अब टीवी पर आप होंगे शो के हीरो! गूगल ने पेश किया AI से पर्सनलाइज्ड वीडियो बनाने का आइडिया

क्या आपने कभी सोचा है कि आप जिस टीवी शो या वेब सीरीज को देखते हैं, उसमें किसी फिल्मी सितारे की जगह आप खुद मुख्य किरदार हों? कहानी में हीरो भी आप हों और पूरी कहानी आपकी पसंद के हिसाब से आगे बढ़े।

Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
Google5412


क्या आपने कभी सोचा है कि आप जिस टीवी शो या वेब सीरीज को देखते हैं, उसमें किसी फिल्मी सितारे की जगह आप खुद मुख्य किरदार हों? कहानी में हीरो भी आप हों और पूरी कहानी आपकी पसंद के हिसाब से आगे बढ़े। सुनने में यह किसी साइंस फिक्शन फिल्म जैसा लग सकता है, लेकिन गूगल (Google) ने एक ऐसे एआई (AI) आधारित टीवी सिस्टम का पेटेंट दाखिल किया है, जो भविष्य में इस तरह का अनुभव देने की संभावना दिखाता है।

इस तकनीक के जरिए दर्शक केवल अपनी पसंद के शो देखने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि एआई की मदद से उनके लिए खास वीडियो कंटेंट भी तैयार किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, कुछ स्थितियों में दर्शक की फोटो, अवतार और आवाज का इस्तेमाल करके उसे वीडियो का मुख्य किरदार भी बनाया जा सकता है।

गूगल के इस पेटेंट का नाम 'Creating a channel of video experiences tailored to a user' है। इसका मतलब है कि किसी यूजर की पसंद और उसकी निजी जानकारी के आधार पर उसके लिए खास वीडियो अनुभव तैयार करना। गूगल एलएलसी (Google LLC) ने यह पेटेंट 13 मई 2025 को दाखिल किया था, जबकि इसे 19 नवंबर 2026 को अमेरिकी पेटेंट पब्लिकेशन नंबर US 2026/0370899 A1 के तहत प्रकाशित किया गया।

इस पेटेंट को सबसे पहले पेटेंट ट्रैकिंग वेबसाइट Patentlyze ने सामने रखा था। इसके बाद 404 Media ने भी इस पर रिपोर्ट प्रकाशित की। इस पेटेंट में गूगल के इंजीनियर्स प्रमिला काव्या थुम्मुरु (Prameela Kavya Thummuru) और अरविंद रेड्डी आयुलुरी (Aravind Reddy Ayuluri) को आविष्कारक के तौर पर नामित किया गया है।

अब आपके नाम का हो सकता है अपना टीवी चैनल

गूगल के इस पेटेंट का एक दिलचस्प हिस्सा 'My Channel' नाम का फीचर है। इसके तहत किसी टीवी ऐप में यूजर को अपना एक पर्सनल चैनल मिल सकता है। इसमें सामान्य टीवी शो और फिल्मों के सुझावों के साथ-साथ एआई से तैयार किए गए वीडियो भी दिखाई दे सकते हैं।

इस सिस्टम का मकसद केवल यह समझना नहीं है कि दर्शक किस तरह का कंटेंट देखना पसंद करता है, बल्कि उसकी पसंद के हिसाब से नया वीडियो कंटेंट तैयार करना भी है।

इसके लिए सिस्टम यूजर की कई तरह की जानकारियों का इस्तेमाल कर सकता है। इसमें उसकी पुरानी वॉचिंग हिस्ट्री, पसंदीदा जॉनर, भाषा की सेटिंग, लोकेशन से जुड़ी जानकारी और पहले देखे गए कंटेंट का डेटा शामिल हो सकता है।

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई दर्शक लगातार एक्शन और एडवेंचर वाली फिल्में देखता है, तो सिस्टम उसकी पसंद को समझकर उसी तरह का नया वीडियो तैयार करने के लिए एआई को निर्देश दे सकता है। इसी तरह कॉमेडी, रोमांस, थ्रिलर या दूसरे जॉनर पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी अलग-अलग तरह का कंटेंट तैयार किया जा सकता है।

