होम / प्रिंट / FY25 में HT मीडिया का शानदार प्रदर्शन, कंपनी को हुआ लाभ
FY25 में HT मीडिया का शानदार प्रदर्शन, कंपनी को हुआ लाभ
एचटी मीडिया ने वित्तीय वर्ष 2024-25 (FY25) में अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार दर्ज किया है। कंपनी ने FY24 में दर्ज किए गए ₹92 करोड़ के शुद्ध घाटे से उबरते हुए FY25 में ₹14 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 5 months ago
एचटी मीडिया ने वित्तीय वर्ष 2024-25 (FY25) में अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार दर्ज किया है। कंपनी ने FY24 में दर्ज किए गए ₹92 करोड़ के शुद्ध घाटे से उबरते हुए FY25 में ₹14 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाया। यह ₹106 करोड़ का सुधार है, जो विभिन्न कारोबारी क्षेत्रों में हुई वृद्धि से संभव हुआ।
कंपनी की कुल आय साल-दर-साल आधार पर 7.3% बढ़ी, जो FY24 के ₹1,886 करोड़ से बढ़कर FY25 में ₹2,025 करोड़ हो गई। परिचालन राजस्व 6.5% की वृद्धि के साथ ₹1,695 करोड़ से बढ़कर ₹1,806 करोड़ पर पहुंच गया।
हालांकि, विज्ञापन से होने वाली आय लगभग स्थिर रही और FY24 के ₹1,070.04 करोड़ के मुकाबले FY25 में ₹1,070.7 करोड़ पर रही। दूसरी ओर, गैर-प्रमुख आय स्रोतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। रद्दी, वेस्ट पेपर और पुराने प्रकाशनों की बिक्री से आय FY24 के ₹17.36 करोड़ से बढ़कर FY25 में ₹19.13 करोड़ हो गई।
प्रिंट सेगमेंट सबसे बड़ा योगदानकर्ता बना रहा, जहां FY25 में राजस्व ₹1,393 करोड़ रहा, जो FY24 के ₹1,386 करोड़ से मामूली अधिक है। रेडियो से आय FY24 के ₹157 करोड़ से बढ़कर FY25 में ₹204 करोड़ पर पहुंच गई। वहीं, डिजिटल सेगमेंट ने सबसे मजबूत प्रदर्शन किया और 37% की छलांग लगाते हुए FY24 के ₹154 करोड़ से बढ़कर FY25 में ₹212 करोड़ पर पहुंच गया।
कंपनी का परिचालन प्रदर्शन भी काफी मजबूत रहा। EBITDA साल-दर-साल 58% बढ़कर FY24 के ₹118 करोड़ से बढ़कर FY25 में ₹187 करोड़ हो गया। वहीं, मूल्यह्रास और अमूर्त संपत्ति व्यय 17% घटकर FY24 के ₹119 करोड़ से कम होकर FY25 में ₹98 करोड़ रह गया। कुल खर्च FY24 के ₹1,964 करोड़ से मामूली बढ़कर FY25 में ₹2,003 करोड़ हो गया। हालांकि, विज्ञापन और बिक्री पर होने वाला खर्च FY24 के ₹124.5 करोड़ से दोगुने से अधिक बढ़कर FY25 में ₹233 करोड़ हो गया।
एचटी मीडिया की चेयरपर्सन और एडिटोरियल डायरेक्टर शोभना भरतिया ने इस मजबूत प्रदर्शन का श्रेय दक्षता उपायों और विभिन्न कारोबारों की मजबूती को दिया। उन्होंने कहा, “साल की शुरुआत में बाहरी चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिनमें राष्ट्रीय चुनावों से पहले आचार संहिता लागू होने के दौरान विज्ञापन माहौल का सुस्त रहना भी शामिल था। इसके बावजूद हमने साल का समापन उच्च राजस्व और बेहतर लाभप्रदता के साथ किया, जहां सभी कारोबारों ने कुल प्रदर्शन में सार्थक योगदान दिया। हमारा प्रदर्शन मूल्य निर्धारण अनुशासन, लागत प्रबंधन, बेहतर परिचालन दक्षता और अनुकूल कमोडिटी लागत चक्र के मेल का नतीजा रहा।”
प्रिंट सेगमेंट को लेकर भरतिया ने कहा कि राजस्व स्थिर रहा, लेकिन लाभप्रदता में उल्लेखनीय सुधार हुआ, जो कम समाचार प्रिंट कीमतों और सावधानीपूर्ण लागत नियंत्रण के चलते संभव हुआ। उन्होंने आगे कहा, “हमारे प्रमुख दैनिक हिन्दुस्तान टाइम्स, हिन्दुस्तान और मिं ने संपादकीय नेतृत्व जारी रखा और पाठकों का विश्वास बनाए रखा। इन ब्रैंड्स के डिजिटल विस्तार ने भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है, जिससे हमारी सामग्री अधिक और विविध पाठक वर्ग तक पहुंच रही है।”
डिजिटल और रेडियो कारोबारों की मजबूत वृद्धि तथा प्रिंट के स्थिर प्रदर्शन के साथ, एचटी मीडिया का यह सुधार विविधीकरण और अनुशासित कार्यान्वयन के लाभ को दर्शाता है।
टैग्स