BW बिजनेसवर्ल्ड के नए अंक में लग्जरी मार्केट और सस्टेनेबिलिटी पर खास फोकस

बिजनेस और कॉरपोरेट जगत से जुड़ी प्रमुख मैगजीन BW बिजनेसवर्ल्ड ने अपना नया अंक जारी किया है। इस बार मैगजीन में भारतीय कारोबार को प्रभावित करने वाले दो अहम मुद्दों को खास जगह दी गई है।

Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
BWBusinessworld655


बिजनेस और कॉरपोरेट जगत से जुड़ी प्रमुख मैगजीन BW बिजनेसवर्ल्ड ने अपना नया अंक जारी किया है। इस बार मैगजीन में भारतीय कारोबार को प्रभावित करने वाले दो अहम मुद्दों को खास जगह दी गई है। इनमें पहला है भारत के तेजी से बदलते लग्जरी मार्केट (Luxury Market) का स्वरूप और दूसरा है कंपनियों के बिजनेस फैसलों में सस्टेनेबिलिटी (Sustainability) की बढ़ती भूमिका। नए अंक में इन दोनों विषयों पर दो खास कवर स्टोरी प्रकाशित की गई हैं। इनके जरिए यह समझने की कोशिश की गई है कि बदलती उपभोक्ता पसंद, कंपनियों की नई प्राथमिकताएं और लंबे समय तक कारोबार को बेहतर बनाए रखने की जरूरत किस तरह अलग-अलग इंडस्ट्री की रणनीतियों को बदल रही है।

मैगजीन का सालाना लग्जरी स्पेशल (Luxury Special) भारत में लग्जरी की बदलती परिभाषा पर रोशनी डालता है। वहीं, दूसरी कवर स्टोरी में बताया गया है कि सस्टेनेबिलिटी अब कंपनियों के लिए केवल पर्यावरण से जुड़ी जिम्मेदारी नहीं रह गई है, बल्कि यह उनके कारोबारी फैसलों और भविष्य की योजनाओं का भी अहम हिस्सा बनती जा रही है।

बदल रही है भारत में लग्जरी की परिभाषा

BW Businessworld के नए अंक का लग्जरी स्पेशल बताता है कि भारत में लग्जरी का मतलब अब केवल महंगे सामान, बड़े ब्रांड के लोगो और दिखावे तक सीमित नहीं रह गया है। आज के लग्जरी ग्राहक किसी ब्रांड को चुनते समय उसकी वैल्यू, कारीगरी, गुणवत्ता, असलियत और उससे मिलने वाले अनुभव को भी महत्व दे रहे हैं।

खास बात यह है कि भारतीय ग्राहक अब ऐसे ब्रांड्स की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं, जो देश की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कारीगरी को अपने प्रोडक्ट्स में जगह देते हैं। इससे देश के घरेलू लग्जरी ब्रांड्स के लिए भी नए मौके बन रहे हैं।

लग्जरी खरीदारी में सस्टेनेबिलिटी भी एक अहम पहलू बनकर उभरी है। अब जागरूक ग्राहक उन ब्रांड्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं, जो जिम्मेदारी के साथ कारोबार करने और पर्यावरण को ध्यान में रखकर काम करने का स्पष्ट संदेश देते हैं।

इसके अलावा, लोगों की बढ़ती आमदनी, शिक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी और लग्जरी ब्रांड्स के बारे में बढ़ती जानकारी ने इस मार्केट का दायरा भी बढ़ाया है। अब लग्जरी प्रोडक्ट्स की मांग केवल बड़े महानगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के टियर-2 शहरों में भी प्रीमियम ब्रांड्स की पहुंच बढ़ रही है।

2034 तक 18.8 अरब डॉलर का हो सकता है लग्जरी मार्केट

इस अंक में भारत के लग्जरी मार्केट की ग्रोथ को लेकर भी अहम अनुमान दिए गए हैं। इंडस्ट्री के अनुमानों के मुताबिक, भारत का लग्जरी मार्केट 2034 तक 18.8 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। साल 2026 से 2034 के बीच इस मार्केट के 6.17 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ने का अनुमान है।

मैगजीन में इस बात पर भी ध्यान दिया गया है कि भारतीय लग्जरी ब्रांड्स को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। फॉरेस्ट एसेंशियल्स (Forest Essentials) और डिजाइनर गौरव गुप्ता जैसे नाम भारतीय कारीगरी, डिजाइन और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने पेश कर रहे हैं।

इसके साथ ही लग्जरी रिटेल, ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में बेहतर गुणवत्ता, खास अनुभव और ग्राहकों की पसंद के मुताबिक सेवाएं देने यानी हाइपर-पर्सनलाइजेशन (Hyper-personalisation) को इस मार्केट की ग्रोथ के अहम कारणों के तौर पर देखा गया है।

सस्टेनेबिलिटी अब कंपनियों के बोर्डरूम तक पहुंची

मैगजीन की दूसरी कवर स्टोरी सस्टेनेबिलिटी पर केंद्रित है। इसमें बताया गया है कि कंपनियों के लिए अब केवल पर्यावरण संरक्षण को लेकर वादे करना या उत्सर्जन कम करने के लक्ष्य घोषित करना काफी नहीं है। असली चुनौती इन लक्ष्यों को अपने रोजमर्रा के कारोबार और फैसलों में लागू करने की है।

इस स्टोरी में बताया गया है कि कंपनियां किस तरह अपने कामकाज में बदलाव, सप्लायर्स की जवाबदेही तय करने और जलवायु से जुड़े जोखिमों से निपटने के लिए निवेश कर रही हैं। कंपनियों के सामने एक बड़ी चुनौती यह भी है कि वे पर्यावरण से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करते हुए मौजूदा लागत और भविष्य के जोखिमों के बीच संतुलन कैसे बनाएं।

यानी अब सस्टेनेबिलिटी केवल कंपनियों की सालाना रिपोर्ट या पर्यावरण से जुड़े लक्ष्यों तक सीमित नहीं है। यह पूंजी निवेश, ऑपरेशनल फैसलों और लंबे समय तक मार्केट में प्रतिस्पर्धी बने रहने की रणनीति का हिस्सा बन रही है।

Sustainability 40Under40 में उभरते लीडर्स को जगह

इस नए अंक का एक खास आकर्षण 'Sustainability 40Under40' फीचर भी है। इसमें ऐसे उभरते लीडर्स और वरिष्ठ अधिकारियों को जगह दी गई है, जो कारोबार की जरूरतों और पर्यावरण से जुड़ी जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाकर काम कर रहे हैं।

इस फीचर के जरिए उन लोगों के प्रयासों को सामने लाया गया है, जो कंपनियों में सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी पहल को आगे बढ़ा रहे हैं। इन लीडर्स को रोजमर्रा के कामकाज की चुनौतियों, संसाधनों की सीमाओं और लंबे समय तक बेहतर बिजनेस प्रदर्शन बनाए रखने जैसी कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

इसके अलावा, मैगजीन में 'Sustainable World Awards' को भी शामिल किया गया है। इन अवॉर्ड्स के जरिए क्लाइमेट एक्शन, जल संरक्षण और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल जैसे क्षेत्रों में काम करने वाली पहलों को पहचान दी गई है। इनका मकसद ऐसी कोशिशों को सामने लाना है, जिनका पर्यावरण पर वास्तविक और सकारात्मक असर पड़ रहा है।

लग्जरी और सस्टेनेबिलिटी दोनों में दिख रहा है बदलाव: डॉ. अनुराग बत्रा

BW Businessworld के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ डॉ. अनुराग बत्रा (Dr Annurag Batra) ने नए अंक को लेकर कहा कि भारत में लग्जरी अब केवल बड़े लोगो या दिखावे का नाम नहीं रह गई है। यह अब ब्रांड की वैल्यू, कारीगरी और ग्राहकों को मिलने वाले अनुभव से जुड़ रही है।

उनके मुताबिक, आज के भारतीय ग्राहक पहले के मुकाबले ज्यादा जागरूक और आत्मविश्वासी हैं। वे ऐसे ब्रांड्स को महत्व दे रहे हैं, जिनकी अपनी एक सोच और पहचान है।