आपकी फोटो और आवाज से बन सकता है डिजिटल किरदार

इस पेटेंट की सबसे खास बात यह है कि इसमें दर्शक को खुद वीडियो का मुख्य किरदार बनाने की संभावना भी बताई गई है।

इसके लिए सिस्टम यूजर की फोटो, डिजिटल अवतार या आवाज से जुड़ी जानकारी का इस्तेमाल कर सकता है। इन जानकारियों के आधार पर उसका एक डिजिटल रूप तैयार किया जा सकता है, जिसे एआई से बनाए गए वीडियो में मुख्य किरदार के तौर पर दिखाया जा सकता है।

यानी भविष्य में संभव है कि आप अपनी पसंद की किसी कहानी में खुद को हीरो या मुख्य किरदार के रूप में देख सकें। आपकी पसंद के मुताबिक कहानी तैयार हो और उसमें आपका डिजिटल चेहरा या अवतार इस्तेमाल किया जाए।

इस तरह आपकी वॉचलिस्ट केवल यह बताने का काम नहीं करेगी कि आपको आगे क्या देखना चाहिए, बल्कि यह भी तय करने में मदद कर सकती है कि आपके लिए किस तरह की कहानी बनाई जाए और उसमें कौन मुख्य किरदार बने। हालांकि, पेटेंट में बताई गई ये संभावनाएं हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि गूगल ने ऐसी सुविधा आम यूजर्स के लिए शुरू कर दी है।

पर्सनलाइज्ड वीडियो के साथ दिख सकते हैं खास विज्ञापन

गूगल के इस पेटेंट में केवल वीडियो कंटेंट तैयार करने की बात नहीं है, बल्कि इसमें विज्ञापन दिखाने के तरीके का भी जिक्र किया गया है। पेटेंट के मुताबिक, इस सिस्टम में एक एडवर्टाइजिंग सर्वर और एड स्टिचर की मदद ली जा सकती है। इनके जरिए पर्सनलाइज्ड वीडियो में एक या उससे ज्यादा विज्ञापन जोड़े जा सकते हैं। इसके बाद तैयार वीडियो को कनेक्टेड टीवी या दूसरे डिस्प्ले डिवाइस पर स्ट्रीम किया जा सकता है।

इससे विज्ञापन इंडस्ट्री के लिए भी एक नई संभावना सामने आती है। अभी तक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शकों की पसंद और उनकी देखने की आदतों के आधार पर विज्ञापन दिखाए जाते हैं। लेकिन इस तरह की तकनीक के जरिए विज्ञापन को एआई से तैयार किए गए वीडियो के अंदर भी शामिल किया जा सकता है।

उदाहरण के तौर पर, दो अलग-अलग दर्शकों को उनकी पसंद के मुताबिक अलग-अलग वीडियो दिखाए जा सकते हैं और उनमें विज्ञापन भी उनकी रुचि के हिसाब से जोड़े जा सकते हैं।

इससे विज्ञापनदाताओं को दर्शकों तक ज्यादा पर्सनलाइज्ड तरीके से पहुंचने का मौका मिल सकता है। हालांकि, इस तरह के विज्ञापन मॉडल को लेकर अभी कोई व्यावसायिक सेवा घोषित नहीं की गई है।

क्या Google TV और YouTube पर भी आएगा ऐसा फीचर?

गूगल के इस पेटेंट के सामने आने के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या आने वाले समय में Google TV या YouTube पर भी इस तरह की सुविधा देखने को मिलेगी?

