होम / सोशल मीडिया / अपना ट्विटर अकाउंट सस्पेंड होने पर न्यूज एजेंसी UNI ने कुछ यूं दी अपनी प्रतिक्रिया
अपना ट्विटर अकाउंट सस्पेंड होने पर न्यूज एजेंसी UNI ने कुछ यूं दी अपनी प्रतिक्रिया
माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘ट्विटर’ (Twitter) द्वारा देश की जानी-मानी न्यूज एजेंसी ‘यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया’ (यूएनआई) का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड करने का मामला सामने आया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
माइक्रोब्लॉगिंग साइट ‘ट्विटर’ (Twitter) द्वारा देश की जानी-मानी न्यूज एजेंसी ‘यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया’ (यूएनआई) का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड करने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बारे में ‘ट्विटर’ की ओर से कोई कारण भी नहीं बताया गया।
हालांकि, कुछ घंटों के बाद ‘ट्विटर’ ने ‘यूएनआई’ के ट्विटर अकाउंट को रीस्टोर यानी बहाल कर दिया। ‘ट्विटर’ द्वारा उठाया गया यह कदम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। तमाम लोग ‘ट्विटर’ द्वारा ‘यूएनआई’ के अकाउंट को सस्पेंड किए जाने की आलोचना कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि एक तरफ तो ट्विटर मात्र कुछ महीनों पुराने अकाउंट्स को वेरीफाई कर रहा है, वहीं इसने बिना कारण बताए देश की प्रतिष्ठित न्यूज एजेंसी के अकाउंट को ही सस्पेंड कर दिया।
ट्विटर अकाउंट बहाल किए जाने के बाद ‘यूएनआई‘ ने भी एक ट्वीट के जरिये इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। अपने ट्वीट में ‘यूएनआई‘ का कहना था, ‘बिना कोई कारण बताए हमारे ट्विटर अकाउंट को कुछ घंटों के लिए सस्पेंड कर दिया गया। अब इसे रीस्टोर कर दिया गया है। धैर्य बनाए रखने के लिए आप सभी का धन्यवाद।’
For reasons unknown to us, our Twitter account was suspended for a few hours. We are back now. Thank you for your patience.
— United News of India (@uniindianews) February 13, 2022
गौरतलब है कि ‘यूएनआई’ देश की बहुभाषी न्यूज एजेंसी है। अंग्रेजी न्यूज एजेंसी के तौर पर इसकी शुरुआत दिसंबर 1961 में हुई थी। कॉमर्शियल रूप से इसका संचालन 12 मार्च 1961 से शुरू हुआ। हिंदी न्यूज एजेंसी ‘यूनिवार्ता‘ के साथ यह देश की बहुभाषी न्यूज एजेंसियों की लिस्ट में शुमार हो गई। वर्ष 1992 में इसने उर्दू न्यूज सर्विस शुरू की। वर्तमान में यह देश की दूसरी सबसे बड़ी न्यूज एजेंसी है, जो अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू और कन्नड़ में न्यूज प्रदान करती है। देश के सभी राज्यों की राजधानियों और महत्वपूर्ण शहरों में इसके समाचार ब्यूरो हैं।
टैग्स ट्विटर यूएनआई यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया अकाउंट सस्पेंड