होम / सोशल मीडिया / फेसबुक इंडिया की महिला अधिकारी ने दिया इस्तीफा, बताई यह वजह
फेसबुक इंडिया की महिला अधिकारी ने दिया इस्तीफा, बताई यह वजह
सोशल मीडिया कंपनी ‘फेसबुक इंडिया’ (Facebook India) की पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर अंखी दास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
सोशल मीडिया कंपनी ‘फेसबुक इंडिया’ (Facebook India) की पब्लिक पॉलिसी डायरेक्टर अंखी दास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी के अनुसार, उन्होंने जन सेवा में अपनी रुचि के अनुसार काम करने के लिए यह कदम उठाया है।
अपने इस कदम के बारे में अंखी दास ने कहा, ‘मैंने फेसबुक से इस्तीफा देने का निर्णय किया है ताकि जन सेवा में अपनी व्यक्तिगत रूचि के अनुसार काम कर सकूं। वर्ष 2011 में जब मैंने फेसबुक जॉइन किया था, तब देश में इंटरनेट का विकास काफी कम था और मैं सोचती थी कि सामाजिक और आर्थिक विषमता को कैसे दूर किया जाए। देश के लोगों को जोड़ने के अपने मिशन और उद्देश्य के तहत उस समय हम एक छोटा सा स्टार्टअप थे। नौ साल के लंबे समय के बाद मुझे लगता है कि यह मिशन काफी हद तक पूरा हो चुका है।’
वहीं, दास के इस निर्णय के बारे में ‘फेसबुक इंडिया’ के हेड अजीत मोहन ने कहा, ‘अंखी दास ने फेसबुक में अपने पद से हटने का निर्णय किया है। उन्होंने जन सेवा में अपनी रुचि के अनुसार काम करने के लिये यह कदम उठाया है। अंखी हमारे उन पुराने कर्मचारियों में शामिल हैं, जिन्होंने भारत में कंपनी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई। वह पिछले नौ साल से अधिक समय से अपनी सेवा दे रही थीं। वह पिछले दो साल से मेरी टीम का हिस्सा थी। उन्हें जो भूमिका दी गई थी, उसमें उन्होंने शानदार योगदान दिया। हम उनकी सेवा के आभारी हैं और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’
गौरतलब है कि पिछले दिनों ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ में फेसबुक हेट-स्पीच रूल्स कोलाइड विद इंडियन पॉलिटिक्स शीर्षक से प्रकाशित रिपोर्ट के बाद भारत में सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया था। अमेरिकी अखबार की इस रिपोर्ट में अंखी दास का जिक्र करते हुए कहा था कि फेसबुक भारत में बीजेपी नेताओं के हेट स्पीच के मामलों में नियम में ढील बरतता है। इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने बीजेपी-आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा था कि फेसबुक और वॉट्सऐप इनके कब्जे में हैं, जिसके जरिये ये नफरत और फेक न्यूज फैलाते हैं।
टैग्स फेसबुक अजीत मोहन अंखी दास फेसबुक पॉलिसी