उन्होंने सस्टेनेबिलिटी पर कहा कि यह विषय अब कंपनियों की सस्टेनेबिलिटी रिपोर्ट से निकलकर बोर्डरूम तक पहुंच गया है। अब यह सवाल केवल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी दिखाने का नहीं, बल्कि पूंजी के सही इस्तेमाल और लंबे समय तक कारोबार को प्रतिस्पर्धी बनाए रखने का भी है।

डॉ. बत्रा ने कहा कि इस अंक में इन दोनों बदलावों को जगह दी गई है और उन लोगों के विचारों को सामने लाने की कोशिश की गई है, जो इन क्षेत्रों को नई दिशा दे रहे हैं।

बदलती कारोबारी सोच को समझने की कोशिश: नूर फातिमा वारसिया

BW Businessworld की ग्रुप एडिटोरियल डायरेक्टर नूर फातिमा वारसिया (Noor Fathima Warsia) ने कहा कि इस अंक की दोनों कवर स्टोरी कारोबार और ग्राहकों की सोच में आ रहे बड़े बदलावों को दिखाती हैं।

उन्होंने कहा कि भारत का लग्जरी मार्केट तेजी से बदल रहा है। ग्राहक अब ब्रांड्स से केवल प्रोडक्ट नहीं, बल्कि असलियत, अपनी पसंद के मुताबिक अनुभव और बेहतर जुड़ाव भी चाहते हैं।

वहीं, सस्टेनेबिलिटी के मामले में कंपनियों के लिए अब केवल इरादे जताना काफी नहीं है। उनके निवेश, कामकाज से जुड़े फैसलों और जवाबदेही के आधार पर उनकी प्रतिबद्धता को परखा जा रहा है।

वारसिया के मुताबिक, इस अंक को तैयार करते समय केवल सामान्य जानकारियां देने के बजाय उन लोगों, फैसलों और रणनीतियों पर ध्यान दिया गया है, जो इन दोनों क्षेत्रों में बदलाव ला रहे हैं। इसके जरिए पाठकों को यह समझने में मदद मिलेगी कि आने वाले समय में ये सेक्टर किस दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।

डिजिटल और प्रिंट दोनों फॉर्मेट में उपलब्ध नया अंक

BW Businessworld का यह नया अंक डिजिटल और प्रिंट दोनों फॉर्मेट में उपलब्ध है। पाठक मैगजीन के डिजिटल संस्करण को भी पढ़ सकते हैं और लग्जरी मार्केट तथा सस्टेनेबिलिटी से जुड़ी पूरी कवर स्टोरी यहां देख सकते हैं।

मैगजीन का डिजिटल संस्करण पढ़ने के लिए: BW Businessworld Latest Edition

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

बिसलेरी का 'टाइम्स ऑफ इंडिया' में फुल-पेज विज्ञापन : दिया भरोसे का संदेश

बिसलेरी ने 26 नवंबर को द टाइम्स ऑफ इंडिया में फुल-पेज विज्ञापन जारी कर अपने उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर भरोसा जताया। यह विज्ञापन FSSAI विवाद के बीच सामने आया है।

Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
bisleri

पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी (Bisleri) ने खाद्य सुरक्षा और पानी की गुणवत्ता को लेकर चल रहे विवाद के बीच अखबार में फुल-पेज विज्ञापन जारी किया है।

कंपनी ने 26 नवंबर को द टाइम्स ऑफ इंडिया (The Times of India) में प्रकाशित विज्ञापन के जरिए उपभोक्ताओं को अपने उत्पाद की गुणवत्ता और सुरक्षा पर भरोसा दिलाने की कोशिश की है। विज्ञापन की हेडलाइन है, '57 years of trust. Your Bisleri, safe as ever'.

विज्ञापन में बिसलेरी ने अपनी 57 साल की ब्रांड विरासत का उल्लेख करते हुए कहा है कि कंपनी के उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है। कंपनी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की 23 नवंबर 2026 की clarification का स्वागत करने की बात भी विज्ञापन में कही है।

बिसलेरी के मुताबिक, उसके देशभर में 143 प्लांट FSSAI के नियमों के अनुरूप काम कर रहे हैं। कंपनी ने पानी की शुद्धिकरण प्रक्रिया (Purification Process) में 10 चरणों और 90 से अधिक गुणवत्ता जांच (Quality Tests) का उल्लेख किया है। विज्ञापन के जरिए कंपनी ने अपनी मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को सामने रखा है।

यह विज्ञापन ऐसे समय में आया है जब गोवा स्थित बिसलेरी की एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से जुड़े सैंपल को लेकर FSSAI और कंपनी के बीच सार्वजनिक विवाद सामने आया था।

नियामक ने एक सैंपल में निर्धारित ब्रोमेट सीमा से संबंधित गैर-अनुपालन और रेफरल लैब की जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन्स (PAHs) मिलने का उल्लेख किया था। FSSAI ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी देने की बात भी कही थी।

इसके जवाब में बिसलेरी ने स्वतंत्र लैब की जांच का हवाला देते हुए ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर होने का दावा किया था। कंपनी ने कहा था कि उसने फरवरी 2026 में जांच परिणामों को लेकर FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय के सामने अपना पक्ष रखा था।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

दैनिक जागरण का 38वां संस्करण कोलकाता से लॉन्च, CM शुभेंदु रहे मौजूद

प्रबोधिनी एकादशी पर ढाक-शंख की ध्वनि के बीच हुआ शुभारंभ, सुनील गुप्ता, तरुण गुप्ता, आनंद त्रिपाठी और आलोक मिश्रा समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद

Last Modified:
Saturday, 21 November, 2026
Dainik Jagran Launching

दैनिक जागरण ने कोलकाता से अपने 38वें संस्करण का शुभारंभ किया है। शुक्रवार, 20 नवंबर को प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ढाक-शंख की मंगलकारी ध्वनि के बीच नए संस्करण का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दैनिक जागरण की 86 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि अखबार ने राष्ट्रवाद और देशप्रेम को मजबूती देने का काम किया है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल की पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले रही सरकारों ने राष्ट्रवाद से जुड़े मुद्दों पर अलग-अलग रुख अपनाया। उन्होंने दैनिक जागरण के वृत्तचित्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि दैनिक जागरण के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।

जागरण परिवर्तन का साक्षी है: तरुण गुप्ता

कार्यक्रम में दैनिक जागरण के प्रबंध संपादक तरुण गुप्ता ने कहा कि जागरण परिवर्तन का साक्षी है। समूह परिवर्तन के साथ कदमताल करते हुए पाठकों के स्नेह और विश्वास पर खरा उतरता रहा है। उन्होंने कहा कि बदलाव कितने भी हों, संस्थान के आदर्श और मूल्य नहीं बदलते। समूह समाचार और विचार दोनों क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति रखता है और राष्ट्रीयता उसके केंद्र में है।

दैनिक जागरण के निदेशक सुनील गुप्ता ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर दैनिक जागरण के सीजीएम आनंद त्रिपाठी और स्थानीय संपादक (बिहार-झारखंड) आलोक मिश्रा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में स्थानीय संपादक जयकृष्ण वाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इसके अलावा कई सांसद, मंत्री और विधायक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'द संदेश लिमिटेड' के कंपनी सेक्रेटरी हार्दिक जोशी का इस्तीफा, 14 नवंबर से हुए कार्यमुक्त

मीडिया कंपनी 'द संदेश लिमिटेड' (The Sandesh Limited) के कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर हार्दिक जोशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

Last Modified:
Tuesday, 17 November, 2026
ThesandeshLmtd

मीडिया कंपनी 'द संदेश लिमिटेड' (The Sandesh Limited) के कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर हार्दिक जोशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने 16 नवंबर 2026 को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उनका इस्तीफा 14 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गया है। इसी तारीख को कारोबारी समय समाप्त होने के बाद उन्हें कंपनी से कार्यमुक्त कर दिया गया।

कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, हार्दिक जोशी ने 16 सितंबर 2026 को अपना इस्तीफा सौंपा था। वह कंपनी में कंपनी सेक्रेटरी और कंप्लायंस ऑफिसर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही उन्हें प्रमुख प्रबंधकीय कर्मचारी (KMP) और वरिष्ठ प्रबंधन कर्मचारी (SMP) के तौर पर भी वर्गीकृत किया गया था।

द संदेश लिमिटेड ने यह जानकारी सेबी के लिस्टिंग नियमों के रेगुलेशन 30 के तहत बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को दी है। कंपनी ने बताया है कि इस बदलाव से जुड़ी जानकारी उसकी वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कंपनी की ओर से दाखिल सूचना में हार्दिक जोशी के इस्तीफे की जानकारी दी गई है। हालांकि, इसमें उनके स्थान पर किसी नए कंपनी सेक्रेटरी या कंप्लायंस ऑफिसर की नियुक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

HT Media के नतीजों में छिपी बड़ी कहानी, कहां चमका कारोबार और कहां रही चुनौती?

