होम / सोशल मीडिया / 'प्रभात खबर' ने दी पूर्व प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को विदाई
'प्रभात खबर' ने दी पूर्व प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को विदाई
प्रभात खबर के पूर्व प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयुक्त नियुक्त किए जाने पर जिमखाना क्लब में विदाई समारोह आयोजित हुआ, जिसमें वरिष्ठ पत्रकारों ने उनके योगदान को याद किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
वरिष्ठ पत्रकार और प्रभात खबर के पूर्व प्रधान संपादक आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयुक्त नियुक्त किए जाने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर जिमखाना क्लब में आयोजित समारोह में झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल से आए वरिष्ठ पत्रकारों और सहयोगियों ने भाग लिया और अपने संस्मरण साझा किए।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने आशुतोष चतुर्वेदी के साथ काम करने के अनुभवों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान, नेतृत्व क्षमता और मूल्यों पर आधारित कार्यशैली की सराहना की गई। आशुतोष चतुर्वेदी को केंद्रीय सूचना आयोग में सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है।
उनका चयन उनकी सशक्त पेशेवर साख, प्रशासनिक दक्षता और पत्रकारिता में लंबे अनुभव का प्रमाण माना जा रहा है। सूचना आयुक्त के रूप में उनसे सूचना के अधिकार कानून को और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाने की अपेक्षा है। आशुतोष चतुर्वेदी को देश और विदेश दोनों जगह कार्य करने का व्यापक अनुभव रहा है।
उन्होंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ कई विदेश यात्राएं की हैं। अपने करियर में वे माया, इंडिया टुडे, संडे ऑब्जर्वर, बीबीसी हिंदी और अमर उजाला जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं। वे एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्य भी रहे हैं।
प्रभात खबर में नौ वर्षों के नेतृत्वकाल में उन्होंने निष्पक्ष, सामाजिक सरोकारों से जुड़ी और जनहित केंद्रित पत्रकारिता को प्राथमिकता दी। तकनीकी नवाचार के साथ प्रिंट मीडिया की मूल आत्मा को बनाए रखना उनकी कार्यशैली की खास पहचान रही, जिसने अखबार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
टैग्स