (Yahoo) में भी वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं। उनके अनुभव में एडवरटाइजिंग टेक्नोलॉजी, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

अपनी नई भूमिका को लेकर कांतक ने कहा कि उनके करियर का बड़ा हिस्सा ब्रांड और परफॉर्मेंस एडवरटाइजिंग प्लेटफॉर्म विकसित करने में बीता है। हाल के वर्षों में उन्होंने बड़े स्तर पर एंटरप्राइज एआई सॉल्यूशंस तैयार करने और उनका विस्तार करने पर काम किया है।

उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स के साथ उन्हें ऐसी तकनीक विकसित करने का अवसर मिलेगा, जिससे दर्शकों के लिए विज्ञापन अधिक प्रासंगिक बन सकें। साथ ही विज्ञापनदाताओं के लिए इनोवेशन और प्रभावशीलता बढ़ाने वाले टूल्स तैयार किए जा सकेंगे।

कांतक नेटफ्लिक्स की प्रेसिडेंट ऑफ एडवरटाइजिंग एमी रेनहार्ड (Amy Reinhard) को रिपोर्ट करेंगे। उनकी नियुक्ति का स्वागत करते हुए रेनहार्ड ने कहा कि कांतक के पास विज्ञापन उद्योग का व्यापक अनुभव है। उन्होंने तेजी से बढ़ती कंपनियों में विज्ञापन कारोबार तैयार करने और उसे बड़े स्तर तक पहुंचाने में नेतृत्व किया है।

रेनहार्ड के मुताबिक, कांतक की तकनीक, एआई टूल्स और ऑपरेशंस से जुड़ी विशेषज्ञता नेटफ्लिक्स के विज्ञापन कारोबार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

मोबएवेन्यू के मुनाफे में 55 फीसदी की बढ़ोतरी

मोबएवेन्यू ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 76.7 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया। कंपनी का मुनाफा 54.8 फीसदी बढ़ा और अंतरराष्ट्रीय बाजारों का योगदान भी बढ़ा।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
mobavenue

एडवरटाइजिंग टेक्नोलॉजी कंपनी मोबएवेन्यू (Mobavenue) ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में 76.7 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दर्ज किया है। पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले इसमें 41.3 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने परफॉर्मेंस आधारित विज्ञापन कारोबार और अंतरराष्ट्रीय परिचालन का विस्तार जारी रखा है।

दूसरी तिमाही में कंपनी का ईबीआईटीडीए (EBITDA) 47.3 फीसदी बढ़कर 16.2 करोड़ रुपये रहा। ईबीआईटीडीए मार्जिन 80 बेसिस पॉइंट सुधरकर 21.1 फीसदी पर पहुंच गया। वहीं, टैक्स के बाद मुनाफा (PAT) 54.8 फीसदी बढ़कर 11.3 करोड़ रुपये रहा। पीएटी मार्जिन में 130 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ और यह 14.7 फीसदी हो गया।

वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी का रेवेन्यू 48.6 फीसदी बढ़कर 149.6 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान ईबीआईटीडीए 59.6 फीसदी बढ़कर 31.6 करोड़ रुपये और टैक्स के बाद मुनाफा 72.2 फीसदी बढ़कर 22.9 करोड़ रुपये पहुंच गया। पहली छमाही में पीएटी मार्जिन 15.3 फीसदी रहा।

कंपनी के मुताबिक, दूसरी तिमाही में प्रति आउटकम रेवेन्यू में सालाना आधार पर करीब 10.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। इससे उसके परफॉर्मेंस आधारित विज्ञापन मॉडल की कमाई क्षमता में सुधार हुआ है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी कंपनी को अधिक योगदान मिला है। दूसरी तिमाही में कुल रेवेन्यू में विदेशी बाजारों की हिस्सेदारी 23.8 फीसदी रही, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 12.3 फीसदी थी। पहली छमाही में अंतरराष्ट्रीय बाजारों का योगदान 22.3 फीसदी रहा।

मोबएवेन्यू फिलहाल 13 देशों में क्लाइंट्स को सेवाएं दे रही है। दक्षिण-पूर्व एशिया में सिंगापुर उसका प्रमुख केंद्र है। कंपनी अमेरिका समेत दूसरे बाजारों में अपनी टीम का विस्तार कर रही है। साथ ही भारत में अपने टेक्नोलॉजी ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर को भी मजबूत बना रही है।

प्लेटफॉर्म के स्तर पर कंपनी की पहुंच दुनियाभर में करीब 2.7 अरब डिवाइस तक है। मोबएवेन्यू हर दिन लगभग 1.4 अरब सिग्नल प्रोसेस करती है। दूसरी तिमाही में उसके प्लेटफॉर्म पर 1.5 करोड़ आउटकम दर्ज किए गए। कंपनी फिलहाल करीब 170 ब्रांड्स के साथ काम कर रही है।

मोबएवेन्यू ने खुद को एआई-नेटिव एडवरटाइजिंग और कंज्यूमर ग्रोथ प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित किया है। कंपनी की रणनीति अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार के साथ तकनीक और आउटकम आधारित प्राइसिंग के जरिए विज्ञापन अभियानों की प्रभावशीलता बढ़ाने पर केंद्रित है। कंपनी भारत से बाहर कारोबार बढ़ाने के साथ 20 फीसदी से अधिक ईबीआईटीडीए मार्जिन बनाए रखने पर भी ध्यान दे रही है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'टाइम्स नाउ नवभारत' ने लॉन्च किया Local App, अब शहर और मोहल्ले की खबरें भी मिलेंगी एक जगह

डिजिटल न्यूज के बढ़ते दायरे के बीच 'टाइम्स नाउ नवभारत' ने हाइपरलोकल पत्रकारिता की दिशा में एक नई पहल की है। नेटवर्क ने अपना Times Now Navbharat Local App लॉन्च किया है

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
TimesNowNavbharat781

डिजिटल न्यूज के बढ़ते दायरे के बीच 'टाइम्स नाउ नवभारत' (Times Now Navbharat) ने हाइपरलोकल पत्रकारिता की दिशा में एक नई पहल की है। नेटवर्क ने अपना 'टाइम्स नाउ नवभारत' Local App लॉन्च किया है। इस ऐप के जरिए लोगों को उनके शहर, कस्बे और आसपास के इलाकों की खबरें सीधे मोबाइल पर मिल सकेंगी। यह ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

इस ऐप का मकसद सिर्फ देश और दुनिया की बड़ी खबरें लोगों तक पहुंचाना नहीं, बल्कि उनके आसपास होने वाली घटनाओं और स्थानीय मुद्दों को भी प्रमुखता देना है। इसके लिए ऐप में लोकेशन आधारित न्यूज की सुविधा दी गई है। यानी यूजर्स अपने इलाके से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरें और अपडेट आसानी से देख सकेंगे।

शहर और मोहल्ले की खबरों पर रहेगा फोकस

आज डिजिटल दौर में लोगों की दिलचस्पी सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों तक सीमित नहीं है। वे यह भी जानना चाहते हैं कि उनके शहर में क्या हो रहा है, किन सड़कों पर ट्रैफिक की समस्या है, स्थानीय प्रशासन ने क्या फैसले लिए हैं और उनके आसपास कौन-सी महत्वपूर्ण घटनाएं हुई हैं।

'टाइम्स नाउ नवभारत' ने इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए Local App पेश किया है। इसके जरिए स्थानीय घटनाओं, नागरिक सुविधाओं, ट्रैफिक, प्रशासनिक फैसलों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों की जानकारी देने पर जोर रहेगा।

ऐप में वीडियो कंटेंट भी शामिल किया गया है, जिससे यूजर्स अपने आसपास की घटनाओं को सिर्फ पढ़ ही नहीं सकेंगे, बल्कि वीडियो के जरिए उन्हें बेहतर तरीके से देख और समझ भी सकेंगे।

हाइपरलोकल पत्रकारिता को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म

'टाइम्स नाउ नवभारत' की यह पहल डिजिटल न्यूज इकोसिस्टम में हाइपरलोकल पत्रकारिता को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है। इसके जरिए स्थानीय स्तर के उन मुद्दों को भी व्यापक मंच देने की कोशिश की जाएगी, जो अक्सर राष्ट्रीय खबरों के बीच उतनी जगह नहीं बना पाते।

लोकेशन आधारित खबरों और वीडियो के माध्यम से यूजर्स को अपने आसपास की गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। साथ ही स्थानीय जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने में भी मदद मिलेगी।

Times Network का हिस्सा है 'टाइम्स नाउ नवभारत'

'टाइम्स नाउ नवभारत', Times Network का हिस्सा है, जो देश के प्रमुख मीडिया समूहों में शामिल Times Group के अंतर्गत आता है। Times Network के पास हिंदी और अंग्रेजी न्यूज चैनलों के अलावा एंटरटेनमेंट और बिजनेस न्यूज से जुड़े कई ब्रैंड हैं।

नेटवर्क के प्रमुख न्यूज ब्रैंड्स में Times Now, ET Now, Mirror Now, 'टाइम्स नाउ नवभारत' और ET Now Swadesh शामिल हैं। इसके अलावा नेटवर्क की कई डिजिटल वेबसाइट्स और अन्य कंटेंट प्लेटफॉर्म भी हैं।

Local App की लॉन्चिंग के साथ 'टाइम्स नाउ नवभारत' ने डिजिटल न्यूज में अपनी मौजूदगी को स्थानीय स्तर तक बढ़ाने की कोशिश की है। इस पहल के जरिए अब खबरों का दायरा देश और दुनिया से आगे बढ़कर लोगों के अपने शहर, मोहल्ले और आसपास के इलाकों तक पहुंचेगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

