होम / टीवी / डेटा आधारित पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए NDTV ने लॉन्च किया ‘Datafy’, जानें खासियत
डेटा आधारित पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए NDTV ने लॉन्च किया ‘Datafy’, जानें खासियत
एनडीटीवी (NDTV) ने डेटा आधारित पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए एक नया प्लेटफॉर्म Datafy लॉन्च किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 2 hours ago
एनडीटीवी (NDTV) ने डेटा आधारित पत्रकारिता को बढ़ावा देने के लिए एक नया प्लेटफॉर्म Datafy लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म का मकसद खबरों और मुद्दों को डेटा के जरिए ज्यादा स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से लोगों तक पहुंचाना है।
कंपनी का कहना है कि आज के समय में सार्वजनिक बहस और चर्चाएं अक्सर विचारधाराओं और अलग-अलग राय के कारण काफी शोरगुल वाली हो जाती हैं। कई बार टीवी डिबेट में शोर ज्यादा होता है और तथ्य कम। ऐसे माहौल में Datafy का उद्देश्य यह है कि खबरों और चर्चाओं के केंद्र में तथ्य और आंकड़े हों।
NDTV के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म का मूल सिद्धांत है कि डेटा भी एक कहानी बताता है। जब आंकड़ों का सही तरीके से विश्लेषण किया जाता है और उन्हें साफ तरीके से पेश किया जाता है, तो वे कई बार उन सच्चाइयों को सामने ला देते हैं जो बहसों में छिप जाती हैं।
यह प्लेटफॉर्म आधुनिक तकनीक पर आधारित है। इसमें बिग डेटा साइंस, एडवांस्ड एनालिटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि जटिल आंकड़ों को आसान और समझने लायक तरीके से लोगों के सामने रखा जा सके। इसके जरिए इंटरैक्टिव डैशबोर्ड, चुनाव ट्रैकर, आर्थिक विश्लेषण, नीति से जुड़े अध्ययन और वैश्विक रुझानों की जानकारी भी दी जाएगी।
इस मौके पर Rahul Kanwal, CEO और एडिटर-इन-चीफ, NDTV ने कहा कि आज के दौर में कई बार राय और विचार तथ्यों पर भारी पड़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि Datafy के जरिए नेटवर्क बड़े डेटा सेट से अर्थ निकालने के लिए एडवांस एनालिटिक्स और एआई टूल्स का इस्तेमाल करेगा, ताकि दर्शकों को सत्यापित तथ्यों के आधार पर स्पष्ट जानकारी मिल सके।
वहीं Namrata Dadwal, सीनियर एडिटर, NDTV ने कहा कि डेटा आधारित कहानी कहना आज की पत्रकारिता का एक अहम हिस्सा बन चुका है। उनके मुताबिक डेटा लोगों की समझ, सार्वजनिक नीतियों और जनमत को प्रभावित करता है। जब इसे जिम्मेदारी से विश्लेषित कर प्रभावी विजुअल्स के साथ पेश किया जाता है, तो जटिल विषय भी आसानी से समझ में आ जाते हैं।
NDTV के अनुसार Datafy नेटवर्क के टीवी और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म पर काम करेगा। इसके जरिए चुनाव, अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय राजनीति, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की कवरेज को डेटा के आधार पर और मजबूत बनाया जाएगा।
कंपनी का कहना है कि बढ़ते शोर और मतभेदों के दौर में Datafy इस विश्वास को दर्शाता है कि किसी भी गंभीर चर्चा के केंद्र में स्पष्टता और तथ्य होने चाहिए। यही नए भारत के लिए NDTV की नई पहल है।
टैग्स