होम / विचार मंच / राजेश बादल के कीबोर्ड से: मौलिक सोच विचार आज सबसे मुश्किल और मंहगी चीज़...

राजेश बादल के कीबोर्ड से: मौलिक सोच विचार आज सबसे मुश्किल और मंहगी चीज़...

राजेश बादल एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर, राज्यसभा टीवी ।। अस्ताचल की ओर विचार का राजनीतिक सूरज

समाचार4मीडिया ब्यूरो 9 years ago

राजेश बादल

एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर, राज्यसभा टीवी ।।

अस्ताचल की ओर विचार का राजनीतिक सूरज

भारतीय राजनीति में उन्नीस सौ अस्सी का साल विचार परक राजनीति के इंटेंसिव केयर यूनिट में जाने का साल है। छत्तीस बरस हो गए, तब से हर चुनाव में सबसे पुराने इस लोकतंत्र की नींव से कुछ ईंटें खिसक जाती हैं। बुनियाद तनिक और कमज़ोर हो जाती है। हालांकि इससे पहले उन्नीस सौ सड़सठ और उनीस सौ सतहत्तर में इस देश ने संक्षिप्त से अराजक दौर देखे थे, लेकिन तब मोहभंग का सिलसिला लंबा नहीं चला था। तत्कालीन राजनीति में आज़ादी के आंदोलन से निकले कुछ रौशनी पुंज मौजूद थे। वे जुगनू की तरह मंद और झीना प्रकाश दे रहे थे मगर अपने दायरे में फिर भी उपयोगी थे। इसलिए जब नींव से इन ईंटों का खिसकना शुरू हुआ तो भी बचे खुचे विचारशील लोग आशा का टिमटिमाता दीपक लेकर उन जुगनुओं से सूरज की रौशनी चाहते रहे।

उस भारत में इस भरोसे के कुछ कारण थे- कांग्रेस में नेहरू युग के विचार आधारित विकास अवशेष, दीनदयाल उपाध्याय, श्यामाप्रसाद मुखर्जी के दक्षिणपंथी राष्ट्रवाद का संकल्प, राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण का समाजवादी सपना और श्रीपाद अमृत डांगे तथा ज्योतिबसु का ठोस वाम आधार। इन सबने मिलकर देश के दिए में एक लौ जलाकर रखी थी। यह लौ इस बात की गारन्टी थी कि विचारों का समंदर अभी भी हिन्दुस्तान की लोकतांत्रिक गंगा में बहने के लिए तैयार है। फिर क्या हुआ? अचानक राजनेता सत्ता को सेवा के स्थान पर स्वयंसेवा का माध्यम कैसे बना बैठे?

क्या यह सब यक़ ब यक़ हो गया? शायद नहीं। चुनाव दर चुनाव आज़ाद हिन्दुस्तान की मिट्टी अपने शिल्पियों को आंखें दिखाती रही। संकल्प, सोच और सपने दम तोड़ते रहे। जिस देश ने सत्तर के दशक में हरित क्रान्ति के बल पर अनाज उत्पादन में आत्म निर्भरता दिखाई, पोखरण में परमाणु विस्फ़ोट के ज़रिए दुनिया को अपने इरादे जताए,  गुटनिरपेक्ष आंदोलन की अगुआई की और गरीबी हटाओ के नारे के साथ प्रजातंत्र को प्राणवायु दी, वही देश सांवले अंग्रेजों की नौकरशाही बर्दाश्त कर रहा था, चुनाव में परदे के पीछे चंदा ले रहा था, काले धन के नाले को बहने के लिए रास्ता भी दे रहा था और रिश्वतख़ोरी को राष्ट्रीय पहचान बना रहा था। इन्ही दिनों ग़ैर कांग्रेसवाद का नारे ने जन मानस का ध्यान खींचा और उन्नीस सौ सतहत्तर के चुनाव में पहली बार भारतीय मतदाता ने कांग्रेस के विकल्प को रास्ता दिया।

अफ़सोस! ढाई साल में ही लाख की बंधी मुठ्ठी खुल गई और ख़ाक निकली। तपे तपाए नेताओं ने विचारों, सिद्धान्तों और आदर्शों से तो समझौता कर लिया लेकिन अपने अहं से नहीं। नतीजा क्या निकला। ग़ैर कांग्रेसवाद के नारे की हवा निकल गई। बकौल राजेन्द्र माथुर ग़ैर कांग्रेसवाद के बैंक में जब पहला ग्राहक चेक लेकर गया तो उसने पाया कि बैंक की गुल्लक ख़ाली थी। न कोई नैतिक पूंजी थी और न विचारों का कोई बैलेंस। सवाल यह है कि क्या कोई पर्वतारोही आज तक सोते सोते एवरेस्ट चढ़ा है? क्या कोई कोलंबस समाधि लगाकर अटलांटिक पार हुआ है? क्या शेर के मुंह में कोई खरगोश अनायास टहलते हुए चला गया है? कैसे मानें कि भारत ऊंघते हुए रामराज्य के दरवाज़े तक पहुंच जाएगा? सोच विचार से अगर हमने सचमुच तलाक़ ले लिया तो फिर क़ानून के बजाए सनक, सिद्धान्त के बजाए सिफ़ारिश और जनहित के बजाए दादागीरी से हमारा राज चलेगा। मौलिक सोच विचार आज सबसे मुश्किल और मंहगी चीज़ है। इसीलिए विचार शून्यता के समर्थक भी अब दिखाई देने लगे हैं।

उन्नीस सौ नवासी-नब्बे में एक बार फिर कांग्रेस से ही निकली उप धारा ग़ैर कांग्रेसवाद के नए नारे के साथ अवतरित हुई। इस बार तो यह नारा कुछ ज़्यादा ही बारीक, महीन तथा सूक्ष्म जीवन लेकर आया। इस अवधि में राजनीति विचार के आधार पर काम का दावा करती दिखाई दी। बाद में यह भी प्रपंच निकला। देश कई खंडों और उप खंडों में बंट गया। वैचारिक अखण्डता के जिस क़िले की रक्षा आज़ादी के बाद का कमज़ोर और क़रीब क़रीब अनपढ़ हिन्दुस्तान करता आया था, उसे कम्प्यूटर युग में दाख़िल हो रहे कमोबेश साक्षर देश ने ढहा दिया। ग़ैर कांग्रेसवाद एक बार फिर फुस्स हो गया। विचार का संकट और विकराल।

इसी दशक के उत्तरार्ध में राजनीतिक अस्थिरता के चलते विचारों की चादर तार तार हो गई। दरअसल यही वो काल है, जब निर्वाचित सरकार बनाए रखने के लिए मतदाता ने भी अनिच्छापूर्वक विचारों की होली जलाने को मंज़ूरी दे दी। उन दिनों की स्मृति यदि बिसरी नहीं है तो याद करिए। लोग नेताओं से कहने लगे थे- कुछ भी करो मगर पांच साल तो टिके रहो। क़रीब क़रीब हर साल होने वाले चुनावों ने मतदाताओं को ग़ुस्से से भर दिया था। इसके बाद से एक अंधकार युग हम देख रहे हैं। प्रजातंत्र से विचार और विचारधारा निर्वासित तथा हाशिए पर है। एपेन्डिक्स की तरह वह एक फ़ालतू अंग है, जिसका बना रहना देश की देह के लिए घातक सा लगने लगा है। एक क़िस्म का राष्ट्रीय अंधत्व हम पर तारी है। विडंबना यह है कि किसी ने हमारी आंखें नहीं फोड़ीं हैं। अब या तो विचार को हम निर्वासन जंगल में अपनी मौत मरने के लिए छोड़ दें और इस अंधत्व के साथ रहने की आदत बना लें या फिर उस समय तक विचार के इस राजकुमार की रक्षा किसी पन्ना धाय की तरह करें, जब तक कि उसके फिर सत्तारूढ़ होने के हालात नहीं बन जाते। लेकिन तब तक क्या बहुत देर नही हो चुकी होगी? क्या विचार को निर्वासन के जंगल में मरने के लिए छोड़ने से उपजे जोख़िम को हम उठाने के लिए तैयार हैं?

वक़्त इस समय एक गंभीर चेतावनी दे रहा है कि विचारसंकट से ग्रस्त देश परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। आख़िर कोई ज़िम्मेदार लोकतंत्र वैचारिक रीढ़ के बिना कितने दिन दुनिया की रेस में अपने को बनाए रख सकता है? दो हज़ार सत्रह का लोकतंत्र अब गंवार राजनेताओं को सन्तुष्ट करने या उनके हितों की रक्षा करने वाला उपकरण नहीं रहा है। यह एक ऐसे जागरूक और सतर्क समाज की मांग करता है, जिसमें जाति, धर्म, धन और तिकड़मों के लिए कोई स्थान न हो।


टैग्स
सम्बंधित खबरें

क्या पाकिस्तान अफगानिस्तान को हरा पाएगा: रजत शर्मा

तालिबान ने कहा कि उसके हमले में 55 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, इनमें से 23 सैनिकों की लाशें भी अफगान लड़ाके अपने साथ अफगानिस्तान ले गए।

2 days ago

2028 तक AI से बाज़ार में बर्बादी? पढ़िए इस सप्ताह का 'हिसाब किताब'

अमेरिका में 100 में से 10 लोग जो white collar jobs करते हैं वो कुल खपत का 50% खर्च करते हैं। उदाहरण दिया गया है कि डेटा सेंटर में काम कर रहे एजेंट काम तो करेंगे लेकिन वो खर्च नहीं करेंगे।

3 days ago

वंदे मातरम् के खंडित स्वरूप पर सवाल : अनंत विजय

किसी कविता या गीत को खंडित करने का अधिकार रचनाकार के अलावा किसी अन्य को है? रचनात्मक संवेदना का सर्जनात्मक स्वतंत्रता की बात करनेवालों ने एक कृति को खंडित कर दिया।

3 days ago

शिक्षा के क्षेत्र में अराजकता की जिम्मेदारी किसकी: आलोक मेहता

मुख्य प्रश्न यही है, क्या इन गड़बड़ियों के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है, या फिर मंत्रालय और उसके नेतृत्व को अपनी जवाबदेही स्वीकार करनी चाहिए?

3 days ago

PM मोदी की इजराइल यात्रा से किसे मिर्ची लगी: रजत शर्मा

दोनों देशों ने 27 समझौतों पर दस्तखत किए। दोनों देश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटरनेट ऑफ़ थिंग्स और क्वांटम कंप्यूटिंग में नई टेक्नोलॉजी पर काम करेंगे, आपसी सहयोग बढ़ाएंगे।

5 days ago


बड़ी खबरें

BSE व NSE ने इस मामले में 'बालाजी टेलीफिल्म्स' पर लगाया जुर्माना

टीवी और फिल्म प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms Limited) पर स्टॉक एक्सचेंज ने जुर्माना लगाया है।

2 days ago

शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई YAAP Digital Limited

डिजिटल मार्केटिंग कंपनी YAAP Digital Limited ने शेयर बाजार में अपना डेब्यू कर लिया है। कंपनी NSE Emerge प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हुई है और इस प्लेटफॉर्म पर सूचीबद्ध होने वाली यह 717वीं कंपनी बन गई है।

13 hours ago

न्यूज एंकर जया कौशिक ने NDTV छोड़ शुरू किया अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म

जानी-मानी पत्रकार जया कौशिक ने पत्रकारिता के 21 साल पूरे होने पर एक बड़ा फैसला लिया है।

3 days ago

दैनिक भास्कर समूह में नौकरी का मौका, इस पद के लिए निकली वैकेंसी

यदि आप पत्रकार हैं और मीडिया के फील्ड में नई नौकरी की तलाश में हैं तो यह मौका आपके लिए है।

13 hours ago

भारत एक्सप्रेस की तीसरी वर्षगांठ पर दिल्ली में मेगा कॉन्क्लेव 9 मार्च को

‘विकसित भारत 2047: नए भारत की बात’ थीम के साथ होने वाला यह कार्यक्रम देश के भविष्य और विकास की दिशा पर केंद्रित रहेगा।

13 hours ago