होम / टेक वर्ल्ड / अब Google Maps बनेगा और स्मार्ट: Gemini AI से मिलेगा रीयल-टाइम नेविगेशन अपडेट
अब Google Maps बनेगा और स्मार्ट: Gemini AI से मिलेगा रीयल-टाइम नेविगेशन अपडेट
Google ने अपने Maps ऐप में बड़ा एआई अपग्रेड किया है। Gemini AI से ड्राइविंग के दौरान सवाल पूछ सकेंगे, ट्रैफिक रिपोर्ट कर पाएंगे और आस-पास के स्थानों की जानकारी रीयल-टाइम में प्राप्त करेंगे।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
टेक दिग्गज Google ने अपने लोकप्रिय नेविगेशन ऐप Google Maps को और स्मार्ट बना दिया है। कंपनी ने अब इसमें Gemini AI को इंटीग्रेट किया है, जिससे उपयोगकर्ता ड्राइविंग के दौरान वॉयस कमांड के ज़रिए न केवल रास्ते की जानकारी ले सकेंगे, बल्कि रास्ते में आने वाले रेस्तरां, पेट्रोल पंप या पर्यटन स्थलों के बारे में भी सवाल पूछ पाएंगे।
Google के अनुसार, अब ड्राइवर Gemini से बातचीत के रूप में कई सवाल पूछ सकते हैं, जैसे, 'मेरे रास्ते में कोई सस्ता रेस्तरां है जहाँ वेगन ऑप्शन मिले?' या 'वहाँ पार्किंग की सुविधा कैसी है?' इसके अलावा, यूज़र्स अपने कैलेंडर में इवेंट जोड़ने या ट्रैफिक जाम की रिपोर्ट करने जैसे कार्य भी Gemini की मदद से कर पाएंगे।
कंपनी ने बताया कि Maps में अब Gemini को Street View डेटा के साथ जोड़ा गया है ताकि नेविगेशन निर्देश और सटीक बन सकें। अब ऐप यह नहीं कहेगा कि '500 फीट बाद दाएं मुड़ें,' बल्कि वह आस-पास के लैंडमार्क्स जैसे पेट्रोल पंप, कैफ़े या प्रसिद्ध इमारतों का नाम लेकर दिशा बताएगा।
Google का दावा है कि Gemini ने 250 मिलियन स्थानों की जानकारी को Street View छवियों के साथ क्रॉस-रेफरेंस किया है, जिससे यह फीचर और सटीक बन गया है। साथ ही, Google Lens को भी Maps में जोड़ा गया है। अब यूज़र कैमरा से किसी स्थान को स्कैन कर पूछ सकते हैं कि यह जगह क्या है और क्यों प्रसिद्ध है?
कंपनी ने कहा कि ये नए फीचर्स जल्द ही iOS और Android यूज़र्स के लिए जारी किए जाएंगे, जबकि Android Auto के लिए सपोर्ट आने वाले हफ्तों में जोड़ा जाएगा। फिलहाल ट्रैफिक अलर्ट्स और लैंडमार्क नेविगेशन फीचर्स सबसे पहले अमेरिका में रोलआउट होंगे।
टैग्स