मीडिया कंपनी HT Media ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अपनी कमाई और मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की है। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 5% बढ़कर 502 करोड़ रुपये पहुंच गया।

Last Modified:
Saturday, 14 November, 2026
htmEDIA5421

मीडिया कंपनी HT Media Group ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अपने प्रदर्शन में सुधार दर्ज किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 5 फीसदी बढ़कर 502 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBITDA में 26 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का EBITDA मार्जिन भी पिछले साल की समान तिमाही के 15 फीसदी से बढ़कर 17 फीसदी हो गया। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट (PAT) 39 करोड़ रुपये रहा, जबकि PAT मार्जिन 4 फीसदी से बढ़कर 8 फीसदी हो गया। कंपनी के पास 930 करोड़ रुपये का नेट कैश भी मौजूद है।

5 नवंबर को आयोजित Q2 FY27 अर्निंग्स कॉन्फ्रेंस कॉल में HT Media Group के ग्रुप CFO पीयूष गुप्ता और डिप्टी ग्रुप CFO अन्ना अब्राहम ने कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, प्रिंट, रेडियो और डिजिटल कारोबार की स्थिति के साथ-साथ आगे की रणनीति पर विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने विज्ञापन से होने वाली कमाई, सर्कुलेशन रेवेन्यू, न्यूजप्रिंट की बढ़ती लागत, रेडियो कारोबार के घाटे, डिजिटल बिजनेस और कंपनी के निवेश से जुड़े सवालों के जवाब भी दिए।

फेस्टिव सीजन तीसरी तिमाही में जाने के बावजूद बढ़ा रेवेन्यू

कॉन्फ्रेंस कॉल की शुरुआत करते हुए अन्ना अब्राहम ने बताया कि कंपनी ने पहली तिमाही में हासिल किए गए सुधार को दूसरी तिमाही में भी बनाए रखा है। इस दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर बढ़ा और मुनाफे में भी सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि इस साल फेस्टिव सीजन पिछले साल के मुकाबले करीब 20 दिन आगे खिसककर तीसरी तिमाही में चला गया। इसके बावजूद कंपनी ने दूसरी तिमाही में बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने चेयरपर्सन के संदेश का जिक्र करते हुए बताया कि प्रिंट कारोबार कंपनी के प्रदर्शन का मुख्य आधार बना हुआ है। कंपनी के अंग्रेजी और हिंदी दोनों अखबारों में विज्ञापन से होने वाली कमाई में सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, न्यूजप्रिंट की बढ़ती कीमतों और वैश्विक अनिश्चितता के बीच रुपये की कमजोरी ने कंपनी के मार्जिन पर दबाव बनाया है। आने वाली तिमाहियों में भी ये दोनों बातें कंपनी के लिए अहम रहेंगी।

रेडियो कारोबार को लेकर उन्होंने बताया कि स्टेशन नेटवर्क को कम करने के फैसले के बाद इस बिजनेस की कमाई में सालाना और तिमाही आधार पर गिरावट आई है। हालांकि, इस कदम से कारोबार की प्रॉफिटेबिलिटी बेहतर हुई है और कंपनी के लिए एक ज्यादा टिकाऊ बिजनेस मॉडल तैयार हुआ है।

डिजिटल कारोबार में भी पिछली तिमाही के मुकाबले रेवेन्यू और प्रॉफिटेबिलिटी में हल्का सुधार देखने को मिला है। कंपनी का फोकस अब सीमित लेकिन बेहतर प्रदर्शन करने वाले कारोबार और टिकाऊ मुनाफे पर है।

प्रिंट कारोबार में अंग्रेजी और हिंदी दोनों अखबारों की कमाई बढ़ी

प्रेजेंटेशन के दौरान पीयूष गुप्ता ने बताया कि प्रिंट कारोबार में कंपनी ने सालाना आधार पर अच्छा प्रदर्शन किया है। दूसरी तिमाही में प्रिंट बिजनेस का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 386 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 8 फीसदी ज्यादा है।

अंग्रेजी अखबारों के कारोबार में 5 फीसदी और हिंदी अखबारों के कारोबार में 11 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। दोनों कारोबारों में विज्ञापन से होने वाली कमाई ने इस ग्रोथ में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि, प्रिंट कारोबार का ऑपरेटिंग EBITDA करीब 6 फीसदी घटा है। पीयूष गुप्ता के मुताबिक, इसकी प्रमुख वजह न्यूजप्रिंट की बढ़ती लागत और विज्ञापन से होने वाली कुछ कमाई का तीसरी तिमाही में शिफ्ट होना है।

उन्होंने कहा कि न्यूजप्रिंट की कीमतें फिलहाल एक स्तर पर स्थिर हो गई हैं। कंपनी को उम्मीद है कि कीमतें अपने उच्च स्तर पर पहुंच चुकी हैं, लेकिन अभी इनमें गिरावट शुरू होने के संकेत नहीं मिले हैं। न्यूजप्रिंट की कीमतें कब कम होंगी, यह काफी हद तक रुपये की स्थिति, वैश्विक समुद्री माल ढुलाई की दरों और अंतरराष्ट्रीय हालात पर निर्भर करेगा।

विज्ञापन से होने वाली कमाई में कैसे आई बढ़ोतरी?

कॉन्फ्रेंस कॉल के दौरान एक निवेशक ने अंग्रेजी और हिंदी अखबारों के विज्ञापन रेवेन्यू में हुई बढ़ोतरी की वजह पूछी। इस पर पीयूष गुप्ता ने बताया कि कंपनी ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों बाजारों में अपनी स्थिति मजबूत की है। कुछ बाजारों में कंपनी विज्ञापन के लिहाज से अपनी वॉल्यूम मार्केट शेयर को बनाए रखने और बढ़ाने में सफल रही है।

इसके अलावा, पिछले साल सरकार की ओर से DAVP (Directorate of Advertising and Visual Publicity) की विज्ञापन दरों में की गई बढ़ोतरी का भी फायदा मिला है। इससे सरकारी विज्ञापनों से होने वाली कमाई को बढ़ावा मिला।

उन्होंने कहा कि अगर दिवाली का सीजन 20 दिन आगे नहीं खिसकता तो विज्ञापन से होने वाली कमाई में और ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती थी। कंपनी के मुताबिक, अंग्रेजी और हिंदी दोनों अखबारों में विज्ञापन रेवेन्यू बढ़ने की वजह बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करना और सरकारी विज्ञापन दरों में हुई बढ़ोतरी है।

सर्कुलेशन रेवेन्यू 54 करोड़ रुपये पर स्थिर

सर्कुलेशन रेवेन्यू और अखबारों की बिक्री को लेकर पूछे गए सवाल पर पीयूष गुप्ता और अन्ना अब्राहम ने बताया कि इस मोर्चे पर कंपनी का प्रदर्शन लगभग स्थिर रहा है।

