डीपफेक और मॉर्फ्ड वीडियो के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंचीं रूपाली गांगुली

रूपाली गांगुली ने अपनी पहचान और व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया है। अभिनेत्री ने निजी तस्वीरों, वीडियो और डीपफेक कंटेंट के गलत इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है।

Last Modified:
Tuesday, 03 November, 2026
rupali


रूपाली गांगुली (Rupali Ganguly) ने अपने व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट (Bombay High Court) का रुख किया है। अभिनेत्री का आरोप है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफॉर्म पर उनकी निजी तस्वीरों, वीडियो और अन्य सामग्री का बिना अनुमति गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।

इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी डीपफेक तस्वीरें और मॉर्फ्ड वीडियो वाले एडल्ट कंटेंट होस्ट करने वाले प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं। अभिनेत्री ने अपनी पहचान और अधिकारों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए यह कदम उठाया है।

लाइव लॉ (Live Law) के मुताबिक, रूपाली ने अपनी वकील सना खान (Sana Khan) के जरिए कोर्ट से अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर मौजूद उनसे जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री हटाने का निर्देश देने की अपील की है।

अपनी याचिका में अभिनेत्री ने मांग की है कि उनके नाम, तस्वीर और पहचान का बिना अनुमति कमर्शियल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल न किया जाए। उन्होंने इसके लिए कानूनी सुरक्षा भी मांगी है।

इस मामले पर 4 नवंबर को जस्टिस माधव जामदार (Justice Madhav Jamdar) की बेंच सुनवाई करेगी।

अपने व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा के लिए इससे पहले भी कई फिल्मी सितारे कोर्ट का रुख कर चुके हैं। इनमें अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan), ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai), सुनील शेट्टी (Suniel Shetty), प्रीति जिंटा (Preity Zinta) और अक्षय कुमार (Akshay Kumar) शामिल हैं।

हाल ही में तेलुगु अभिनेता चिरंजीवी (Chiranjeevi) और राम चरण (Ram Charan) ने भी इस मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के सामने चिंता जताई थी और सरकार से उचित कदम उठाने का अनुरोध किया था। सलमान खान (Salman Khan) भी ‘बिग बॉस 20’ में इस मुद्दे पर बात कर चुके हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

शेयरचैट का रेवेन्यू 40 फीसदी बढ़कर 1,016 करोड़ रुपये पहुंचा

शेयरचैट की पैरेंट कंपनी मोहल्ला टेक का FY26 रेवेन्यू 40 फीसदी बढ़कर 1,016 करोड़ रुपये रहा। माइक्रोड्रामा कारोबार क्विक टीवी ने पहले पूरे साल में 293 करोड़ रुपये कमाए।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
sharechat

शेयरचैट (ShareChat) की पैरेंट कंपनी मोहल्ला टेक (Mohalla Tech) ने वित्त वर्ष 2026 में 1,016 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू दर्ज किया है। यह पिछले साल के मुकाबले 40 फीसदी अधिक है। कंपनी को माइक्रोड्रामा कारोबार में विस्तार से रेवेन्यू बढ़ाने में मदद मिली है। इससे कई वर्षों की धीमी ग्रोथ के बाद कंपनी की कमाई में तेजी आई है।

इस बढ़ोतरी में शेयरचैट के माइक्रोड्रामा कारोबार क्विक टीवी (QuickTV) का अहम योगदान रहा। फॉर्च्यून इंडिया (Fortune India) के मुताबिक, क्विक टीवी ने अपने पहले पूरे कारोबारी साल में 293 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल किया। मोबाइल पर वीडियो देखने के बढ़ते चलन के बीच कंपनी छोटी अवधि के एपिसोडिक एंटरटेनमेंट कंटेंट का विस्तार कर रही है।

रेवेन्यू में बढ़ोतरी के बावजूद कंपनी का घाटा काफी बढ़ गया। वित्त वर्ष 2026 में मोहल्ला टेक का प्री-टैक्स लॉस 1,978 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले यह 1,105 करोड़ रुपये था। द इकोनॉमिक टाइम्स (The Economic Times) के मुताबिक, कंपनी के सीएफओ मनोहर सिंह चरण (Manohar Singh Charan) ने इसकी वजह कन्वर्टिबल डेट इंस्ट्रूमेंट्स से जुड़े अकाउंटिंग खर्च, विदेशी मुद्रा के नुकसान और एम्प्लॉयी स्टॉक ऑप्शंस को बताया।

