होम / सोशल मीडिया / सुमित अवस्थी ने कर दिया यूपी सरकार को अपनी गलती सुधारने पर मजबूर
सुमित अवस्थी ने कर दिया यूपी सरकार को अपनी गलती सुधारने पर मजबूर
यूपी सरकार की एक पोस्ट को ट्वीट करते हुए न सिर्फ कड़ा ऐतराज जताया बल्कि योगी आदित्यनाथ और उनके ऑफिस के ट्विटर एकाउंट को भी टैग कर दिया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
देश गांधीजी की 150वीं जयंती मना रहा है। मोदी यूएन हेडक्वार्टर की छत पर 1 मिलियन डॉलर की मदद से गांधीजी के नाम एक सोलर पार्क बनवा रहे हैं और दूसरी तरफ यूपी सरकार में ऐसे भी अधिकारी हैं, जिन्हें गांधीजी का असली नाम भी पता नहीं है। ये वाकई में देश की विडम्बना ही है कि इतने महत्वपूर्ण मौके पर कोई सरकारी महकमा ऐसी गलती कर भी कैसे सकता है, लेकिन हुई और इस गलती को सुधरवाया एबीपी न्यूज के मशहूर एंकर सुमित अवस्थी ने।
सुमित अवस्थी हिंदी टीवी की दुनिया के मशहूर लेकिन शायद सबसे सौम्य चेहरों में से एक हैं। सुमित पर आप आसानी से राइट या लेफ्ट होने का भी टैग नहीं लगा सकते। उन्होंने जब यूपी सरकार के एक ऐड में देखा कि गांधीजी का पूरा नाम तक ढंग से नहीं लिखा है, तो उनसे रहा नहीं गया और उन्होंने उस पोस्ट को ट्वीट करते हुए न सिर्फ कड़ा ऐतराज जताया बल्कि योगी आदित्यनाथ और उनके ऑफिस के ट्विटर एकाउंट को भी टैग कर दिया।
दरअसल ये ट्वीट ही सीएम ऑफिस के ऑफिशियल एकाउंट से किया गया था, जिसमें गांधीजी की 150 वीं जयंती पर सवाल जवाब श्रंखला के तहत एक सवाल पूछा गया था कि मोहनदास करमदास गांधी का जन्म किस वर्ष में हुआ था और इसके चार जवाब विकल्प में लिखे हुए थे। लेकिन गांधीजी का पूरा नाम मोहनदास करमचंद गांधी है। लिखने वाले ने ये नहीं सोचा कि ये यूपी के चीफ मिनिस्टर का एकाउंट है, जरा सी गलती सीएम और सरकार का मजाक उड़वा सकती है।
सुमित अवस्थी ने इस ट्वीट को शेयर करते हुए लिखा, ‘यूपी सरकार के अधिकारिक हैंडल पर बापू का नाम गलत लिखा गया है! महात्मा गांधी के 150वें जन्मदिन के मौके पर ये गलती मामूली नहीं कही जा सकती!यूपी के अधिकारियों ध्यान से सुनो..बापू का नाम ‘मोहनदास करमचंद गांधी’ है ना कि करमदास!! @CMOfficeUP. माननीय सीएम @myogiadityanath ध्यान दें!
सुमित के ट्वीट के बाद से ये गलती खूब रिट्वीट होने लगी और लोग यूपी सरकार पर सवाल दागने लगे। सुमित की बात शायद सीएम ऑफिस पहुंच भी गई और एक घंटे के अंदर इस गलती को ठीक भी कर लिया गया। एडिट तो टविटर पर होता नहीं, सो उस ग्राफिक प्लेट में करमदास की जगह करमचंद किया गया और पुरानी ट्वीट को डिलीट करके नई ट्वीट में नई प्लेट शेयर की गई। सुमित ने उस नई ट्वीट को शेयर करके बताया, ‘#यूपी_सरकार ने गलती सुधार ली है! अभी थोडी देर पहले @CMOfficeUPने ट्विट कर बापू का नाम सही से मोहनदास करमचंद गांधी कर ट्विट कर दिया है!’ देर आयद दुरुस्त आयद।
आप अपनी राय, सुझाव और खबरें हमें mail2s4m@gmail.com पर भेज सकते हैं या 01204007700 पर संपर्क कर सकते हैं। (हमें फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन और यूट्यूब पर फॉलो करें)
टैग्स एबीपी न्यूज सुमित अवस्थी महात्मा गांधी यूपी सरकार गांधी जयंती दो अक्टूबर