पीयूष गुप्ता ने बताया कि HT Media Group का कुल प्रिंट सर्कुलेशन रेवेन्यू 54 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के बराबर है। वहीं, हिंदी अखबारों का सर्कुलेशन रेवेन्यू 39 करोड़ रुपये रहा, इसमें भी कोई बदलाव नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि कंपनी अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले अलग-अलग बाजारों में अखबारों की बिक्री के लिहाज से अच्छी स्थिति में है। कंपनी सिर्फ बिक्री के आंकड़े बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कॉपियां नहीं छापना चाहती। जहां जरूरत होती है, वहां स्कीम और अतिरिक्त कॉपियों के जरिए बिक्री बढ़ाने की कोशिश की जाती है।

अन्ना अब्राहम ने भी कहा कि न्यूजप्रिंट की कीमतें ऊंचे स्तर पर होने के कारण कंपनी बिना जरूरत अखबारों की अतिरिक्त कॉपियां छापने में निवेश नहीं करना चाहती। कंपनी का फोकस लागत को नियंत्रित रखते हुए सर्कुलेशन को स्थिर बनाए रखने पर है।

कर्मचारियों और अन्य खर्चों में कटौती पर भी फोकस

कंपनी के कर्मचारी खर्च में आई कमी को लेकर पूछे गए सवाल पर अन्ना अब्राहम ने बताया कि HT Media Group लगातार लागत कम करने की रणनीति पर काम कर रहा है। कंपनी ने कर्मचारियों से जुड़े खर्चों सहित अन्य अप्रत्यक्ष खर्चों (Indirect Costs) को कम करने के लिए कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी लगातार कई तिमाहियों से लागत में बचत दिखा रही है। HMVL के कुछ आंकड़ों में तिमाही आधार पर अंतर दिखाई दे सकता है, जिसकी वजह एकमुश्त वैरिएबल पेमेंट के रिवर्सल या भुगतान के समय में बदलाव हो सकता है। हालांकि, वित्त वर्ष की पहली छमाही के आधार पर देखें तो HMVL का कर्मचारी खर्च भी स्थिर या कम रहा है।

रेडियो कारोबार में घाटे वाले स्टेशन बंद करने का मिला फायदा

रेडियो कारोबार के प्रदर्शन पर पीयूष गुप्ता ने बताया कि कंपनी ने उन रेडियो स्टेशनों और फ्रीक्वेंसी को छोड़ने का फैसला किया है, जो घाटे में चल रहे थे या जिनका संचालन आर्थिक रूप से फायदेमंद नहीं था।

इसका असर दूसरी तिमाही के नतीजों में भी दिखाई दिया। रेडियो बिजनेस का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 25 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 23 फीसदी कम है। हालांकि, इस दौरान कंपनी ने 2 करोड़ रुपये का पॉजिटिव ऑपरेटिंग EBITDA दर्ज किया और इसका मार्जिन करीब 9 फीसदी रहा।

पीयूष गुप्ता ने बताया कि रेडियो कारोबार को बेहतर बनाने के लिए कंपनी दो स्तरों पर काम कर रही है। पहला कदम घाटे वाले रेडियो स्टेशनों को बंद करना था, जिसे कंपनी पूरा कर चुकी है। दूसरा कदम रेडियो इंडस्ट्री की ओर से सरकार के सामने लाइसेंस फीस के मौजूदा ढांचे में बदलाव की मांग उठाना है।

उन्होंने कहा कि फिलहाल रेडियो कारोबार पुराने GOPA (Grant of Permission Agreement) फ्रेमवर्क के तहत काम कर रहा है, जिसमें लाइसेंस फीस पिछले साल सरकार की ओर से आवंटित नए लाइसेंसों के मुकाबले काफी ज्यादा है। इंडस्ट्री की ओर से इस फीस स्ट्रक्चर में बदलाव के लिए सरकार से बातचीत की जा रही है। अभी सरकार की ओर से इस पर कोई अंतिम जवाब नहीं आया है।

उनके मुताबिक, अगर सरकार लाइसेंस फीस के ढांचे में बदलाव करती है तो पूरे FM रेडियो कारोबार की आर्थिक स्थिति और मुनाफे में बड़ा सुधार हो सकता है।

एक निवेशक ने पूछा कि अगर सरकार मौजूदा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं करती है तो क्या रेडियो कारोबार घाटे में ही रहेगा? इस पर पीयूष गुप्ता ने कहा कि कंपनी को फिलहाल दोबारा घाटे में जाने की आशंका नहीं है। घाटे वाले स्टेशनों को पहले ही छोड़ दिया गया है। ऐसे में मौजूदा स्थिति में कंपनी को रेडियो कारोबार से मुनाफा मिलता रहेगा, भले ही इसमें बहुत बड़ी बढ़ोतरी न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब इस कारोबार में कंपनी की ओर से अतिरिक्त कैश खर्च होने की आशंका नहीं है।

डिजिटल कारोबार का रेवेन्यू 30 फीसदी घटा, EBITDA ब्रेक-ईवन के करीब

डिजिटल बिजनेस के प्रदर्शन पर पीयूष गुप्ता ने बताया कि दूसरी तिमाही में इस सेगमेंट का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 28 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 30 फीसदी कम है। हालांकि, इस दौरान डिजिटल कारोबार का ऑपरेटिंग EBITDA करीब 1 करोड़ रुपये पॉजिटिव रहा।

उन्होंने बताया कि कंपनी डिजिटल कारोबार में भी अपने पोर्टफोलियो को ज्यादा प्रभावी बनाने और मुनाफे पर ध्यान देने की रणनीति अपना रही है। कंपनी का प्रयास है कि डिजिटल बिजनेस में ऐसी गतिविधियों पर फोकस किया जाए, जिनसे लंबे समय तक टिकाऊ कमाई हो सके।

OTTplay के बंद होने के बाद फिलहाल नए निवेश की कोई योजना नहीं

कॉन्फ्रेंस कॉल में कंपनी के निवेश और भविष्य की कैपिटल एलोकेशन स्ट्रैटेजी को लेकर भी सवाल पूछे गए। एक निवेशक ने कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाले निवेशक मैथ्यू साइरिएक (Matthew Cyriac) और उनके साथ कंपनी के प्रबंधन की बातचीत को लेकर सवाल किया।

इस पर पीयूष गुप्ता ने कहा कि कंपनी के प्रबंधन की उस बड़े शेयरहोल्डर के साथ बातचीत चल रही है, जिसकी कंपनी में बड़ी हिस्सेदारी है। हालांकि, उन्होंने बातचीत के निजी विवरण साझा करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कंपनी के बोर्ड के स्तर पर ही सभी फैसले लिए जाते हैं और फिलहाल संबंधित शेयरहोल्डर के साथ बातचीत अच्छी चल रही है।

इसके बाद OTTplay के बंद होने के बाद कंपनी की भविष्य की निवेश रणनीति पर सवाल पूछा गया। पीयूष गुप्ता ने कहा कि OTTplay का कारोबार उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाया। हालांकि, कंपनी के हिंदी प्रिंट कारोबार में पहले किए गए निवेश से लंबे समय में अच्छे नतीजे मिले हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल कंपनी के भीतर किसी नए कैपिटल एलोकेशन से जुड़े फैसले पर काम नहीं हो रहा है। कंपनी भविष्य में जब भी कोई ऐसा फैसला लेगी, तो उसकी जानकारी निवेशकों को दी जाएगी।

Ad for Equity मॉडल के तहत किए जा रहे निवेश

HMVL के बोर्ड मीटिंग के नतीजों में 25 करोड़ रुपये, 13.51 करोड़ रुपये और 50 करोड़ रुपये के नए निवेश का जिक्र था। इस पर पीयूष गुप्ता ने बताया कि ये सभी निवेश Ad for Equity (AFE) मॉडल के तहत किए गए हैं।

उन्होंने समझाया कि इस मॉडल में कंपनी उन कारोबारों में निवेश करती है, जो भविष्य में उसके लिए विज्ञापनदाता बन सकते हैं। यानी कंपनी अपनी विज्ञापन सेवाओं के बदले संबंधित कंपनियों में निवेश करती है। उनके मुताबिक, ऐसे निवेश HT Media के लिए फायदेमंद हैं, क्योंकि इससे भविष्य में विज्ञापन कारोबार के नए अवसर बनते हैं।

