होम / विचार मंच / ‘2022 की मनहूसियत से 2023 के उच्चाटन तक’

‘2022 की मनहूसियत से 2023 के उच्चाटन तक’

2023 में मुझे तो समाचार-जगत से जुड़ी कोई ख़ास गुलाबी उम्मीद नज़र आ नहीं रही। लेकिन कुछ ख़्वाहिशें ज़रूर हैं। पूरी न सही, आधी-अधूरी भी, पूरी हो जाएं तो अयोध्या जाकर प्रसाद चढ़ाऊंगा।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago

पंकज शर्मा।।

समाचार-मीडिया के आसमान पर मंडरा रहे बादलों ने 2022 में पहले से ज़्यादा ही काली और डरावनी शक़्ल अख़्तियार की। हिमयुग की तरफ़ तेज़ी से बढ़ रहे सूचना-विश्व की ठिठुरती उम्मीदों को सहारा देने वाले बचे-खुचे टिमटिमाते दीयों में से कुछ और इस साल कारोबारी डायनासोरों की लपलपाती ज़ुबानों के हवाले हो गए।

प्रेस की स्वतंत्रता के सूचकांक में भारत दुनिया में इस साल 150वें क्रम पर गिर गया। पिछले दो साल से हम 142वें पायदान पर थे। पांच साल में भारत 12 सीढ़ियां नीचे लुढ़का है। अब इस तथ्य पर कैसे मलाल न करें कि लीबिया, सोमालिया और कांगो जैसे मुल्क़ तक इस मामले में हम से कई गुना बेहतर हैं?

अगर किसी को इस आंकड़े से सुकून मिलता हो तो वह ख़ुशी-ख़ुशी हासिल कर ले कि पिछले साल तो भारत में पांच पत्रकारों की हत्या हुई थी और 2022 में सिर्फ़ दो पत्रकार मारे गए हैं और इस तरह पत्रकारों की हत्याओं में इस साल 60 फ़ीसदी की कमी आ गई है। लेकिन मुझे तो यह आंकड़ा बेचैन कर रहा है कि 1992 से 2013 तक के 21 बरस में हमारे देश में 46 पत्रकार मारे गए और 2014 से 2022 तक के नौ साल में 40 पत्रकारों की हत्या हो चुकी है। यानी पत्रकारों के मारे जाने की घटनाएं तो दोगुनी हो गई हैं।

मंझले प्रकाशनों, आंचलिक-कस्बाई रेडियो प्रसारणों, छोटे टीवी चैनलों और सोशल मीडिया मंचों के नियमन का बहाना लेकर दबे पांव एक नियमावली लेकर आने के बाद इस साल हुकूमत ने अपने अदरक-पंजे फैलाने शुरू कर दिए। ‘स्व-नियमन‘ की व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर ‘केंद्र सरकार की निगरानी’ को तरज़ीह मिलनी शुरू हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी की सियासत में किनारे कर दिए गए कई सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी की निग़ाहे-क़रम पाने की ललक लिए संसद के दोनों सदनों में सोशल मीडिया को देशहित’ में संचालित करने के लिए आवाजें उठा रहे हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा छोड़कर राष्ट्रवादी राजनीति में आने के बाद अब संप्रेषण और सूचना तकनीक की ज़िम्मेदारी संभाल रहे मंत्री ने भी संसद में कह दिया है कि सोशल मीडिया के लिए कड़े क़ानून बनाने की ज़रूरत है।

सो, 2023 में मुझे तो समाचार-जगत से जुड़ी कोई ख़ास गुलाबी उम्मीद नज़र आ नहीं रही। लेकिन कुछ ख़्वाहिशें ज़रूर हैं। पूरी न सही, आधी-अधूरी भी, पूरी हो जाएं तो अयोध्या जाकर प्रसाद चढ़ाऊंगा। एक, प्रेस परिषद जैसी ‘स्वायत्त’ संस्थाओं का नखदंत-विहीनीकरण लगातार गहरा हो रहा है, वह थम जाए। दो, सूचना के अधिकार की धमक पिछले साढ़े आठ बरस से अनवरत पातालगामी है, वह ठहर जाए।

तीन, नए संसद भवन में तो ख़ैर केंद्रीय कक्ष बनाया ही नहीं गया है, लेकिन कोरोना के बहाने पुराने भवन का केंद्रीय कक्ष भी पत्रकारों के लिए तीन साल से बंद है, वह खुल जाए। चार, संसद की प्रेस गैलरी तक में पत्रकारों को लॉटरी के ज़रिये प्रवेश देने की बेहूदगी ख़त्म हो जाए। पांच, ज़िलों-कस्बों के पत्रकारों की दैहिक सुरक्षा के इंतज़ाम हो जाएं और इतना तो सुनिश्चित हो कि वे लाइलाज़ नहीं मरेंगे। छह, केंद्र और राज्यों के सरकारी विज्ञापनों की नीतियां लहीम-शहीम समाचार संस्थानों के बजाय वैयक्तिक, छोटे और मंझले उपक्रमों के प्रति उदारमाना भाव से बन जाएं।

अगर 2023 ने मेरी इन इच्छाओं का शतांश भी पूरा कर दिया तो समझो मैं गंगा नहा लूंगा। काशी में बहते शवों की यादों के बीच नहीं, समंदर की सतह से तीन किलोमीटर ऊपर जा कर गंगोत्री की पहली पवित्र धार में शंकर जी की आराधना करते हुए।

(यह लेखक के निजी विचार हैं। लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।)


टैग्स पत्रकार मीडिया पंकज शर्मा वरिष्ठ पत्रकार ईयरएंडर 2022
सम्बंधित खबरें

एआई पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक : रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

14 minutes ago

रामबहादुर राय - पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

20 minutes ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

1 day ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

1 day ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

1 day ago


बड़ी खबरें

सिर्फ सत्ता नहीं, बदलाव की कहानी है ‘Revolutionary Raj’: आलोक मेहता

वरिष्ठ संपादक (पद्मश्री) और जाने-माने लेखक आलोक मेहता ने अपनी कॉफी टेबल बुक “Revolutionary Raj: Narendra Modi’s 25 Years” से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है।

1 day ago

AI बना सकता है भारत को दुनिया की क्रिएटिव कैपिटल: उदय शंकर

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में जियोस्टार के वाइस चेयरमैन उदय शंकर ने कहा कि अब भारतीय मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री एक बड़े बदलाव के दौर में है।

13 hours ago

ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी

एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।

22 hours ago

Decode ने पूरे किए 200 एपिसोड: यूट्यूब व्यूज़ और सब्सक्राइबर में बना नंबर 1

डीडी न्यूज के प्राइम टाइम शो डिकोड विद सुधीर चौधरी ने 200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। यूट्यूब पर मिले कुल व्यूज़ में इसका योगदान 74 प्रतिशत और नए सब्सक्राइबर में 75 प्रतिशत रहा।

19 hours ago

AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया। जियो सस्ता और सुलभ इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगा, जिससे भारत को इंटेलिजेंस के नए युग से जोड़ने की तैयारी है।

23 hours ago