हालांकि, कंपनी के ऑपरेशनल प्रदर्शन में सुधार हुआ है। शेयरचैट वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में ईबीआईटीडीए (EBITDA) के स्तर पर मुनाफे में आ गया। कंपनी का सालाना आधार पर अनुमानित रेवेन्यू रन-रेट भी 1,500 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

‘शून्य से शिखर तक’ नाटक में मंच पर जीवंत हुई प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा

सुपवा के 26 छात्रों ने पंचकूला में ‘शून्य से शिखर तक’ नाटक के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष और राष्ट्र सेवा की यात्रा पेश की। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रस्तुति की सराहना की।

Last Modified:
Wednesday, 04 November, 2026
haryananews

दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (DLC SUPVA) के छात्रों ने ‘शून्य से शिखर तक’ नाट्य प्रस्तुति के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के जीवन संघर्ष और राष्ट्र सेवा की कहानी मंच पर पेश की।

पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में हुए इस कार्यक्रम को देखने के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini), राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा (Rekha Sharma) और विधायक शक्ति रानी शर्मा (Shakti Rani Sharma) सहित कई हस्तियां पहुंचीं।

प्रदेश सरकार के सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सुपवा के ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष के 26 छात्र-छात्राओं ने अभिनय किया। नाटक में प्रधानमंत्री के जीवन के अलग-अलग पड़ावों, संघर्षों, चुनौतियों और सार्वजनिक सेवा से जुड़े प्रसंगों को नाटकीय रूप में प्रस्तुत किया गया।

संवाद, अभिनय, संगीत और मंच सज्जा के जरिए कहानी को प्रभावशाली बनाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में मौजूद हजारों छात्रों ने तालियां बजाकर कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।

सुपवा के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने बताया कि छात्रों ने नाटक तैयार करने के लिए नाट्य कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति का सहारा लिया। प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा को मंच पर उतारने के लिए तथ्यों, घटनाओं और भावनात्मक प्रसंगों को एक साथ पिरोया गया।

नाटक देखने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छात्रों की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन के विभिन्न पहलुओं को जिस उत्साह और जीवंतता के साथ मंच पर दिखाया गया, वह प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग किरदार निभाने वाले छात्र कलाकारों, फैकल्टी, कुलगुरु, प्रबंधन और आयोजन से जुड़े लोगों को बधाई दी। उन्होंने यह भी कहा कि इस नाटक को अधिक से अधिक लोगों को देखना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के चेयरमैन, पूर्व मंत्री, विभागाध्यक्ष और हरियाणा सरकार के अधिकारी भी मौजूद रहे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

प्रदीप भंडारी की तीसरी किताब ‘डाटानॉमिक्स’ लॉन्च : भारत के विकास पर फोकस

प्रदीप भंडारी ने अपनी तीसरी किताब ‘डाटानॉमिक्स: इंडिया’स जर्नी टू विकसित भारत 2047’ लॉन्च की है। किताब में डेटा और इन्फोग्राफिक्स के जरिए भारत के बदलाव को दिखाया गया है।

Last Modified:
Monday, 02 November, 2026
pradeep

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेशनल मीडिया को-इंचार्ज और नेशनल स्पोक्सपर्सन प्रदीप भंडारी (Pradeep Bhandari) ने अपनी तीसरी किताब ‘डाटानॉमिक्स: इंडिया’स जर्नी टू विकसित भारत 2047’ लॉन्च की है। उन्होंने एक्स (X) पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की।

प्रदीप भंडारी ने बताया कि यह कॉफी टेबल बुक डेटा और इन्फोग्राफिक्स के जरिए भारत की यात्रा को प्रस्तुत करती है। किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत में हुए बदलावों को अलग-अलग क्षेत्रों के आंकड़ों और ग्राफिक्स के माध्यम से दिखाया गया है।