Quint Digital ने Quintype Solutions LLC को दी 50 लाख डॉलर की कॉरपोरेट गारंटी

डिजिटल मीडिया कंपनी Quint Digital Limited ने अमेरिका की कंपनी Quintype Solutions LLC के लिए 50 लाख डॉलर (USD 5 million) की कॉरपोरेट गारंटी दी है।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
QuintDigital9657

डिजिटल मीडिया कंपनी Quint Digital Limited ने अमेरिका की कंपनी Quintype Solutions LLC के लिए 50 लाख डॉलर (USD 5 million) की कॉरपोरेट गारंटी दी है। कंपनी की ओर से दी गई यह गारंटी 2 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। Quint Digital ने 3 नवंबर को स्टॉक एक्सचेंज को इसकी जानकारी दी।

कंपनी ने यह जानकारी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के लिस्टिंग नियमों के तहत BSE को दी गई सूचना में साझा की है। यह गारंटी Quintype Solutions LLC की ओर से दी गई है, जो अमेरिका के डेलावेयर में रजिस्टर्ड एक लिमिटेड लायबिलिटी कंपनी है।

दो अलग-अलग समझौतों के तहत दी गई गारंटी

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, कुल 50 लाख डॉलर की कॉरपोरेट गारंटी दो अलग-अलग मास्टर सर्विस एग्रीमेंट (MSA) के तहत दी गई है। इनमें से प्रत्येक समझौते के तहत अधिकतम 25 लाख डॉलर की गारंटी शामिल है।

Quint Digital ने यह भी बताया है कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी Global Media Technologies Inc. के जरिए Quintype Solutions LLC में उसकी 10 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

प्रमोटर समूह का कोई हित नहीं

स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इस लेनदेन में प्रमोटर, प्रमोटर ग्रुप या ग्रुप कंपनियों का कोई हित नहीं है।

कंपनी ने कहा है कि इस गारंटी से जुड़े बाकी जरूरी विवरण 17 अक्टूबर 2026 को दी गई पिछली सूचना में साझा किए जा चुके हैं। ताजा जानकारी में मुख्य रूप से यह बताया गया है कि कॉरपोरेट गारंटी 2 नवंबर से प्रभावी हो गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

वॉल्ट डिज्नी हजारों कर्मचारियों की छंटनी पर कर रही विचार

वॉल्ट डिज्नी हजारों नौकरियों में कटौती पर विचार कर रही है। कंपनी मैनेजरों से सालाना खर्च में 20 फीसदी तक बचत के विकल्प तलाशने को कह रही है।

Last Modified:
Tuesday, 03 November, 2026
Walt Disney

वॉल्ट डिज्नी (Walt Disney) व्यापक स्तर पर लागत कम करने की योजना के तहत हजारों नौकरियों में कटौती पर विचार कर रही है। वैश्विक मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने कुछ मैनेजरों से सालाना खर्च में 20 फीसदी तक बचत के विकल्प तलाशने को कहा है।

प्रस्तावित बचत का कुछ हिस्सा नौकरियों में कटौती से हासिल किया जा सकता है, जबकि बाकी रकम अन्य ऑपरेशनल खर्च कम करके बचाने की योजना है।

कंपनी की यह समीक्षा ऐसे समय में हो रही है, जब डिज्नी को कई कारोबारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence) का बढ़ता इस्तेमाल, बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन में कमजोरी, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और थीम पार्कों में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की संख्या में सुस्ती शामिल है।

सीईओ जोश डी'अमारो (Josh D’Amaro) के नेतृत्व में कंपनी बचत से मिलने वाली रकम का कुछ हिस्सा विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं पर खर्च करने की तैयारी कर रही है। इनमें फिल्म और टेलीविजन प्रोग्रामिंग, तकनीकी पहल, थीम पार्क और क्रूज कारोबार शामिल हैं।

खर्चों की यह समीक्षा इस साल कंपनी में हुई कर्मचारियों की कटौती के बाद हो रही है। सितंबर में डिज्नी ने सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से हटाया था। इसे 2026 में कंपनी की छंटनी का तीसरा दौर बताया गया था। डिज्नी ने मौजूदा वित्त वर्ष में समायोजित प्रति शेयर आय में दोहरे अंक की वृद्धि देने की प्रतिबद्धता भी जताई है।

डी'अमारो और सीएफओ ह्यू जॉनस्टन (Hugh Johnston) ने अगस्त में संकेत दिया था कि कंपनी खर्च कम करने के लिए अतिरिक्त कदमों का मूल्यांकन कर रही है। इनमें कर्मचारियों की संख्या में संभावित कटौती भी शामिल थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए