होम / सोशल मीडिया / एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने की डील की पूरी, CEO पराग अग्रवाल की हुई छुट्टी: रिपोर्ट
एलन मस्क ने ट्विटर खरीदने की डील की पूरी, CEO पराग अग्रवाल की हुई छुट्टी: रिपोर्ट
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदने की डील पूरी कर ली है और वह अब ट्विटर के नए मालिक बन गए हैं
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को खरीदने की डील पूरी कर ली है और वह अब ट्विटर के नए मालिक बन गए हैं।
अमेरिकी मीडिया की मानें तो डील पूरी करने के साथ ही मस्क एक्शन में आ गए हैं। उन्होंने कंपनी के भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल और दो अन्य टॉप अधिकारियों की छुट्टी कर दी है। भारतीय मूल के पराग अग्रवाल आईआईटी बॉम्बे से पढ़े हैं और नवंबर 2021 में ट्विटर के सीईओ बने थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अन्य जिन दो अधिकारियों की छुट्टी की गई है, उनमें कंपनी की पॉलिसी हेड विजया गडे (Vijaya Gadde) और चीफ फाइनेंसियल ऑफिसर नेड सेगल (Ned Segal) के नाम शामिल हैं। विजया गडे भी भारतीय मूल की हैं और वे ट्विटर में लीगल, पॉलिसी और ट्रस्ट की प्रमुख थीं।
ट्विटर की ओर फिलहाल इस बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ट्विटर के को-फाउंडर बिज स्टोन ने एक ट्विट में सीईओ पराग अग्रवाल, सीएफ़ओ नेड सीगल और लीगल हेड विजया गडे का धन्यवाद किया है।
Thank you to @paraga, @vijaya, and @nedsegal for the collective contribution to Twitter. Massive talents, all, and beautiful humans each!
— Biz Stone (@biz) October 28, 2022
वहीं, इस डील के पूरी होने से मस्क और ट्विटर के बीच पिछले कई महीने से चल रहा विवाद अब खत्म हो गया है। मस्क ने ट्विटर की खरीदने के लिए 44 अरब डॉलर का ऑफर दिया था, लेकिन बाद में वह इससे मुकर गए थे। इसके बाद ट्विटर ने उन्हें कोर्ट में घसीट लिया था। यदि मस्क शुक्रवार तक इस डील को आगे नहीं बढ़ाते तो कोर्ट में इस मामले की सुनवाई शुरू हो जाती, लेकिन कोर्ट की तय डेडलाइन से पहले ही टेस्ला के सीईओ मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर का अधिग्रहण कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ट्विटर ने अधिकारियों को निकाले जाने के संबंध में कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लेकिन मस्क के इस ऐक्शन से ट्विटर के कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। हालांकि मस्क की ओर से ट्विटर के कर्मचारियों से कहा गया है कि वह 75 प्रतिशत कर्मचारियों की छंटनी नहीं करेंगे। पहले इस तरह की खबरें थीं कि मस्क ट्विटर कर्मचारियों से 75 प्रतिशत या 5600 कर्मचारियों को निकाल देंगे।
टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, मस्क ने बुधवार देर रात ट्विटर मुख्यालय का दौरा किया और कर्मचारियों को साफ कर दिया कि वह इतने लोगों को नौकरी से नहीं निकालेंगे।
टैग्स ट्विटर पराग अग्रवाल एलन मस्क