किताब में अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सशक्तिकरण, पर्यावरण, युवा और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। किताब का फोकस भारत के विकसित भारत 2047 के सफर को डेटा के जरिए प्रस्तुत करने पर है।

प्रदीप भंडारी ने अपनी पोस्ट में बताया कि ‘डाटानॉमिक्स’ अमेजन (Amazon) और फ्लिपकार्ट (Flipkart) पर उपलब्ध है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दिल्ली कॉन्सर्ट में बोले दिलजीत - पंजाबियों को लड़ाई करना मत सिखाओ

दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली कॉन्सर्ट में बिना नाम लिए कॉकरोच जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने पंजाबियों को लड़ाई न सिखाने और पुराने फिल्म विवाद का जिक्र किया। सभी को प्यार जताया।

Last Modified:
Saturday, 31 October, 2026
diljit

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) का शुक्रवार को दिल्ली में कॉन्सर्ट हुआ। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया (Social Media) पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिलजीत बिना किसी का नाम लिए कॉकरोच जनता पार्टी पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं।

वायरल वीडियो में दिलजीत कहते हैं कि वह एक कलाकार हैं और सभी से प्यार करते हैं। उन्होंने कहा, “मैं आप सबको प्यार करता हूं क्योंकि मैं एक आर्टिस्ट हूं। मैं शांत हूं तो मुझे शांत रहने दो। मैं आप सबको सपोर्ट करता हूं। लेकिन पंजाबियों को लड़ाई करना मत सिखाओ।”

इसके बाद उन्होंने अपनी फिल्म ‘सतलुज’ (Satluj) को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया। दिलजीत ने कहा कि मंच पर जिस फिल्म का मजाक बनाया जा रहा है, वह जसवंत सिंह खालरा की कहानी पर बनी फिल्म है और उसके लिए उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई उनसे नफरत करता है तो इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह सभी से प्यार करते हैं।

दरअसल, दिलजीत और कॉकरोच जनता पार्टी के बीच विवाद दिल्ली में सीजेपी के नीट पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शुरू हुआ था। उस समय दिलजीत से आंदोलन को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, लेकिन उन्होंने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए खुद को एक कलाकार बताया था और इन मामलों से दूर रखने की बात कही थी।

दिलजीत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई थी। अभिजीत दीपके (Abhijeet Deepke) ने भी सिंगर के रुख पर तंज कसा था। उन्होंने दिलजीत पर निशाना साधते हुए कहा था, “आना पड़ता है ब्रो, नहीं तो आपकी फिल्में बैन हो जाएंगी।”

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

राहुल सिन्हा ने डीएनए को लेकर दर्शकों से मांगे सवाल और सुझाव

जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर राहुल सिन्हा ने डीएनए शो को लेकर दर्शकों से सवाल और सुझाव मांगे हैं। उन्होंने लोगों से जरूरी मुद्दे और समस्याएं साझा करने की अपील की।

Last Modified:
Friday, 30 October, 2026
rahulsinha

जी न्यूज (Zee News) के मैनेजिंग एडिटर और प्राइम टाइम शो डीएनए (DNA) के एंकर राहुल सिन्हा (Rahul Sinha) ने दर्शकों से शो को लेकर सवाल और सुझाव मांगे हैं। उन्होंने एक्स (X) पर पोस्ट कर लोगों से पूछा कि वे डीएनए में क्या देखना चाहते हैं और किन मुद्दों पर बात होना जरूरी है।

राहुल सिन्हा ने कहा कि डीएनए दर्शकों के भरोसे और विश्वास के दम पर लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि वह अक्सर इस बारे में सोचते हैं कि शो को दर्शकों के और करीब कैसे लाया जाए और उन मुद्दों को कैसे उठाया जाए, जो उनके लिए जरूरी हैं।

उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि ऐसी कौन-सी समस्याएं हैं, जिनसे वे रोज जूझते हैं, जिनके समाधान की उम्मीद सिस्टम से करते हैं और जिन पर जिम्मेदार लोगों का ध्यान जाना चाहिए।

