होम / सोशल मीडिया / सीरीज़ हार की असली वजह, चयन की चूक: नीरज बधवार
सीरीज़ हार की असली वजह, चयन की चूक: नीरज बधवार
हर्षित राणा को लीड बॉलर के तौर पर खिलाया जाता है, लेकिन वह विकेट लेने के लिए बहुत ज़्यादा रन देते हैं। अर्शदीप, जो टी20 में दुनिया के प्रीमियर बॉलर हैं, आपको वनडे में खेलने लायक नहीं लगते।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 1 month ago
न्यूजीलैंड के हाथों भारत को तीसरे वनडे में 41 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ गौतम गंभीर की कोचिंग में टीम इंडिया पर एक और धब्बा लग गया है। भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार घर पर वनडे सीरीज हारा है। कीवी टीम ने 2-1 से सीरीज को अपने नाम किया। इस मामले पर वरिष्ठ पत्रकार और लेखक नीरज बधवार ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर अपनी राय दी।
उन्होंने लिखा, गौतम गंभीर के शानदार नेतृत्व में टीम इंडिया एक और सीरीज़ हार गई। गंभीर बाबू को यह बात क्यों समझ नहीं आ रही कि प्रॉपर गेंदबाज़ खिलाए बिना आप कभी लगातार मैच नहीं जीत पाएंगे। आप नीतीश रेड्डी और जडेजा को ऑलराउंडर के तौर पर खिलाते हैं, जबकि रेड्डी पाँच ओवर भी बिना ज़्यादा रन दिए नहीं डाल पाते और जडेजा ऐसे गेंदबाज़ कभी नहीं रहे जो अपनी गेंदबाज़ी से चकमा देकर सामने वाले को आउट कर दें।
हर्षित राणा को लीड बॉलर के तौर पर खिलाया जाता है, लेकिन वह विकेट लेने के लिए बहुत ज़्यादा रन देते हैं। अर्शदीप, जो टी20 में दुनिया के प्रीमियर बॉलर हैं, आपको वनडे में खेलने लायक नहीं लगते और जब खिलाते भी हैं तो आख़िरी मैच में। वरुण चक्रवर्ती, जो टी20 में दुनिया के बेस्ट स्पिनर हैं, उन्हें आप वनडे खेलने लायक नहीं मानते।
अक्षर, जो हर हाल में जडेजा से बेहतर गेंदबाज़ और बराबर के अच्छे बल्लेबाज़ हैं तथा टी20 में उपकप्तान भी हैं, वनडे टीम में दिखते ही नहीं। सिराज अच्छे सपोर्टिंग बॉलर हैं, लेकिन व्हाइट-बॉल क्रिकेट में लीड कर पाएंगे या नहीं, इस पर अब भी शक है। जब टीम चयन का पैमाना यह हो कि गेंदबाज़ बैटिंग कर सकता है या नहीं, तो नतीजा यही होगा—हर्षित के अर्धशतक पर ताली बजेगी, लेकिन अगर तीन विकेट के लिए 84 रन खर्च होंगे तो वह भरोसेमंद गेंदबाज़ नहीं कहलाएंगे।
ये गलतियाँ पहली बार नहीं हुईं—ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 में भी हुईं और अब फिर दोहराई जा रही हैं। इसलिए साफ़ है कि टीम इंडिया खराब प्रदर्शन से नहीं, बल्कि खराब टीम चयन और उससे भी ज़्यादा खराब कोच चयन की वजह से हार रही है।
गौतम गंभीर के शानदार नेतृत्व में टीम इंडिया एक और सीरीज़ हार गई। तेरह हज़ार मैच हरवाने के बावजूद गंभीर बाबू को यह बात क्यों समझ नहीं आ रही कि प्रॉपर गेंदबाज़ खिलाए बिना आप कभी लगातार मैच नहीं जीत पाएंगे।
— Neeraj Badhwar (@nirajbadhwar) January 18, 2026
आप नीतीश रेड्डी और जडेजा को ऑलराउंडर के तौर पर खिलाते हो। इसमें रेड्डी पाँच… pic.twitter.com/2oFyrsWU54
टैग्स