होम / सोशल मीडिया / विकास भदौरिया की कौन सी रिकॉर्डिंग है रोहिणी सिंह के पास? मीडिया में हो रही है चर्चा
विकास भदौरिया की कौन सी रिकॉर्डिंग है रोहिणी सिंह के पास? मीडिया में हो रही है चर्चा
विकास ने अभी तक इस मामले में चुप्पी साध रखी है और ट्वीट का जवाब तक नहीं दिया है
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
न्यूज पोर्टल ‘द वायर’ (The Wire) और अमित शाह के बेटे जय शाह की खबर को लेकर जो कोर्ट केस चल रहा है, उसमें अचानक तब एक बड़ा मोड़ आ गया, जब ‘द वायर’ की पत्रकार रोहिणी सिंह ने केस को खत्म करने की अपनी याचिका सुप्रीम कोर्ट में वापस ले ली। हाई कोर्ट ने पहले ही इसे खारिज कर दिया था। याचिका वापस लेने से जस्टिस अरुण मिश्रा ने इसे पीत पत्रकारिता बताते हुए कई तीखे कमेंट भी सुनवाई के दौरान किए। उन्होंने ये भी कहा कि जय शाह को जवाब देने के लिए न्यूज पोर्टल द्वारा चार-पांच घंटे का ही समय दिया गया।
अब इसको लेकर एबीपी न्यूज के रिपोर्टर विकास भदौरिया ने एक ट्वीट किया तो जय शाह के खिलाफ रिपोर्ट फाइल करने वालीं रोहिणी सिंह बिफर गईं और ट्वीट्स के जरिए जो लिखा, वो मीडिया जगत में चर्चा का विषय बन गया है। सवाल उठने लगे हैं कि आखिर रोहिणी सिंह के पास विकास भदौरिया की ऐसी कौन सी रिकॉर्डिंग्स हैं, जो अमित शाह के दरबार में उनकी वैल्यू कम कर सकती हैं।
जब से मोदी सरकार आई है, विकास भदौरिया धीरे-धीरे अपने ट्वीट्स के चलते राष्ट्रवादी खेमे में गिने जाने लगे थे, चुनावी कैम्पेन के दौरान मोदी ने अहमदाबाद में चलती गाड़ी में उनका हाल भी पूछा था। वो विडियो काफी चर्चा में रहा था। ऐसे में द वायर की याचिका वापसी औऱ सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों को लेकर विकास ने एक ट्वीट किया, ‘द वायर ने @AmitShah के बेटे जय शाह मानहानि मामले में सुप्रीम कोर्ट से याचिका वापस ली। कोर्ट ने बिना किसी को जवाब का मौका दिए उनके खिलाफ खबर छापने पर नाखुशी जताई। सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत से मुकदमा तेजी से निपटाने के लिए कहा।’
हालांकि इस ट्वीट में कुछ भी ऑफेंसिव नहीं था, रोहिणी सिंह के खिलाफ कुछ नहीं था। लेकिन रोहिणी सिंह को ये नागवार गुजरा और उन्होंने विकास को एक ट्वीट रिप्लाई में किया।
इस ट्वीट में वो लिखती है, विकास जी सच तो आप जानते हैं, दो पूरे दिन का टाइम दिया था। उसके रिकॉर्ड भी है, ये बात तो आपको भी पता है। याद दिला दूं कि जिस दिन स्टोरी आई थी आपने फोन करके बधाई देने के बाद क्या बोला था...उसका भी रिकॉर्ड है।
Vikasji, sach to aap bhi jaante hain. Do poore din ka time diya tha. Uske records bhi hain. Yeh baat to aapko bhi pata hai. Yaad dila doon ki jis din story aayi thi apne phone karke, badhayi dene ke baad, kya bola tha. Uska bhi record hai. https://t.co/SaVQMVgGDA
— Rohini Singh (@rohini_sgh) August 27, 2019
विकास भदौरिया ने बधाई दी तो दी, लेकिन विकास ने ‘और’ ऐसा क्या कहा, जिसके बारे में इशारा रोहिणी सिंह अपनी ट्वीट में कर रही हैं, जिसे उन्होंने रिकॉर्ड कर लिया था, इसकी चर्चा हो रही है। हालांकि विकास ने अभी तक इस मामले में चुप्पी साध रखी है, ट्वीट का जवाब तक नहीं दिया है। लेकिन इस मामले को थोड़ा और आगे बढ़ाया रोहिणी सिंह ने एक और व्यक्ति के ट्वीट के जवाब में।
रोहिणी ने सीधे विकास को निशान बनाते हुए लिखा, ‘कुछ लोग @AmitShah की पब्लिक में चापलूसी करते है और प्राइवेटली फोन करके क्या बोलते हैं, उसमे जमीन-आसमान का फर्क है। विकास जी ने तो मुझे मेरी जाति भी याद दिलवा दी थी।’
जाहिर है रोहिणी सिंह ने खुलकर विकास के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, उन्हें अमित शाह का चापलूस बताया है, इतना ही नहीं जातिवादी घेरेबंदी करने का भी आरोप लगाया है। वो लिख रही हैं कि जय शाह की स्टोरी से विकास खुश थे और विकास ने इस मौके पर उनकी जाति भी याद दिलवा दी थी। दरअसल, दोनों ही ठाकुर हैं। ऐसे में मीडिया में पहले ही जातिवादी घेरेबंदी के आरोप लगते रहे हैं तो कोई भी इसे सच मान सकता है।
लेकिन ये प्राइवेट फोन करके विकास ने रोहिणी को क्या बोला और क्या रिकॉर्डिंग्स हैं विकास की रोहिणी के पास, इसको लेकर मीडिया में चर्चा चल रही हैं। ये माना जा रहा है कि इन रिकॉर्डिंग्स में विकास ने पक्के तौर पर अमित शाह और बीजेपी के खिलाफ ही कुछ बोला है, तभी रोहिणी सिंह ने इसे संभाल कर रखा है। अब विकास खामोश हैं, पर इंतजार है कि रोहिणी सिंह कब इस रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक करेंगी?
टैग्स अमित शाह द वायर विकास भदौरिया रोहिणी सिंह जय शाह