राहुल सिन्हा ने दर्शकों से अपील की कि वे कमेंट या मैसेज के जरिए अपने सवाल और सुझाव भेजें। उन्होंने कहा कि वह हर संदेश को जानना और समझना चाहते हैं और कोशिश होगी कि दर्शकों की आवाज डीएनए के मंच से उन लोगों तक पहुंचाई जाए, जो बदलाव ला सकते हैं।

उन्होंने लोगों से शाम 5 बजे तक अपने संदेश भेजने की अपील करते हुए कहा कि डीएनए को सिर्फ एक शो नहीं, बल्कि सबकी आवाज बनाने की कोशिश होनी चाहिए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

‘नए-नए एंकर बने हैं भइया, गलती पर माफ कर दीजिए’, देखें Vistaar News के पत्रकार का अंदाज

लाइव एंकरिंग के दौरान हुई गलतियों के बाद युवा पत्रकार सागर तिवारी के सहज अंदाज की चर्चा; एडिटर-इन-चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने वीडियो शेयर कर बढ़ाया हौसला

Last Modified:
Thursday, 29 October, 2026
Sagar Tiwari

न्यूज चैनल में लाइव एंकरिंग करना आसान नहीं होता। कैमरे के सामने खबरें पढ़ने से लेकर भाषा, उच्चारण और प्रस्तुति तक, हर चीज पर ध्यान देना पड़ता है। ऐसे में अगर कोई नया एंकर लाइव प्रसारण के दौरान गलती कर बैठे और फिर दर्शकों से ही माफी मांगने लगे, तो उसका वीडियो चर्चा में आना लाजिमी है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में प्रसारित होने वाले रीजनल न्यूज चैनल ‘विस्तार न्यूज’ (Vistaar News) के युवा पत्रकार सागर तिवारी का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में सागर तिवारी लाइव एंकरिंग करते नजर आते हैं। इस दौरान उनसे कुछ गलतियां होती हैं और फिर वह सहज अंदाज में कहते हैं, ‘नए-नए एंकर बने हैं भइया, गलती पर माफ कर दीजिए।’ लाइव प्रसारण के बीच करीब 3 मिनट 21 सेकंड के इस वीडियो में सागर का इस तरह अपनी गलती स्वीकार करना और दर्शकों से माफी मांगना लोगों का ध्यान खींच रहा है।

वहीं, विस्तार न्यूज के एडिटर-इन-चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने खुद सागर तिवारी का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, ‘सागर आज नए-नए एंकर बने हैं। एंकरिंग में गलती हुई तो लाइव के दौरान कहने लगे नया एंकर बना हूं भइया, गलती पर माफ कर दीजिए।

‘विस्तार न्यूज’ की एग्जिक्यूटिव एडिटर श्वेता राय ने भी एक्स पर लिखा है, ‘अब आप ही सिखाइए एंकरिंग कैसे करनी हैं.. ये आज कल के युवा गलती भी ऑन स्क्रीन ही करेंगे.. सीखेंगे भी.. सागर को आशीर्वाद दीजिए.. प्रबंधन लगातार नए युवाओं पर भरोसा जता रहा है, यहाँ नई प्रतिभा पहले तलाशते हैं फिर तराशते हैं..हमारा मूल मंत्र है नए लोगों को मौक़ा मिले’।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सारेगामा इंडिया लिमिटेड में आदित्य खंडेलवाल को मिली अहम जिम्मेदारी

आदित्य खंडेलवाल ने सारेगामा इंडिया लिमिटेड में चीफ मैनेजर-स्ट्रैटेजी की जिम्मेदारी संभाली है। वह लाइव एक्सपीरियंस बिजनेस को मजबूत करने और विस्तार देने के साथ आगामी लाइव शोज पर काम करेंगे।

Last Modified:
Wednesday, 28 October, 2026
saregama

आदित्य खंडेलवाल (Aditya Khandelwal) ने सारेगामा इंडिया लिमिटेड (Saregama India Ltd.) में चीफ मैनेजर-स्ट्रैटेजी (Chief Manager-Strategy) की जिम्मेदारी संभाली है। उनका फोकस लाइव एक्सपीरियंस बिजनेस पर रहेगा।

खंडेलवाल ने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नई भूमिका की जानकारी साझा की। उन्होंने संगीत से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का जिक्र करते हुए इस जिम्मेदारी को खास बताया। उन्होंने लिखा, “संगीत हमेशा से मेरी जिंदगी का हिस्सा रहा है, इसलिए यह जिम्मेदारी मेरे लिए थोड़ी ज्यादा व्यक्तिगत महसूस होती है।”

नई भूमिका में खंडेलवाल सारेगामा के लाइव एक्सपीरियंस बिजनेस को मजबूत करने और उसका विस्तार करने पर काम करेंगे। उन्होंने नई टीम के साथ जुड़ने और कंपनी के आगामी लाइव शोज में भूमिका निभाने को लेकर भी उत्साह जताया।

इससे पहले खंडेलवाल स्विगी (Swiggy) और फ्लिपकार्ट (Flipkart) के साथ काम कर चुके हैं। इन कंपनियों में उनके अनुभव से लाइव एंटरटेनमेंट से जुड़ी नई भूमिका में उनके रणनीतिक काम को मजबूती मिलेगी। सारेगामा के लाइव एक्सपीरियंस बिजनेस का विस्तार कंपनी की संगीत विरासत को आगे बढ़ाने और लाइव एंटरटेनमेंट के जरिए दर्शकों से जुड़ने के नए अवसर तलाशने की दिशा में एक कदम है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

इंस्टाग्राम को कॉपीराइट उल्लंघन वाली पोस्ट हटाने का अधिकार: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कॉपीराइट और दूसरे बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन करने वाली पोस्ट हटाने से जुड़े IT नियम को असंवैधानिक घोषित करने से इनकार कर दिया है।

Last Modified:
Wednesday, 28 October, 2026
MPHighCourt5210

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कॉपीराइट और दूसरे बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन करने वाली पोस्ट हटाने से जुड़े आईटी नियम को असंवैधानिक घोषित करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कंटेंट क्रिएटर अनमोल जैन की याचिका खारिज करते हुए कहा कि इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अपने प्लेटफॉर्म से ऐसी सामग्री हटाने का अधिकार है, जो किसी दूसरे व्यक्ति के कॉपीराइट, ट्रेडमार्क, पेटेंट या अन्य मालिकाना अधिकारों का उल्लंघन करती है।

यह मामला सूचना प्रौद्योगिकी (मध्यस्थ दिशानिर्देश और डिजिटल मीडिया आचार संहिता) नियम, 2021 के नियम 3(1)(b)(iv) की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने से जुड़ा था। मामले में चीफ जस्टिस अल्पेश वाई. कोगजे और जस्टिस विवेक रूसिया की खंडपीठ ने सुनवाई की। लिखित आदेश में जस्टिस रूसिया ने फैसला लिखा है।

क्या है पूरा मामला?

अनमोल जैन इंस्टाग्राम पर ‘memexnasha’ नाम से अकाउंट चलाते हैं। उनका कहना था कि उन्होंने 2019 से मेहनत करके करीब 39 हजार फॉलोअर्स जुटाए थे और यह अकाउंट उनकी कमाई का एक अहम जरिया बन गया था।

जैन के मुताबिक, इंस्टाग्राम ने कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायतों के आधार पर उनकी कई पोस्ट हटा दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पोस्ट हटाने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कुछ लोग झूठी शिकायतें करके इंस्टाग्राम की कॉपीराइट नीति का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

जैन ने प्लेटफॉर्म से शिकायत की और अपना अकाउंट बहाल करने की मांग भी की। इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट का रुख किया।

याचिका में क्या कहा गया?

याचिकाकर्ता ने दलील दी कि आईटी नियमों का संबंधित प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 14, 19(1)(a), 19(1)(g) और 21 के खिलाफ है। उनका तर्क था कि किसी पोस्ट से कॉपीराइट या दूसरे बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, इसका फैसला करने का अधिकार कोर्ट को होना चाहिए। किसी निजी कंपनी को शिकायत के आधार पर सामग्री हटाने की शक्ति देना उचित नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि पोस्ट हटाने से पहले उन्हें नोटिस या सुनवाई का अवसर नहीं दिया गया, जिससे प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन हुआ।

हाई कोर्ट ने क्यों खारिज की याचिका?

खंडपीठ ने याचिकाकर्ता की दलीलों को स्वीकार नहीं किया। कोर्ट ने कहा कि संबंधित नियम को असंवैधानिक घोषित करने के लिए याचिका में पर्याप्त आधार नहीं है।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 2(w) के तहत इंस्टाग्राम एक मध्यस्थ यानी इंटरमीडियरी है। आईटी नियम, 2021 के तहत ऐसे प्लेटफॉर्म को जरूरी सावधानियां बरतनी होती हैं और दूसरे व्यक्तियों के मालिकाना अधिकारों का उल्लंघन करने वाली सामग्री को रोकने के लिए उचित प्रयास करने होते हैं।

कोर्ट के मुताबिक, इंस्टाग्राम एक निजी कंपनी होने के बावजूद कानून के तहत मध्यस्थ की श्रेणी में आता है। इसलिए उसे अपने प्लेटफॉर्म पर कॉपीराइट, ट्रेडमार्क, पेटेंट या दूसरे बौद्धिक संपदा अधिकारों का उल्लंघन करने वाली पोस्ट हटाने का अधिकार है।

यूजर्स के लिए शिकायत और अपील का रास्ता

हाई कोर्ट ने यह भी कहा कि आईटी नियमों में शिकायतों के समाधान के लिए व्यवस्था मौजूद है। नियम 3(2) के तहत सोशल मीडिया मध्यस्थ को शिकायत अधिकारी नियुक्त करना होता है। सामान्य शिकायतों के मामले में शिकायत अधिकारी को 24 घंटे के भीतर शिकायत मिलने की पुष्टि करनी होती है और 15 दिनों के भीतर उसका समाधान करना होता है। नियम में कुछ खास तरह की शिकायतों के लिए अलग समयसीमा भी निर्धारित है।

इसके अलावा, नियम 3A के तहत शिकायत अधिकारी के फैसले से असंतुष्ट व्यक्ति या तय समय में शिकायत का समाधान नहीं होने पर प्रभावित यूजर 30 दिनों के भीतर शिकायत अपीलीय समिति के पास अपील कर सकता है।

कोर्ट ने माना कि शिकायतकर्ता और प्रभावित यूजर, दोनों के लिए शिकायत और अपील की व्यवस्था मौजूद है। इसी आधार पर उसने संबंधित नियम को असंवैधानिक घोषित करने से इनकार कर दिया।

पोस्ट हटाए जाने के खिलाफ क्या कर सकते हैं यूजर?

कोर्ट ने अनमोल जैन की व्यक्तिगत शिकायत के संदर्भ में कहा कि उनके पास सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत दूसरे कानूनी उपाय भी उपलब्ध हैं। कोर्ट ने अधिनियम के अध्याय IX का उल्लेख किया, जो दंड, मुआवजे और निर्णय प्रक्रिया से संबंधित है। साथ ही, अध्याय X में अपील से जुड़े प्रावधानों का भी जिक्र किया।

कोर्ट ने कहा कि यदि याचिकाकर्ता संबंधित कानूनी उपाय अपनाते हैं, तो इंस्टाग्राम की कार्रवाई की जांच की जा सकती है।

 

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

कोमल नाहटा बने जी एंटरटेनमेंट के क्रिएटिव डायरेक्टर

जी एंटरटेनमेंट ने कोमल नाहटा को मूवीज बिजनेस का क्रिएटिव डायरेक्टर नियुक्त किया है। नई व्यवस्था में जी स्टूडियोज की टीम उन्हें रिपोर्ट करेगी और फिल्मों के अधिग्रहण फैसलों की निगरानी करेंगे।

Last Modified:
Monday, 26 October, 2026
komalnahta

जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (Zee Entertainment Enterprises Ltd) ने जी स्टूडियोज (Zee Studios) और फिल्मों के अधिग्रहण से जुड़े कारोबार में बदलाव किया है। कंपनी ने इंडस्ट्री के अनुभवी कोमल नाहटा (Komal Nahta) को मूवीज बिजनेस के क्रिएटिव डायरेक्टर (Creative Director) की जिम्मेदारी सौंपी है।

नई व्यवस्था के तहत जी स्टूडियोज की टीम, जिसमें सूरज सिंह (Suraj Singh) भी शामिल हैं, अब कोमल नाहटा को रिपोर्ट करेगी। नाहटा सभी प्लेटफॉर्म पर फिल्मों से जुड़े व्यावसायिक और अधिग्रहण संबंधी फैसलों की निगरानी भी करेंगे। उनका फोकस हिंदी और अन्य भाषाओं की फिल्मों पर रहेगा।

इस नई भूमिका में कोमल नाहटा सीधे कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत गोयनका (Punit Goenka) को रिपोर्ट करेंगे।

नियुक्ति पर पुनीत गोयनका ने कहा कि कंपनी अपने विकास के लक्ष्यों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है और इसके लिए कारोबार के प्रमुख हिस्सों को लगातार मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह कदम अधिक स्पष्ट और प्रदर्शन केंद्रित ऑपरेटिंग स्ट्रक्चर (Operating Structure) बनाने की कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कंपनी विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फिल्मों में किए गए निवेश का अधिकतम मूल्य हासिल करने के लिए क्रिएटिव सोच और कमर्शियल डिसिप्लिन (Commercial Discipline) को साथ ला रही है। उनके अनुसार, फिल्मों के पूरे क्षेत्र की गहरी समझ और मजबूत इंडस्ट्री रिलेशनशिप के कारण कोमल नाहटा अगले विकास चरण में टीमों का मार्गदर्शन करने के लिए उपयुक्त हैं।

कोमल नाहटा ने कहा कि वह एक दशक तक जी के ईटीसी चैनल (Zee ETC) के लोकप्रिय बॉलीवुड बिजनेस शो के होस्ट के रूप में जुड़े रहे हैं। इसलिए यह नई जिम्मेदारी उनके लिए घर वापसी जैसी है। उन्होंने कहा कि वह कंपनी के संस्थापक सुभाष चंद्र और सीईओ पुनीत गोयनका की ओर से जताए गए भरोसे और बड़ी जिम्मेदारी पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

मीका सिंह ने सीएम धामी से की बात : दलेर मेहंदी के लिए मांगा स्पष्टीकरण

दलेर मेहंदी पर नशे में प्रस्तुति देने के आरोप के बाद मीका सिंह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और विधायक सुबोध उनियाल से स्पष्टीकरण की मांग की।

Last Modified:
Friday, 23 October, 2026
mika

दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों को लेकर गायक मीका सिंह (Mika Singh) ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) से बात की है। टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक सुबोध उनियाल (Subodh Uniyal) ने दलेर मेहंदी (Daler Mehndi) पर शराब के नशे में मंच पर प्रस्तुति देने का आरोप लगाया था।

इस विवाद के बाद मीका सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने खुद उनसे फोन पर बात की थी। मीका ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि सुबोध उनियाल से एक स्पष्टीकरण वीडियो जारी करवाया जाए और दलेर मेहंदी पर नशे में प्रस्तुति देने का आरोप लगाने के लिए उनसे माफी मंगवाई जाए।

मीका ने मुख्यमंत्री धामी की तारीफ करते हुए कहा कि वह उन्हें अच्छी तरह जानते हैं और उनके प्रति उनके मन में काफी सम्मान है। उन्होंने कहा कि गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें बातचीत और सम्मान के साथ सुलझाया जा सकता है। मीका को उम्मीद है कि इस पहल से विवाद खत्म होगा और दलेर मेहंदी की प्रतिष्ठा भी बनी रहेगी।

टिहरी में नवरात्रि के एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें गाना रोकने के लिए कहा और उन पर नशे में होने का आरोप लगाया। उनियाल का कहना था कि दलेर मेहंदी ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की प्रस्तुति से नवरात्रि के कार्यक्रम और वहां मौजूद लोगों का अपमान हुआ।

सुबोध उनियाल ने यह भी कहा था कि कार्यक्रम के आयोजकों ने दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए थे। उनके मुताबिक, अगर गायक की तबीयत खराब थी तो उन्हें मंच पर प्रस्तुति नहीं देनी चाहिए थी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए