होम / रेडियो / जानिए, ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड पर क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
जानिए, ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड पर क्या बोले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
करीब नौ साल पहले वर्ष 2014 में यह विशेष रेडियो कार्यक्रम शुरू हुआ था। तब से यह रेडियो कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित होता है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) ने 30 अप्रैल को 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। करीब नौ साल पहले वर्ष 2014 में यह विशेष रेडियो कार्यक्रम शुरू हुआ था। तब से यह रेडियो कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे प्रसारित होता है। अब इस कार्यक्रम के 100वें एपिसोड पर 30 अप्रैल यानी रविवार को सुबह 11 बजे से एक बार फिर इस कार्यक्रम के जरिये पीएम मोदी देशवासियों से जुड़े और उनसे संवाद किया।
यही नहीं, ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 100वें एपिसोड का प्रसारण होने के बाद पीएम ने एक ट्वीट कर लोगों का धन्यवाद भी अदा किया। अपने ट्वीट में मोदी ने लिखा, ‘ मैं भारत और दुनिया भर के लोगों को धन्यवाद देता हूं जो मन की बात के 100वां एपिसोड से जुड़े। मैं उन सभी से आग्रह करता हूं, जिन्होंने कार्यक्रम को सुना है कि वे उन विशेष पलों की तस्वीरें साझा करें।’
I thank people across India and the world who have tuned in to #MannKiBaat100. Truly humbled by the enthusiasm.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 30, 2023
I urge all those who heard the programme to share pictures of those special moments. You can do so on the NaMo App or through this link. https://t.co/riv9EpfHvk
इसके साथ ही पीएम ने मन की बात कार्यक्रम के 100वें एपिसोड में देश भर की मीडिया खासकर न्यूज चैनल्स को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपने मन की बात कार्यक्रम के बीच में कामर्शियल एड के लिए मेरे कार्यक्रम को रोका नहीं, इसके लिए आभार। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अन्य मीडिया माध्यमों का भी आभार जताया।
बता दें कि इस रेडियो कार्यक्रम के 100वें एपिसोड को यादगार बनाने के लिए देश-विदेश में तमाम विशेष इंतजाम किए गए। 'मन की बात' के लाइव प्रसारण के लिए देशभर में बूथ स्तर पर चार लाख सेंटर बनाए गए, जहां से इस रेडियो कार्यक्रम को प्रसारित किया गया। वहीं, अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय से लेकर ब्रिटेन की राजधानी लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने पीएम मोदी के इस खास संबोधन का लाइव प्रसारण किया। इस खास मौके पर माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भी पीएम मोदी को बधाई दी।
देशवासियों से ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड में पीएम ने चरैवेति चरैवेति यानी चलते रहो-चलते रहो पर जोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज हम इसी चरैवेति चरैवेति की भावना के साथ ‘मन की बात’ का 100वां एपिसोड पूरा कर रहे हैं। उनका कहना था कि एक तरह से ‘मन की बात’ का हर एपिसोड अगले एपिसोड के लिए जमीन तैयार करता है।
पीएम का यह भी कहना था कि ‘मन की बात’ महज एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आस्था, पूजा और व्रत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोग ईश्वर की पूजा करने जाते हैं और प्रसाद की थाली लाते हैं, मेरे लिए मन की बात ईश्वर रूपी जनता जनार्दन के चरणों में प्रसाद की थाली की तरह है। इस दौरान प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि 'मन की बात' की रिकॉर्डिंग के समय वह कई बार भावुक भी हुए, जिसकी वजह से कई बार दोबारा रिकॉर्डिंग की गई।
गौरतलब है कि इस रेडियो कार्यक्रम की शुरुआत के बाद से इन नौ सालों में पीएम मोदी ने तमाम अनछुए पहलुओं को देशवासियों के सामने रखा तथा लोगों से सीधा संवाद किया है। इस कार्यक्रम का 23 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों में अनुवाद किया जाता है। इस कार्यक्रम में मौसम, पर्यावरण, स्वच्छता समेत विभिन्न सामाजिक मुद्दों को शामिल किया गया है। इसके अलावा अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण काम कर रहे 500 से अधिक भारतीयों से भी पीएम ने इस रेडियो कार्यक्रम के जरिये अब तक बात की है।
30 अप्रैल को 'मन की बात' के 100वें एपिसोड को आप यहां देख व सुन सकते हैं।
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी पीएम मन की बात प्राइम मिनिस्टर प्रधानमंत्री मोदी रेडियो कार्यक्रम 100 एपिसोड