HMVL की 555 करोड़ रुपये की देनदारी पर CFO ने दी सफाई

कॉन्फ्रेंस कॉल में एक निवेशक ने HMVL की बैलेंस शीट में Other Financial Liabilities के तहत दर्ज 555 करोड़ रुपये की रकम को लेकर भी सवाल किया। निवेशक ने पूछा कि क्या यह रकम उन कंपनियों से मिलने वाली जमा राशि से जुड़ी है, जिनमें कंपनी Ad for Equity के तहत निवेश करती है।

इस पर अन्ना अब्राहम ने बताया कि इस देनदारी का संबंध कंपनी को मिले एडवांस से है। इसका दूसरा हिस्सा निवेश के रूप में बैलेंस शीट में दिखाई देता है। हालांकि, दोनों के बीच एकदम समान रकम का मिलान नहीं किया जा सकता, क्योंकि निवेश और देनदारी के निपटारे का समय विज्ञापन के इस्तेमाल और उसकी गति पर निर्भर करता है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित निवेश नॉन-करंट एसेट्स में दर्ज होते हैं। इसलिए बैलेंस शीट में 555 करोड़ रुपये की देनदारी के बराबर कोई एक अलग निवेश की रकम दिखाई देना जरूरी नहीं है।

अनअलॉकेटेड खर्च में शामिल हैं कॉरपोरेट लागत

HT Media के सेगमेंट नतीजों में 12.37 करोड़ रुपये के अनअलॉकेटेड नुकसान को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर अन्ना अब्राहम ने बताया कि इसमें ऑडिटर फीस, कॉरपोरेट खर्च और कंपनी के प्रमुख प्रबंधन अधिकारियों (KMP) का पारिश्रमिक शामिल होता है।

इसके अलावा, कुछ निवेशों के मार्क-टू-मार्केट वैल्यूएशन का असर भी इसमें दिखाई दे सकता है। पीयूष गुप्ता ने समझाया कि जो खर्च सीधे किसी एक बिजनेस सेगमेंट से नहीं जोड़े जा सकते, उन्हें अनअलॉकेटेड खर्च के तौर पर रखा जाता है। उदाहरण के तौर पर डायरेक्टरों की मीटिंग फीस इसी तरह के खर्चों में शामिल होती है।

तीसरी तिमाही में फेस्टिव सीजन से मिलेगी कमाई को मदद

कॉन्फ्रेंस कॉल के आखिर में पीयूष गुप्ता ने कहा कि कंपनी ने लगातार तीसरी बार अच्छे नतीजे पेश किए हैं और प्रबंधन इस प्रदर्शन को आगे भी बनाए रखने की कोशिश करेगा।

कंपनी अब तीसरी तिमाही में प्रवेश कर रही है, जहां फेस्टिव सीजन का पूरा असर देखने को मिलेगा। प्रबंधन का फोकस अपने मुख्य कारोबार को मजबूत करने, लागत पर नियंत्रण रखने और बदलते मीडिया बाजार में अपनी स्थिति बनाए रखने पर है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

विज्ञापन से डिजिटल तक, जागरण प्रकाशन की कमाई को मिले नए पंख

मीडिया कंपनी जागरण प्रकाशन लिमिटेड (Jagran Prakashan Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 493.44 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू दर्ज किया है।

Last Modified:
Saturday, 14 November, 2026
JagranPrakashan954

मीडिया कंपनी जागरण प्रकाशन लिमिटेड (Jagran Prakashan Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 493.44 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू दर्ज किया है। यह पिछले साल की इसी तिमाही के 467.36 करोड़ रुपये के मुकाबले 5.6 फीसदी ज्यादा है। कंपनी की विज्ञापन से होने वाली कमाई में भी बढ़ोतरी हुई है। वहीं, डिजिटल रेवेन्यू में 23.6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।

कंपनी की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, दूसरी तिमाही में विज्ञापन से होने वाली कमाई 6.1 फीसदी बढ़कर 346.69 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान अवधि में 326.69 करोड़ रुपये थी। इसमें प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों से मिली विज्ञापन आय शामिल है।

हालांकि, सर्कुलेशन यानी अखबारों की बिक्री से होने वाली कमाई में मामूली गिरावट आई है। यह पिछले साल की दूसरी तिमाही के 81 करोड़ रुपये से घटकर 80.25 करोड़ रुपये रह गई। दूसरी ओर, अन्य ऑपरेटिंग रेवेन्यू 11.5 फीसदी बढ़कर 66.50 करोड़ रुपये हो गया।

मुनाफे में आई गिरावट

रेवेन्यू बढ़ने के बावजूद कंपनी के मुनाफे पर दबाव देखने को मिला। दूसरी तिमाही में कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 57.32 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 66.58 करोड़ रुपये था। इसी तरह, टैक्स से पहले मुनाफा (PBT) 71.14 करोड़ रुपये से घटकर 58.18 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी का नेट प्रॉफिट (PAT) भी पिछले साल के 56.94 करोड़ रुपये से घटकर 42.82 करोड़ रुपये हो गया। प्रति शेयर कमाई (EPS) 2.69 रुपये से घटकर 1.89 रुपये रही।

डिजिटल रेवेन्यू में 23.6% की बढ़ोतरी

कंपनी के प्रिंट बिजनेस से जुड़े डिजिटल रेवेन्यू में अच्छी बढ़त दर्ज की गई। दूसरी तिमाही में यह 23.6 फीसदी बढ़कर 26.81 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 21.69 करोड़ रुपये था। यह कमाई कंपनी की विज्ञापन आय में शामिल है।

पहली छमाही में 7.1% बढ़ा रेवेन्यू

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में Jagran Prakashan का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 7.1 फीसदी बढ़कर 992.79 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 927.41 करोड़ रुपये था।

इस दौरान विज्ञापन से होने वाली कमाई 8.1 फीसदी बढ़कर 690.25 करोड़ रुपये रही। वहीं, डिजिटल रेवेन्यू 26.9 फीसदी की बढ़त के साथ 51.39 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सर्कुलेशन रेवेन्यू में मामूली कमी आई और यह 165.03 करोड़ रुपये रहा।

हालांकि, पहली छमाही में भी मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई। कंपनी का ऑपरेटिंग प्रॉफिट 130.37 करोड़ रुपये से घटकर 127.35 करोड़ रुपये रहा। वहीं, नेट प्रॉफिट 123.70 करोड़ रुपये के मुकाबले 104.05 करोड़ रुपये पर आ गया। प्रति शेयर कमाई भी 5.78 रुपये से घटकर 4.59 रुपये रही।

दैनिक जागरण और रेडियो बिजनेस का प्रदर्शन

कंपनी के प्रमुख अखबार 'दैनिक जागरण' ने दूसरी तिमाही में 311.90 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू दर्ज किया, जो पिछले साल की समान तिमाही के 299.29 करोड़ रुपये से ज्यादा है। हालांकि, इसका ऑपरेटिंग प्रॉफिट 68.87 करोड़ रुपये से घटकर 50.17 करोड़ रुपये रह गया।

अन्य प्रकाशनों (मिड-डे, नईदुनिया, आईनेक्स्ट, पंजाबी जागरण, इंकलाब-नॉर्थ और सखी) का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 57.99 करोड़ रुपये रहा। इस कारोबार में 2.24 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग लॉस दर्ज किया गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 3.84 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग प्रॉफिट हुआ था।

रेडियो बिजनेस ने इस तिमाही में 40.96 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग रेवेन्यू और 6.15 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग प्रॉफिट दर्ज किया। पिछले साल की समान तिमाही में रेडियो बिजनेस को 5.49 करोड़ रुपये का ऑपरेटिंग लॉस हुआ था।

वहीं, आउटडोर और इवेंट बिजनेस का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 57.42 करोड़ रुपये रहा और ऑपरेटिंग प्रॉफिट 1.55 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

ग्रुप को मिले 16 अवॉर्ड

कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के दौरान उसके अलग-अलग कारोबारों को कुल 16 अवॉर्ड मिले। इनमें पत्रकारिता, विज्ञापन, आउटडोर एडवर्टाइजिंग, डिजिटल और टेक्नोलॉजी से जुड़े पुरस्कार शामिल हैं।

कंपनी के मुताबिक, CRISIL ने Jagran Prakashan की लंबी और मध्यम अवधि की क्रेडिट रेटिंग AA+ Stable और शॉर्ट टर्म रेटिंग A1+ बरकरार रखी है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

छह साल बाद फिर लौटेगा इंडियन रीडरशिप सर्वे, MRUCI ने तैयार किया नया रोडमैप

IRS को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में दो राज्यों को शामिल किया जाएगा, जिनमें एक मेट्रो शहर भी होगा। इसके बाद सर्वे का विस्तार बाकी बाजारों तक किया जाएगा।

Last Modified:
Friday, 06 November, 2026
IRS

‘मीडिया रिसर्च यूजर्स काउंसिल इंडिया’ (MRUCI) ने अपने प्रमुख रीडरशिप मापन अध्ययन ‘इंडियन रीडरशिप सर्वे’ (IRS) को छह साल के अंतराल के बाद फिर से शुरू करने की तैयारी की है। यह सर्वे आखिरी बार 2020 की शुरुआत में जारी किया गया था। इसके बाद कोविड-19 महामारी के दौरान इसे रोक दिया गया था। अब नए स्वरूप में इसकी वापसी ऐसे समय में हो रही है, जब मीडिया और विज्ञापन जगत को पाठकों की संख्या, उनकी पसंद और मीडिया उपभोग से जुड़े भरोसेमंद आंकड़ों की जरूरत है।

नए स्वरूप वाले IRS के लिए सर्वे की रूपरेखा और पद्धति की विस्तृत समीक्षा की गई है। इसमें सैंपल साइज को तर्कसंगत बनाया गया है और सर्वे की डिजाइन में बदलाव किए गए हैं। इसका एक प्रमुख उद्देश्य संपन्न और अति-संपन्न परिवारों का बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है, ताकि सर्वे से मिलने वाले आंकड़े अधिक व्यापक और वास्तविक तस्वीर पेश कर सकें।

इस बार सर्वे में पारंपरिक मीडिया के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर पाठकों की संख्या और उनकी पहुंच को भी मापा जाएगा। इसके तहत ऐप्स, ई-पेपर्स, वेबसाइट्स और ऑनलाइन एडिशन पर पाठकों के व्यवहार का अध्ययन किया जाएगा। इसके जरिए प्रिंट और डिजिटल, दोनों माध्यमों को शामिल करते हुए भारत का सबसे बड़ा सिंगल-सोर्स क्रॉस-मीडिया मापन उपलब्ध कराने की योजना है।

सर्वे की एक अहम पहल प्रस्तावित मीडिया क्वालिटी एंड इम्पैक्ट मेट्रिक भी है। इसके तहत मीडिया के प्रभाव का आकलन केवल उसकी पहुंच (रीच) के आधार पर नहीं, बल्कि भरोसे और दर्शकों-पाठकों के ध्यान जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखकर किया जाएगा। MRUCI की तकनीकी समिति इस दिशा में काम कर रही है और इस पहल के लिए IRS के रिसर्च पार्टनर Inteliphyle की ओर से किए गए शुरुआती काम को आगे बढ़ा रही है। इसका उद्देश्य मीडिया की प्रभावशीलता और उसकी वास्तविक उपयोगिता को बेहतर ढंग से समझना और अलग-अलग माध्यमों के बीच सार्थक तुलना को संभव बनाना है।

IRS को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहले चरण में दो राज्यों को शामिल किया जाएगा, जिनमें एक मेट्रो शहर भी होगा। इसके बाद सर्वे का विस्तार बाकी बाजारों तक किया जाएगा। इससे पहले एक छोटे स्तर पर प्री-पायलट किया जाएगा, जिसमें सर्वे की डिजाइन के प्रमुख पहलुओं की जांच की जाएगी, ताकि उनकी मजबूती और विश्वसनीयता का आकलन हो सके। पहले चरण की रिपोर्ट सर्वे शुरू होने के छह महीने के भीतर आने की उम्मीद है। इस रिपोर्ट का खर्च MRUCI उठाएगा।

इस सर्वे के लिए MRUCI ने Inteliphyle को रिसर्च एजेंसी नियुक्त किया है। MRUCI की तकनीकी समिति के साथ विचार-विमर्श के बाद Inteliphyle ने प्रस्ताव के लिए अनुरोध (RFP) प्रक्रिया के तहत मिले प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा कर फील्डवर्क एजेंसियों का चयन किया है। IRS की वापसी पर MRUCI के चेयरमैन और मैडिसन वर्ल्ड के पार्टनर एवं डायरेक्टर विक्रम सखूजा ने कहा कि भारत के हर हिस्से में भरोसेमंद ऑडियंस मापन की जरूरत पहले से कहीं अधिक है। नया IRS केवल मीडिया की पहुंच ही नहीं, बल्कि उसके प्रभाव का भी आकलन करेगा। इसे दो चरणों में लागू किया जा रहा है और उन्हें भरोसा है कि इंडस्ट्री इसे एक महत्वपूर्ण मानक के रूप में स्वीकार करेगी।

वहीं, MRUCI की IRS टेक्निकल कमेटी के चेयरमैन शशिधर सिन्हा ने कहा कि बदलते मीडिया परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए सर्वे की डिजाइन को बेहतर बनाया गया है, जबकि इसकी विश्वसनीयता और गुणवत्ता को बरकरार रखा गया है। सैंपल डिजाइन को मजबूत करने, बेहतर प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और मीडिया मापन का दायरा बढ़ाने पर ध्यान दिया गया है। नए IRS से पब्लिशर्स, एडवर्टाइजर्स और एजेंसियों को देशभर में पाठकों की संख्या और मीडिया उपभोग को समझने के लिए अपडेटेड जानकारी मिलेगी। इससे मीडिया और विज्ञापन से जुड़े व्यावसायिक फैसले लेने में मदद मिलेगी।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

'फिल्मसिटी मीडिया' ने ₹1.90 करोड़ के फंड का दिया हिसाब, इस्तेमाल में नहीं मिली कोई गड़बड़ी

फिल्मसिटी मीडिया लिमिटेड (Filmcity Media Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए जुटाई गई रकम के इस्तेमाल को लेकर स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी है।

Last Modified:
Friday, 06 November, 2026
FilmCity5410

फिल्मसिटी मीडिया लिमिटेड (Filmcity Media Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए जुटाई गई रकम के इस्तेमाल को लेकर स्टॉक एक्सचेंज को जानकारी दी है। कंपनी ने बताया है कि 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान फंड के इस्तेमाल में कोई बदलाव या गड़बड़ी नहीं हुई है। इस संबंध में कंपनी की ऑडिट कमेटी ने भी रिपोर्ट की समीक्षा की है।

कंपनी ने प्रेफरेंशियल इश्यू के जरिए कुल 1.90 करोड़ रुपये जुटाए थे। इस रकम का इस्तेमाल तीन कामों के लिए किया जाना था। इनमें फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट कंसल्टिंग के क्षेत्र में नया कारोबार शुरू करना, प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप से लिए गए कर्ज को चुकाना और सामान्य कॉरपोरेट जरूरतें शामिल थीं।

कंपनी की ओर से नियुक्त मॉनिटरिंग एजेंसी एक्यूइट रेटिंग्स एंड रिसर्च (Acuité Ratings & Research) की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक कुल 69.20 लाख रुपये का इस्तेमाल किया गया था, जबकि 1.208 करोड़ रुपये अभी खर्च नहीं किए गए थे।

रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप से लिए गए 60 लाख रुपये के कर्ज का पूरा भुगतान कर दिया है। वहीं, सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों के लिए 9.20 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट कंसल्टिंग का नया कारोबार शुरू करने के लिए तय 82.50 लाख रुपये में से अभी कोई रकम खर्च नहीं की गई है। कंपनी इस कारोबार के लिए फंड के इस्तेमाल से जुड़े इंतजामों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है।

बैंक की एफडी में रखी गई है ज्यादातर बची रकम

मॉनिटरिंग एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्तेमाल नहीं की गई रकम में से 1.205 करोड़ रुपये आईसीआईसीआई बैंक की फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) में रखे गए हैं। इसके अलावा 3 लाख रुपये बैंक खाते में हैं। कंपनी ने बताया है कि बची हुई रकम का इस्तेमाल तय योजना के अनुसार 30 सितंबर 2027 तक किया जाएगा।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि जुटाई गई रकम का इस्तेमाल उन्हीं उद्देश्यों के लिए किया जा रहा है, जिनकी जानकारी इश्यू के दस्तावेजों में दी गई थी। मॉनिटरिंग एजेंसी ने भी अपनी रिपोर्ट में किसी तरह के बदलाव या विचलन की बात नहीं कही है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

हिन्दुस्तान मीडिया इन तीन कंपनियों में करेगी निवेश, कंपनी का मुनाफा बढ़ा

हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड (HMVL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में जारी कारोबार से मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की है।

Last Modified:
Thursday, 05 November, 2026
HMVL521

हिन्दुस्तान मीडिया वेंचर्स लिमिटेड (HMVL) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में जारी कारोबार से मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की है। जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान कंपनी का जारी कारोबार से टैक्स के बाद मुनाफा 55.51 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के 34.05 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब 63% ज्यादा है।

कंपनी ने दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजों के साथ तीन कंपनियों में कुल 88.40 करोड़ रुपये तक निवेश करने को भी मंजूरी दी है। ये निवेश टेक्नोलॉजी, इंश्योरेंस और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) से जुड़े कारोबार में किए जाएंगे। कंपनी के बोर्ड ने 4 नवंबर को हुई बैठक में इन फैसलों को मंजूरी दी।

दूसरी तिमाही में 11.5% बढ़ा रेवेन्यू

कंपनी के कंसोलिडेटेड नतीजों के मुताबिक, दूसरी तिमाही में ऑपरेशन से रेवेन्यू 196.58 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 176.23 करोड़ रुपये था। इस तरह कंपनी के रेवेन्यू में करीब 11.5% की बढ़ोतरी हुई।

वहीं, जारी कारोबार से टैक्स के बाद मुनाफा 55.51 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह 34.05 करोड़ रुपये था। हालांकि, बंद किए जा चुके कारोबार को भी शामिल करने पर कंपनी का कुल मुनाफा 52.04 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 10.08 करोड़ रुपये था।

दरअसल, कंपनी ने मार्च 2026 में अपने OTTplay कारोबार को बंद करने का फैसला लिया था। यह कारोबार 31 मार्च 2026 से बंद हो गया। इसलिए इसके वित्तीय नतीजों को जारी कारोबार से अलग दिखाया गया है। सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में बंद कारोबार से 3.47 करोड़ रुपये का टैक्स के बाद घाटा दर्ज किया गया।

1 Play Global में 24.89 करोड़ रुपये तक निवेश

HMVL ने सिंगापुर की कंपनी 1 Play Global Pte. Limited में 2.62 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 24.89 करोड़ रुपये तक निवेश करने की मंजूरी दी है। यह निवेश इक्विटी शेयरों की खरीद के जरिए किया जाएगा और दो चरणों में पूरा होगा। पहले चरण में 1.31 मिलियन डॉलर और दूसरे चरण में इतनी ही रकम निवेश की जाएगी।

पहले चरण के निवेश के बाद HMVL को 1 Play Global में 5% तक हिस्सेदारी मिल सकती है। दूसरे चरण में मिलने वाली हिस्सेदारी उस समय तय होने वाली कंपनी की वैल्यूएशन पर निर्भर करेगी।

1 Play Global एक टेक्नोलॉजी कंपनी है। इसके पास अयोध्या में धार्मिक पर्यटन और यात्रा को बढ़ावा देने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘अयोध्यात्रा’ को विकसित करने, चलाने और प्रमोट करने का 10 साल का कॉन्ट्रैक्ट है। कंपनी स्कूलों के लिए खेल, संगीत और दूसरे आयोजनों से जुड़ी स्ट्रीमिंग और ब्रॉडकास्टिंग सेवाएं भी देती है।

इंश्योरेंस कंपनी में 13.51 करोड़ रुपये लगाएगी

दूसरा निवेश कर्नोदक्षायी इंश्योरेंस प्राइवेट लिमिटेड (Inka Insurance) में किया जाएगा। HMVL इसमें इक्विटी शेयर और वारंट के जरिए 13.51 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी। इसमें करीब 10 करोड़ रुपये इक्विटी शेयरों के लिए और करीब 3.51 करोड़ रुपये वारंट के लिए रखे गए हैं।

इक्विटी शेयरों के जरिए HMVL को कंपनी में करीब 10% हिस्सेदारी मिल सकती है। वहीं, वारंट से मिलने वाली हिस्सेदारी उनके इस्तेमाल के समय तय होगी। Inka Insurance टेक्नोलॉजी आधारित इंश्योरेंस सलाह और वितरण प्लेटफॉर्म चलाती है। यह हेल्थ और टर्म इंश्योरेंस से जुड़े प्लान उपलब्ध कराती है। कंपनी की स्थापना 2023 में हुई थी।

EV कंपनी Matter Motor Works में 50 करोड़ रुपये का निवेश

तीसरा और सबसे बड़ा निवेश Matter Motor Works Private Limited में किया जाएगा। HMVL इसमें 50 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी। यह रकम कंपल्सरी कन्वर्टिबल प्रेफरेंस शेयर (CCPS) के जरिए लगाई जाएगी। इन शेयरों को तय शर्तों के अनुसार बाद में इक्विटी शेयरों में बदला जा सकता है। HMVL को मिलने वाली हिस्सेदारी शेयरों के कन्वर्जन के समय तय होगी।

Matter Motor Works एक टेक्नोलॉजी आधारित इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी है। यह अपनी बैटरी, सॉफ्टवेयर और पावरट्रेन टेक्नोलॉजी के जरिए इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल और एनर्जी सॉल्यूशन विकसित करती है। कंपनी की स्थापना 2019 में हुई थी।

HMVL के मुताबिक, इन तीनों निवेशों को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। 1 Play Global में निवेश के लिए विदेशी निवेश से जुड़े नियमों का पालन करना होगा। कंपनी ने बताया है कि इन निवेशों का मकसद भविष्य में पूंजी पर रिटर्न हासिल करना और अपने मीडिया एसेट्स का बेहतर इस्तेमाल करना है।

पहली छमाही में 15.5% बढ़ा रेवेन्यू

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान HMVL का ऑपरेशन से रेवेन्यू 393.76 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान अवधि में यह 340.83 करोड़ रुपये था। इस तरह इसमें करीब 15.5% की बढ़ोतरी हुई।

इस दौरान जारी कारोबार से टैक्स के बाद मुनाफा 111.14 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की पहली छमाही में यह 60.12 करोड़ रुपये था। दूसरी ओर, बंद किए गए कारोबार से इस अवधि में 7.93 करोड़ रुपये का टैक्स के बाद घाटा दर्ज किया गया। इसे शामिल करने के बाद कंपनी का कुल मुनाफा 103.21 करोड़ रुपये रहा।

कंपनी के वित्तीय नतीजों की वैधानिक ऑडिटर्स एसआर बाटलीबोई एंड कंपनी एलएलपी ने लिमिटेड रिव्यू किया है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

संदेश लिमिटेड को दूसरी तिमाही में नहीं हुआ फायदा, कंपनी सचिव हार्दिक जोशी ने दिया इस्तीफा

मीडिया कंपनी द संदेश लिमिटेड (The Sandesh Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं।

Last Modified:
Tuesday, 03 November, 2026
Sandesh654210

मीडिया कंपनी द संदेश लिमिटेड (The Sandesh Limited) ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंपनी को कंसोलिडेटेड आधार पर 2.09 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है। वहीं, कंपनी ने बताया है कि उसके कंपनी सचिव और कंप्लायंस ऑफिसर हार्दिक जोशी 14 नवंबर 2026 से अपना पद छोड़ देंगे।

कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 3 नवंबर को हुई बैठक में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही और पहली छमाही के अनऑडिटेड स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी। इन नतीजों की समीक्षा ऑडिट कमेटी ने की थी और कंपनी के वैधानिक ऑडिटर ने इन पर लिमिटेड रिव्यू रिपोर्ट जारी की है।

कंसोलिडेटेड आधार पर कंपनी को हुआ घाटा

कंपनी की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक, सितंबर 2026 में समाप्त तिमाही में उसका कुल कंसोलिडेटेड इनकम 149.41 करोड़ रुपये रहा। इसमें ऑपरेशन से होने वाली आय और अन्य आय शामिल हैं। इस दौरान कंपनी का कुल खर्च करीब 149.75 करोड़ रुपये रहा। इसके चलते असाधारण मदों से पहले कंपनी को 34.13 लाख रुपये का घाटा हुआ।

असाधारण मदों के बाद कंपनी का प्रॉफिट बिफोर टैक्स 14.11 लाख रुपये रहा। हालांकि, टैक्स और अन्य मदों के बाद कंपनी को 2.09 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी ने 3.85 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दर्ज किया था।

कंपनी के नतीजों पर निवेश से जुड़े उतार-चढ़ाव का भी असर पड़ा। कंपनी ने बताया कि सितंबर 2026 तिमाही में इक्विटी शेयरों और म्यूचुअल फंड में किए गए निवेश के उचित मूल्य में बदलाव के कारण 20.98 करोड़ रुपये का शुद्ध नुकसान दर्ज किया गया। इस नुकसान को अन्य खर्चों में शामिल किया गया है।

पहली छमाही में मुनाफे की स्थिति

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान कंपनी की कुल कंसोलिडेटेड इनकम 674.78 करोड़ रुपये रही। इस अवधि में कंपनी ने 109.70 करोड़ रुपये का प्रॉफिट बिफोर टैक्स और करीब 97.44 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। इसकी तुलना में पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा करीब 51.90 करोड़ रुपये था।

हार्दिक जोशी 14 नवंबर से छोड़ेंगे पद

कंपनी ने एक अन्य जानकारी में बताया कि उसके कंपनी सचिव और कंप्लायंस ऑफिसर हार्दिक जोशी का इस्तीफा बोर्ड ने मंजूर कर लिया है। वह कंपनी के सीनियर मैनेजमेंट पर्सनल भी हैं। उनका आखिरी कार्य दिवस 14 नवंबर 2026 होगा।

कंपनी ने बताया कि हार्दिक जोशी के इस्तीफे के बाद सेबी के लिस्टिंग नियमों के तहत महत्वपूर्ण घटनाओं और जानकारियों की अहमियत तय करने और स्टॉक एक्सचेंजों को उनका खुलासा करने की जिम्मेदारी चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) संजय कुमार टंडन को दी गई है। इस काम के लिए कंपनी ने उनका नाम अधिकृत अधिकारी के तौर पर तय किया है।

संदेश डिजिटल के विलय की प्रक्रिया जारी

कंपनी ने अपने नतीजों के साथ यह भी बताया कि उसके बोर्ड ने 5 अगस्त 2026 को अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी संदेश डिजिटल प्राइवेट लिमिटेड (Sandesh Digital Private Limited) के विलय की योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के लिए 1 अप्रैल 2026 को नियुक्त तारीख (Appointed Date) तय की गई है। कंपनी ने इस संबंध में नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के समक्ष आवेदन भी दाखिल कर दिया है।

कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक, यह विलय अभी जरूरी नियामकीय मंजूरियों के अधीन है। इसलिए 1 अप्रैल 2026 को नियुक्त तारीख तय होने का मतलब यह नहीं है कि विलय की प्रक्रिया उसी दिन पूरी हो गई थी।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

लोकतंत्र, सत्ता और नैतिकता पर सवाल उठाती सुधीर एस. रावल की नई किताब

पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक सुधीर एस. रावल की नई किताब Beyond The Fault Lines Of Modernity – A Journalist's Inquiries into Power, the Crisis of Character and Humanity हाल ही में बाजार में आई है।

Last Modified:
Monday, 02 November, 2026
SudhirSRaval5214

पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक सुधीर एस. रावल की नई किताब Beyond The Fault Lines Of Modernity – A Journalist's Inquiries into Power, the Crisis of Character and Humanity हाल ही में बाजार में आई है। इस किताब में लोकतंत्र, शासन व्यवस्था, सत्ता, नैतिकता और मानवता से जुड़े मौजूदा सवालों पर चर्चा की गई है। लेखक ने इसमें यह समझने की कोशिश की है कि आज के दौर में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संस्थानों के सामने आ रही चुनौतियों की जड़ें केवल प्रशासनिक कमियों में नहीं, बल्कि व्यक्तिगत और सामूहिक चरित्र में आ रही गिरावट में भी हो सकती हैं।

किताब की विषयवस्तु के मुताबिक, आज दुनिया एक ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही समाज और संस्थाओं के सामने कई गंभीर चुनौतियां भी खड़ी हो रही हैं। लेखक का मानना है कि केवल कानून और नियम बना देने से किसी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती। इसके लिए नैतिक मूल्यों, जवाबदेही और जिम्मेदारी को भी उतनी ही अहमियत देनी होगी।

50 अध्यायों में रखे गए विचार

इस किताब में कुल 50 अध्याय हैं। इनमें लोकतांत्रिक व्यवस्था, शासन प्रणाली और संस्थागत जवाबदेही से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर विचार रखे गए हैं। लेखक ने मौजूदा व्यवस्था की कमियों की पड़ताल करने के साथ-साथ उनमें सुधार के संभावित रास्तों पर भी चर्चा की है।

किताब में कुछ ऐसे विशेष ढांचों और विचारों को भी शामिल किया गया है, जिन्हें लेखक ने संस्थाओं और शासन व्यवस्था में बदलाव की दिशा में बहस को आगे बढ़ाने के लिए तैयार किया है। इसका मकसद केवल समस्याओं की पहचान करना नहीं, बल्कि उनके समाधान और संस्थागत सुधार के रास्तों पर भी चर्चा करना है।

सत्ता और नैतिकता के रिश्ते पर जोर

किताब का एक प्रमुख विषय सत्ता और नैतिकता के बीच का संबंध है। लेखक ने इस बात पर जोर दिया है कि लोकतंत्र की मजबूती केवल संवैधानिक प्रावधानों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इसे चलाने वाले लोगों के चरित्र और उनके फैसलों की नैतिकता भी इसमें अहम भूमिका निभाती है।

इसमें शासन व्यवस्था को नैतिक जिम्मेदारी, न्याय और मानवीय मूल्यों के साथ जोड़ने की जरूरत पर चर्चा की गई है। साथ ही, वैश्विक कूटनीति और लोकतांत्रिक संस्थानों की जवाबदेही जैसे विषयों को भी जगह दी गई है।

किन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है किताब?

किताब की विषयवस्तु के अनुसार, यह राजनेताओं, शिक्षाविदों, नीति से जुड़े लोगों, शोधकर्ताओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने में दिलचस्पी रखने वाले पाठकों को ध्यान में रखकर लिखी गई है। आम नागरिकों के लिए भी इसमें समाज, शासन और मानवीय मूल्यों से जुड़े कई विचार रखे गए हैं।

Beyond The Fault Lines Of Modernity के जरिए सुधीर एस. रावल ने लोकतंत्र और शासन व्यवस्था को केवल कानूनों और संस्थागत प्रक्रियाओं के नजरिए से देखने के बजाय उसमें चरित्र, नैतिकता और मानवीय मूल्यों की भूमिका पर भी बहस शुरू करने की कोशिश की है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए