होम / विचार मंच / मणिपुर को दूसरा कश्मीर बनने से रोका जाना चाहिए: श्रवण गर्ग

मणिपुर को दूसरा कश्मीर बनने से रोका जाना चाहिए: श्रवण गर्ग

मणिपुर की त्रासदी, जिसमें महिलाओं को उनकी निर्वस्त्र परेड और बलात्कार के लिए राज्य की पुलिस द्वारा ही हिंसक भीड़ के हवाले कर दिया गया था।

समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago

श्रवण गर्ग, वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और स्तम्भकार।

मणिपुर की दर्दनाक घटना के 79वें दिन कठोर हो चुकी अंतरात्मा में साहस बटोरकर केवल छत्तीस सैकण्ड का संदेश देश को सुनाते वक्त क्या प्रधानमंत्री की जुबान जरा भी लड़खड़ाई या कांपी नहीं होगी? प्रधानमंत्री ने जब बिना नजरें झुकाए हुए कहा होगा कि उनका हृदय दुख और क्रोध से भरा हुआ है और जो कुछ हुआ वह किसी भी सभ्य समाज के लिए शर्मसार करने वाला है तो क्या देश ने कोरोना काल की तरह ही उनके कहे की सत्यता पर पूरा यकीन कर लिया होगा? क्या हर नागरिक को उनके इस आश्वासन पर पूरा भरोसा हो गया है कि किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा?  क्या मणिपुर के असली दोषियों की पहचान कर ली गई है?

प्रधानमंत्री की ओर से इस सवाल का जवाब मिलना बाकी है कि मणिपुर जब जल रहा था और विपक्ष उनसे हस्तक्षेप का लगातार अनुरोध कर रहा था, वे विदेश यात्राएं क्यों कर रहे थे? उनके मुंह से सांत्वना का एक शब्द भी तब क्यों नहीं फूटा जब फ्रांस यात्रा के दौरान ही यूरोपीय संसद मणिपुर की घटनाओं को लेकर भारत के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर रही थी?

मणिपुर की त्रासदी, जिसमें महिलाओं को उनकी निर्वस्त्र परेड और बलात्कार के लिए राज्य की पुलिस द्वारा ही हिंसक भीड़ के हवाले कर दिया गया था, का संबंध सिर्फ उत्तर-पूर्व के एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य से ही नहीं है। उसका संबंध देश और दुनिया की तमाम महिलाओं की अस्मिता और आत्माओं के साथ जुड़ा गया है। मणिपुर की घटना सत्ता में बने रहने के लिए अपने ही नागरिकों के खिलाफ उनके ही हित-संरक्षकों की दिल दहला देने वाली साजिश है!

क्या इस बात पर राष्ट्रीय शोक नहीं मनाया जाना चाहिए कि कथित तौर पर भारत द्वारा बेचे जाने वाले हथियारों की मदद से एक क्रूर सैन्य तानाशाही के पैरों तले रौंदे जा रहे म्यांमार की सीमा से लगे बत्तीस लाख की आबादी के मणिपुर में चार मई को हुई वीभत्स घटना के 140 करोड़ जनता के संरक्षक तक पहुंचने में 78 दिन लग गए! कल्पना की जा सकती है कि विशाल देश के उन सुदूर इलाकों ,जहां मोबाइल और इंटरनेट की सुविधाएं नहीं हैं, की द्रौपदियों और निर्भयाओं के हाल क्या बनते होंगे! कितने हाथरस, उन्नाव ,कठुआ और उत्तराखण्ड रात-दिन जन्म लेते होंगे? कितनी लाशें पुलिसिया संरक्षण में आधी रात को जलाई जाती होंगी और उनके समाचार इंद्रप्रस्थ के भीष्म पितामहों के कानों तक कितने महीनों में पहुंचते होंगे?

मणिपुर के मुख्यमंत्री ने यह कहते हुए जरा भी शर्म नहीं महसूस की कि इस तरह की सैंकड़ों शिकायतें राज्य में दर्ज हुईं हैं और खबरों को फैलने से रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं हैं। (‘दैनिक भास्कर ‘ की खबर है कि 3 मई से 28 जून के बीच 5960 एफआईआर मणिपुर में दर्ज हुई हैं और सौ नई प्रतिदिन हो रही हैं। एक-तिहाई शिकायतें केवल महिला उत्पीड़न से जुड़ी हैं।) सांप्रदायिकता के बल पर सत्ता की राजनीति करने वाली हुकूमतें हिन्दी-भाषी राज्यों के हिंदू-मुसलिम संघर्षों और दिल्ली से ढाई हजार किलोमीटर दूर स्थित मणिपुर के मैतेई-कुकी तनाव के बीच कोई भेदभाव नहीं करतीं!

मणिपुर की त्रासदी ने भारत के ही एक अति-संवेदनशील भूभाग को भारत की ही आत्मा से और दूर कर दिया है। वहां के नागरिकों को महसूस ही नहीं होने दिया जाता है कि वे भी हमारे ही शरीर के अंग हैं। मणिपुर की सभी हुकूमतें प्रेस की आजादी पर हमले के मामले में भी कुख्यात हैं। हुकूमत चाहे किसी भी दल की हो। सभी एक जैसी हैं। कोई पंद्रह साल हुए होंगे। तत्कालीन सरकार द्वारा संपादकों की गिरफ्तारी और मीडिया पर लगाये गए प्रतिबंधों की पड़ताल करने इम्फाल पहुंचे एक स्वतंत्र जांच दल के सदस्य के रूप में नागरिकों, दुकानदारों से चर्चा करने और तत्कालीन मुख्यमंत्री से मुलाकात का अवसर प्राप्त हुआ था। कांग्रेस के ओकरम इबोबी सिंह तब मुख्यमंत्री थे। भ्रष्टाचार के अनगिनत आरोपों से वे और उनकी सरकार घिरी हुई थी।

मणिपुर प्रवास के दौरान जितने भी नागरिकों और दुकानदारों से तब बातचीत करने का मौक़ा मिला चर्चा की शुरुआत उनके द्वारा पूछे गए इसी एक सवाल से होती थी : ‘इंडिया से आए हैं? इंडिया में किस शहर से?’ सवाल किया जाना चाहिए कि नरेंद्र मोदी जिस इंडिया के प्रधानमंत्री हैं क्या उसमें मणिपुर शामिल नहीं है? मणिपुर में इंटरनेट की सुविधाएं बहाल हो जाने दीजिए! प्रेस को आजाद हो जाने दीजिये! फिर देखिए किस तरह की कितनी व्यथाएं छप्पन इंच की छातियों को भेदती हुई वहां से फूटती हैं !

कौन किससे पूछेगा और कौन जवाब देगा कि तीन मई के बाद से जारी विध्वंस में जो सैंकड़ों लोग मारे गये वे कौन थे?  वे हजारों जिन्होंने जान बचाने के लिए पड़ौसी राज्य मिजोरम में शरण ली वे कौन हैं? वे हजारों जिन्हें असम के सिलचर और मिज़ोरम से अब मणिपुर वापस लौटना पड़ रहा है वे कौन हैं? तीन सौ से ज्यादा चर्चों में आग किसने और क्यों लगाई? सोशल मीडिया पर वायरल आंकड़ों पर यक़ीन करें तो इस समय प्रत्येक बत्तीस मणिपुरी नागरिक पर सेना का एक जवान तैनात है। स्थानीय पुलिस अलग से है। शांति फिर भी स्थापित नहीं हो पा रही है!

गुजरात से लगाकर मणिपुर तक सभी तरह के नागरिक उत्पीड़नों  के प्रति सत्ता की अपाहिज संवेदनशीलता के पीछे सिर्फ दो ही कारण हो सकते हैं: पहला तो यह कि सत्ता के सर्व-शक्तिमान होने का यह संदेश नागरिकों को पहुंचाना कि उसके फैसलों को कोई चुनौती नहीं दी जा सकती। दूसरा यह कि पिछले दो दशकों में देश को इतनी सांप्रदायिक हिंसा से रूबरू करा दिया गया है कि सत्ता ने सामान्य नागरिक की तरह से आहत और प्रताड़ित महसूस करना बंद कर दिया है !

मणिपुर की घटना ने देश की उन करोड़ों महिलाओं की आत्माओं पर प्रहार किया है जिनके समर्थन के बल पर मोदी 2014 में सत्ता में काबिज हुए थे और आगे भी बने रहना चाहते हैं। मणिपुर की आग किसी दिन बुझेगी भी और आग में झोंके गए घरों, मंदिरों और चर्चों का पुनर्निर्माण भी होगा। जिन लोगों ने दूसरे राज्यों में शरण ले रखी है वे भी एक दिन वापस अपने ठिकानों पर लौटेंगे। एक चीज अगर वापस नहीं लौटी तो वह नागरिकों का दिल्ली की हुकूमत में उनका यकीन होगा। मणिपुर को उत्तर-पूर्वी इलाके का कश्मीर बनने से रोका जाना चाहिए!

(यह लेखक के निजी विचार हैं )


टैग्स
सम्बंधित खबरें

एआई पर नियंत्रण करना भी बेहद आवश्यक : रजत शर्मा

प्रधानमंत्री मोदी ने कम शब्दों में कई बड़ी बातें कहीं। भारत एआई में विश्व का अग्रणी बनना चाहता है, हमारे देश के पास दिमाग़ भी है, युवा शक्ति भी है और सरकार का समर्थन भी है।

1 hour ago

रामबहादुर राय - पत्रकारिता क्षेत्र में शुचिता और पवित्रता के जीवंत व्यक्तित्व

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के वे शीर्ष नेताओं में थे। जब पत्रकारिता में आए तो शीर्ष पत्रकार बने। आज की भारतीय पत्रकारिता में उन सरीखे सम्मानित और सर्वस्वीकार्य नाम बहुत कम हैं।

1 hour ago

भविष्य को आकार देने की कोशिश कर रहा है भारत: राहुल कंवल

यदि कुछ समय के लिए राजनीति को अलग रख दें, तो एक बात स्पष्ट है। भारत की एआई रणनीति (AI strategy) की सफलता में हमारे सामूहिक भविष्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा निहित है।

1 day ago

मधुसूदन आनंद हमेशा यादों में बने रहेंगे : अनिल जैन

आनंद जी ने जर्मनी में 'डायचे वेले' (द वाॅयस ऑफ जर्मनी) में कुछ सालों तक काम किया और वे 'वाॅयस ऑफ अमेरिका' के नई दिल्ली स्थित संवाददाता भी रहे।

1 day ago

प्रवक्ता, अहंकार और संवाद की संवेदनहीनता का सबक: नीरज बधवार

चूंकि समाज के अवचेतन में अंग्रेज़ी को लेकर एक हीन भावना मौजूद है, इसलिए जो व्यक्ति अंग्रेज़ी में प्रभावशाली ढंग से बोल लेता है, वह अक्सर खुद को विद्वान भी मान बैठता है।

2 days ago


बड़ी खबरें

सिर्फ सत्ता नहीं, बदलाव की कहानी है ‘Revolutionary Raj’: आलोक मेहता

वरिष्ठ संपादक (पद्मश्री) और जाने-माने लेखक आलोक मेहता ने अपनी कॉफी टेबल बुक “Revolutionary Raj: Narendra Modi’s 25 Years” से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर समाचार4मीडिया से खास बातचीत की है।

1 day ago

AI बना सकता है भारत को दुनिया की क्रिएटिव कैपिटल: उदय शंकर

इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में जियोस्टार के वाइस चेयरमैन उदय शंकर ने कहा कि अब भारतीय मीडिया और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री एक बड़े बदलाव के दौर में है।

14 hours ago

ENIL के प्रमोटर ढांचे में जल्द होगा बड़ा बदलाव, NCLT के बाद अब CCI की भी मंजूरी

एफएम चैनल ‘रेडियो मिर्ची’ का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) के कॉर्पोरेट ढांचे में बड़ा बदलाव अब लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है।

23 hours ago

Decode ने पूरे किए 200 एपिसोड: यूट्यूब व्यूज़ और सब्सक्राइबर में बना नंबर 1

डीडी न्यूज के प्राइम टाइम शो डिकोड विद सुधीर चौधरी ने 200 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। यूट्यूब पर मिले कुल व्यूज़ में इसका योगदान 74 प्रतिशत और नए सब्सक्राइबर में 75 प्रतिशत रहा।

20 hours ago

AI में 10 लाख करोड़ का निवेश करेगी रिलायंस: मुकेश अंबानी

मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश का ऐलान किया। जियो सस्ता और सुलभ इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर बनाएगा, जिससे भारत को इंटेलिजेंस के नए युग से जोड़ने की तैयारी है।

1 day ago