होम / प्रिंट / पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ अखबारों का काला विरोध, पहले पन्ने पर दर्द व सवाल
पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ अखबारों का काला विरोध, पहले पन्ने पर दर्द व सवाल
पिछले दिनों पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को कश्मीर के प्रमुख अखबारों ने अपने पहले पन्ने पर 'ब्लैकआउट' कर एक सशक्त प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल पहलगाम के बैसरन में मंगलवार दोपहर आतंकियों ने हमला किया। इस हमले में 28 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें से ज्यादातर पर्यटक थे, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इस भीषण आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को कश्मीर के प्रमुख अखबारों ने अपने पहले पन्ने पर 'ब्लैकआउट' कर एक सशक्त प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया।
'ग्रेटर कश्मीर', 'राइजिंग कश्मीर', 'कश्मीर उजमा', 'आफताब' और 'तमीले इरशाद' समेत घाटी के नामचीन अंग्रेजी और उर्दू दैनिकों ने परंपरागत डिजाइन को छोड़ते हुए अपने पहले पन्ने को पूरी तरह काले रंग में प्रकाशित किया। हेडलाइन और संपादकीय सफेद और लाल रंग में छापे गए, जिससे दर्द और आक्रोश का स्पष्ट संदेश उभरकर सामने आया।
‘‘ग्रुसम: कश्मीर गटेड, कश्मीरीज ग्रीविंग’’ (भयावह: कश्मीर तबाह, शोक में कश्मीरी) 'ग्रेटर कश्मीर' ने इस हेडलाइन के साथ हमले की गंभीरता को रेखांकित किया। इसके बाद लाल रंग में उपशीर्षक दिया गया ‘‘26 किल्ड इन डेडली टेरर अटैक इन पहलगाम’’ (पहलगाम में भयावह आतंकी हमले में 26 की मौत)।
अखबार के पहले पन्ने पर छपे संपादकीय का शीर्षक था, ‘‘द मैसकर इन द मेडो - प्रोटेक्ट कश्मीर्स सोल’’ (घाटी में कत्लेआम – कश्मीर की रूह की हिफाजत जरूरी), जिसमें निर्दोष जानों की क्षति पर गहरा शोक जताया गया और घाटी की शांति व सौंदर्य की छवि पर पड़े साये को लेकर चिंता जाहिर की गई।
संपादकीय में लिखा गया – “यह नृशंस हमला सिर्फ इंसानों पर नहीं, बल्कि कश्मीर की पहचान, संस्कृति, मेहमाननवाजी और अर्थव्यवस्था पर सीधा वार है। कश्मीर की आत्मा इस बर्बरता की घोर निंदा करती है और उन परिवारों के साथ गहरी संवेदना प्रकट करती है, जो यहां सुंदरता खोजने आए थे, लेकिन त्रासदी ले गए।”
लेख में यह भी उठाया गया कि जिस बेताब घाटी में यह हमला हुआ, वहां केवल पैदल या खच्चर के जरिए ही पहुंचा जा सकता है। ऐसे में इतने दुर्गम और पर्यटकों से भरे इलाके में हमला होना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर चूक को दर्शाता है। “यह घटना खुफिया और समन्वय के स्तर पर गहरी खामी का संकेत है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह एक चेतावनी है जिसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए।”
अखबारों ने सरकार, सुरक्षाबलों, सिविल सोसाइटी और आम नागरिकों से मिलकर एकजुट होकर आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की मांग की। संपादकीय में यह भी कहा गया, “कश्मीर के लोगों ने वर्षों से हिंसा झेली है, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा। यह हमला हमें बांटने नहीं, बल्कि आतंक के खिलाफ एकजुट करने का अवसर होना चाहिए।”
अंत में आह्वान किया गया कि “आइए मिलकर यह सुनिश्चित करें कि पहलगाम की वादियों में फिर से हंसी गूंजे, गोलियों की आवाज नहीं। और कश्मीर, एक बार फिर अमन और तरक्की की मिसाल बने।”
यह संपादकीय प्रदर्शन न केवल घाटी की पत्रकारिता का साहस दिखाता है, बल्कि आम कश्मीरियों की आवाज को भी मुखर करता है – जो शांति चाहते हैं, और हर तरह की हिंसा के खिलाफ खड़े हैं।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय अखबार 'दैनिक जागरण' ने भी पहलगाम हमले के विरोध में अपना फ्रंट पेज ब्लैक एंड व्हाइट किया और शीर्षक दिया- कश्मीर में आतंकी हमला, 28 की मौत। यह शीर्षक लाल रंग में छापा गया।
टैग्स