होम / रेडियो / रेडियो मिर्ची की मूल कंपनी ENIL को मजबूत बढ़त, डिजिटल कारोबार बना कमाई का नया इंजन
रेडियो मिर्ची की मूल कंपनी ENIL को मजबूत बढ़त, डिजिटल कारोबार बना कमाई का नया इंजन
ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म 'गाना' (Gaana) का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) ने सितंबर 2025 में खत्म हुई दूसरी तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
एफएम रेडियो चैनल 'रेडियो मिर्ची' और ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म 'गाना' (Gaana) का संचालन करने वाली कंपनी एंटरटेनमेंट नेटवर्क (इंडिया) लिमिटेड (ENIL) ने सितंबर 2025 में खत्म हुई दूसरी तिमाही और पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए हैं।
कंपनी ने दूसरी तिमाही (Q2FY26) में कुल 141 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछले साल की तुलना में 24.3% की बढ़त दर्शाता है। घरेलू कारोबार से कंपनी को 135.4 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले साल की समान अवधि से 23.7% अधिक है। यह वृद्धि मुख्य रूप से इवेंट्स, सॉल्यूशंस और डिजिटल कारोबार में शानदार प्रदर्शन की वजह से हुई।
कंपनी का घरेलू EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और अमॉर्टाइजेशन से पहले का लाभ) 5% बढ़ा, जो यह दिखाता है कि कंपनी की अलग-अलग तरह की रणनीतिक का असर मजबूती से दिख रहा है। यदि डिजिटल कारोबार को छोड़ दिया जाए, तो EBITDA 20 करोड़ रुपये रहा और EBITDA मार्जिन 19.3% पर स्थिर रहा।
ENIL का डिजिटल कारोबार इस तिमाही में बेहद तेजी से बढ़ा। डिजिटल से कंपनी को 31.5 करोड़ रुपये की आय हुई, जो अब कंपनी के कोर रेडियो विज्ञापन राजस्व का 52.5% हिस्सा बन गया है, जबकि पिछले साल यही हिस्सा सिर्फ 21.4% था। यह उछाल मुख्य रूप से Gaana प्लेटफॉर्म पर बढ़ते यूजर बेस और मजबूत एंगेजमेंट की वजह से आया। खास बात यह रही कि यह वृद्धि कम निवेश के साथ हासिल हुई। डिजिटल बिजनेस में निवेश घटकर 12.9 करोड़ से 9.8 करोड़ रुपये रह गया।
हालांकि रेडियो विज्ञापन कारोबार पर अब भी कमजोर मांग और विज्ञापनदाताओं की सतर्कता का असर दिखा, लेकिन ENIL के डिजिटल, इवेंट्स और ब्रैंडेड सॉल्यूशंस से हुई तेज वृद्धि ने इस कमी को पूरा कर दिया। कंपनी की इंटरनेशनल यूनिट ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और 5.9 करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया, जो पिछले साल की तुलना में 35% अधिक है।
कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है। 30 सितंबर 2025 तक ENIL के पास 344.7 करोड़ रुपये की नकद राशि (cash balance) थी, जो उसकी स्थिरता और मजबूत प्रबंधन को दर्शाता है।
कंपनी के सीईओ यतीश महर्षि ने कहा, “इस तिमाही के नतीजे हमारे ट्रांसफॉर्मेशन जर्नी की सफलता और विविध कारोबारी मॉडल की ताकत को दिखाते हैं। डिजिटल, इवेंट्स और सॉल्यूशंस से मिली मजबूत ग्रोथ बताती है कि हम एक फुल-स्पेक्ट्रम ऑडियो एंटरटेनमेंट कंपनी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पारंपरिक मीडिया में विज्ञापन मांग धीमी रहने के बावजूद, हमारी विविधता और नए राजस्व स्रोतों ने हमें संतुलित बनाए रखा है। आने वाले समय में कंपनी अपने ट्रांसफॉर्मेशन को और तेज करेगी, ताकि उसका बिजनेस पोर्टफोलियो भविष्य के लिए तैयार और संतुलित बन सके।
बता दें कि ENIL की स्थापना जून 1999 में हुई थी और यह BSE व NSE में सूचीबद्ध कंपनी है। इसका मुख्यालय मुंबई में है और यह देश के 63 शहरों में एफएम रेडियो स्टेशन संचालित करती है। कंपनी की प्रमोटर है बेनेट, कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (BCCL), जो टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप की प्रमुख कंपनी है और भारत के सबसे पुराने और बड़े मीडिया समूहों में से एक है।
टैग्स