होम / टेक वर्ल्ड / Google का पहला GSEC इंडिया सेंटर लॉन्च, साइबर सुरक्षा व AI रिसर्च में बनेगा हब
Google का पहला GSEC इंडिया सेंटर लॉन्च, साइबर सुरक्षा व AI रिसर्च में बनेगा हब
यह विश्व स्तर पर गूगल का सिर्फ पांचवां ऐसा सेंटर है, जो डिजिटल सुरक्षा और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 8 months ago
गूगल ने एशिया-पैसिफिक (APAC) क्षेत्र में अपने पहले Google Safety Engineering Centre (GSEC) की शुरुआत हाल ही में हैदराबाद में की। यह विश्व स्तर पर गूगल का सिर्फ पांचवां ऐसा सेंटर है, जो डिजिटल सुरक्षा और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इस पहल के साथ, हैदराबाद को सुरक्षित डिजिटल इनोवेशन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने इस अत्याधुनिक केंद्र का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने इसे न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक रणनीतिक कदम बताया, जो भारत के डिजिटल सुरक्षा के भविष्य और तेलंगाना की तकनीकी दृष्टि को मजबूती देगा।
साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार एआई पर फोकस
GSEC इंडिया सेंटर को साइबर सुरक्षा और एआई रिसर्च के एक समर्पित हब के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से यूजर्स की सुरक्षा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को संरक्षित करना और भारत की डिजिटल जरूरतों के अनुसार जिम्मेदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का विकास करना है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस अवसर पर कहा, “यह केवल एक उद्घाटन नहीं है, बल्कि यह ऐलान है कि तेलंगाना अब डिजिटल युग का नेतृत्व कर रहा है।” उन्होंने तेलंगाना को भविष्य की एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के रूप में पेश किया।
हैदराबाद बन रहा है तकनीक का गढ़
आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि हैदराबाद तेजी से भारत की टेक्नोलॉजी राजधानी बन रहा है। उन्होंने बताया कि दुनिया की टॉप 10 टेक कंपनियों में से सात का संचालन हैदराबाद से हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि तेलंगाना ने पिछले एक वर्ष में 2.68 लाख करोड़ रुपये का आईटी/आईटीईएस निर्यात दर्ज किया है और 40,000 नई नौकरियां सृजित की गई हैं।
GSEC इंडिया की स्थापना, न केवल गूगल की वैश्विक Safety Charter को इस क्षेत्र में लागू करने की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि यह भारत को साइबर सुरक्षा और एआई में वैश्विक स्तर पर अग्रणी भूमिका दिलाने का प्रयास भी है।
टैग्स