फिलहाल इसका जवाब स्पष्ट नहीं है। गूगल ने इस पेटेंट के आधार पर किसी नए कंज्यूमर प्रोडक्ट या सर्विस को लॉन्च करने की घोषणा नहीं की है।

यह समझना जरूरी है कि पेटेंट दाखिल होने का मतलब किसी तकनीक को सुरक्षित करना होता है। इससे यह गारंटी नहीं मिलती कि कंपनी उस तकनीक को बाजार में जरूर उतारेगी। कई बार कंपनियां भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तकनीक का पेटेंट करा लेती हैं, लेकिन बाद में वह आम लोगों के इस्तेमाल के लिए उपलब्ध नहीं होती।

इसलिए गूगल के इस पेटेंट को फिलहाल एक संभावित एआई आधारित टीवी अनुभव के तौर पर ही देखा जाना चाहिए, न कि Google TV या YouTube के लिए घोषित किसी नए फीचर के रूप में।

पर्सनलाइजेशन के साथ प्राइवेसी की चुनौती भी

इस तरह की तकनीक जितनी दिलचस्प है, उतने ही अहम सवाल भी खड़े करती है। अगर किसी दर्शक की फोटो, आवाज, लोकेशन और देखने की आदतों का इस्तेमाल करके उसके लिए वीडियो तैयार किया जाता है, तो उसकी निजी जानकारी की सुरक्षा और सहमति बेहद महत्वपूर्ण हो जाएगी।

सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि क्या दर्शक को यह तय करने का अधिकार मिलेगा कि उसकी फोटो और आवाज का इस्तेमाल किस तरह किया जाए? क्या वह अपनी डिजिटल पहचान को किसी वीडियो में इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकेगा या उसे कभी भी इससे मना करने का विकल्प मिलेगा?

इसके अलावा, किसी व्यक्ति की तस्वीर और आवाज का इस्तेमाल करके डिजिटल किरदार तैयार करने से उसकी पहचान और समानता के अधिकार (Likeness Rights) से जुड़े मुद्दे भी सामने आ सकते हैं।

दर्शक अपनी पसंद की कहानी में खुद को देखना पसंद कर सकते हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि वे अपनी हर ऑनलाइन गतिविधि और देखने की आदत को एआई के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति भी देना चाहें।

OTT और कनेक्टेड टीवी इंडस्ट्री के लिए क्या होंगे मायने?

दुनियाभर में टेक्नोलॉजी कंपनियां जनरेटिव एआई (Generative AI) के जरिए वीडियो बनाने के नए तरीके तलाश रही हैं। वहीं, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म भी दर्शकों को लंबे समय तक अपने साथ जोड़े रखने के लिए नए प्रयोग कर रहे हैं।

ऐसे में गूगल का यह पेटेंट मनोरंजन और विज्ञापन की दुनिया में पर्सनलाइजेशन के अगले स्तर की एक झलक देता है।

भारत में भी कनेक्टेड टीवी और डिजिटल विज्ञापन का बाजार लगातार महत्वपूर्ण होता जा रहा है। ऐसे में अगर भविष्य में इस तरह की तकनीक व्यावसायिक रूप से सामने आती है, तो इससे कंटेंट तैयार करने, दर्शकों को जोड़ने और विज्ञापन दिखाने के तरीकों में बदलाव की संभावना बन सकती है।

हालांकि, इस तकनीक की असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि दर्शकों को कितना नियंत्रण दिया जाता है और उनकी निजी जानकारी का इस्तेमाल कितनी जिम्मेदारी से किया जाता है। फिलहाल गूगल का यह पेटेंट एक ऐसी संभावित दुनिया की ओर इशारा करता है, जहां दर्शक सिर्फ टीवी पर कहानी देखने वाले नहीं होंगे, बल्कि एआई की मदद से खुद अपनी कहानी के हीरो भी बन सकेंगे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को याद दिलाई 2025 की एडवाइजरी

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को भारत में पाकिस्तानी मूल के कंटेंट उपलब्ध नहीं कराने से जुड़ी 2025 की एडवाइजरी याद दिलाई है। यह मामला नई वेब सीरीज को लेकर चर्चा के बीच सामने आया।

Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
netflix

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (Ministry of Information and Broadcasting) ने नेटफ्लिक्स (Netflix) को भारत में पाकिस्तानी मूल के कंटेंट को उपलब्ध नहीं कराने से जुड़ी 2025 की एडवाइजरी याद दिलाई है।

यह घटनाक्रम पाकिस्तानी कलाकारों की नई वेब सीरीज 'जो बचाए हैं संग समेट लो' (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) को लेकर उठे विवाद के बीच सामने आया है। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जून 2025 में दिए गए उसके आश्वासन को कायम रखने के लिए कहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने जून 2025 में मंत्रालय को बताया था कि भारत में पाकिस्तानी मूल की कोई फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। अब नई सीरीज को लेकर शिकायतों और representations के बाद मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म को उसी स्थिति को बनाए रखने की याद दिलाई है।

'Jo Bachay Hain Sang Samait Lo' में फवाद खान (Fawad Khan), माहिरा खान (Mahira Khan) और हानिया आमिर (Hania Aamir) जैसे पाकिस्तानी कलाकार नजर आने वाले हैं। इस प्रोजेक्ट को लेकर भारत में चर्चा शुरू होने के बाद मंत्रालय का यह संदेश सामने आया है।

दरअसल, मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) के घटनाक्रम के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी (OTT) और मीडिया स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान में बने कंटेंट को तत्काल बंद करने की एडवाइजरी जारी की थी। इस निर्देश में वेब सीरीज, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग कंटेंट शामिल थे।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

यूट्यूब ने तीन महीने में भारत से हटाए 34 लाख वीडियो : 28% बढ़ी संख्या

यूट्यूब ने अप्रैल से जून 2026 के दौरान भारत से 34 लाख से ज्यादा वीडियो हटाए, जो वैश्विक कार्रवाई का करीब 31 प्रतिशत रहा। इस मामले में भारत दुनिया में पहले स्थान पर रहा।

Last Modified:
Thursday, 26 November, 2026
youtube

यूट्यूब (YouTube) ने अप्रैल से जून 2026 के बीच भारत से अपलोड किए गए 34,41,973 वीडियो हटाए। यह संख्या दुनिया के किसी भी दूसरे देश के मुकाबले सबसे ज्यादा रही।

यूट्यूब की कम्युनिटी गाइडलाइंस (Community Guidelines) के तहत की गई इस कार्रवाई में भारत का आंकड़ा वैश्विक स्तर पर हटाए गए वीडियो का करीब 31 प्रतिशत रहा। पिछली तिमाही के मुकाबले भारत में वीडियो हटाए जाने की संख्या 28 प्रतिशत बढ़ी है।

यूट्यूब के आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में अमेरिका से 12,40,512 वीडियो हटाए गए, जबकि इंडोनेशिया में यह संख्या 9,15,923 रही। ब्राजील से 8,41,803 वीडियो हटाए गए। इस सूची में भारत पहले स्थान पर रहा और अमेरिका दूसरे नंबर पर रहा।

इस दौरान यूट्यूब ने दुनियाभर में करीब 1.1 करोड़ वीडियो हटाए। वैश्विक स्तर पर वीडियो हटाने की कार्रवाई में बाल सुरक्षा (Child Safety) से जुड़े उल्लंघनों का हिस्सा 68.2 प्रतिशत रहा।

वहीं, हटाए गए 98.6 प्रतिशत वीडियो को सबसे पहले ऑटोमेटेड सिस्टम (Automated Systems) ने फ्लैग किया था। इससे पता चलता है कि प्लेटफॉर्म पर नियमों के उल्लंघन की पहचान करने में तकनीकी प्रणालियों की भूमिका काफी बड़ी रही।

हालांकि, यूट्यूब वीडियो हटाने की वजहों का विस्तृत आंकड़ा वैश्विक स्तर पर जारी करता है, न कि हर देश के लिए अलग-अलग। वीडियो अपलोड करने वाले के आईपी एड्रेस (IP Address) के आधार पर उसका देश तय किया जाता है।

इसलिए भारत से हटाए गए वीडियो का आंकड़ा देश से अपलोड किए गए वीडियो की पहचान को दर्शाता है, न कि केवल भारत में देखे जाने वाले वीडियो को।

यह आंकड़ा यूट्यूब की कंटेंट मॉडरेशन (Content Moderation) प्रक्रिया और प्लेटफॉर्म पर नियमों के उल्लंघन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के पैमाने को दिखाता है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

साइबर अपराधियों से बचने के लिए WhatsApp Web यूजर्स को सरकार की सलाह

सरकार ने WhatsApp Web यूजर्स को लॉग-इन सेशन को लेकर साइबर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। यूजर्स को इस्तेमाल के बाद मैन्युअल लॉगआउट करने की सलाह दी गई है।

Last Modified:
Tuesday, 24 November, 2026
WhatsApp

व्हाट्सऐप वेब (WhatsApp Web) इस्तेमाल करने वालों के लिए केंद्र सरकार ने साइबर सुरक्षा (Cyber Security) चेतावनी जारी की है। गृह मंत्रालय के तहत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (Indian Cyber Crime Coordination Centre-I4C) और नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने आगाह किया है कि सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web का सक्रिय सेशन छोड़ना यूजर्स के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।

ऐसे सेशन के जरिए साइबर अपराधी निजी मैसेज पढ़ने, यूजर की पहचान से संदेश भेजने और धोखाधड़ी जैसी गतिविधियां कर सकते हैं। किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web का लॉगइन सेशन सक्रिय रहने से अनधिकृत व्यक्ति अकाउंट तक पहुंच सकता है।

इससे निजी चैट, संपर्क सूची और ग्रुप बातचीत देखी जा सकती है। साइबर अपराधी अकाउंट की पहचान का इस्तेमाल कर फिशिंग (Phishing), सोशल इंजीनियरिंग (Social Engineering) और अन्य ऑनलाइन फ्रॉड को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं।

सरकार ने चेतावनी में स्पष्ट किया है कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद करना WhatsApp Web से लॉगआउट करने के लिए पर्याप्त नहीं है। यूजर्स को हर बार इस्तेमाल के बाद अकाउंट से मैन्युअल लॉगआउट (Manual Logout) करना चाहिए।

खासकर ऑफिस के साझा कंप्यूटर, साइबर कैफे, सार्वजनिक सिस्टम या ऐसे उपकरणों पर इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है, जिन तक दूसरे लोगों की पहुंच हो सकती है।

सरकार ने सार्वजनिक कंप्यूटर, साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर, सार्वजनिक कियोस्क और अनजान या उधार लिए गए लैपटॉप पर WhatsApp Web लॉगइन करने से बचने की सलाह दी है। साझा कंप्यूटर पर सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय या अन्य संवेदनशील जानकारी भेजने से भी बचने को कहा गया है।

अगर किसी परिस्थिति में साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग (Incognito/Private Browsing) का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। हालांकि, इसके बावजूद यूजर्स को इस्तेमाल के बाद मैन्युअल रूप से लॉगआउट कर सेशन समाप्त करना चाहिए।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

SkyShowtime 2027 के अंत तक होगा बंद : Comcast और Skydance ने लिया फैसला

कॉमकास्ट और स्काईडांस 2027 के अंत तक यूरोपीय स्ट्रीमिंग सेवा स्काईशोटाइम बंद करेंगे। कंपनी ने वैश्विक प्लेटफॉर्म से प्रतिस्पर्धा, CEO मोंटी सरहान के पद छोड़ने और अंतरिम नेतृत्व की जानकारी भी दी।

Last Modified:
Friday, 20 November, 2026
skyshowtime

अंतरराष्ट्रीय ओटीटी (OTT) बाजार से बड़ी खबर सामने आई है। यूरोप में अपनी मौजूदगी रखने वाला स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म स्काईशोटाइम (SkyShowtime) 2027 के अंत तक बंद हो जाएगा।

कॉमकास्ट (Comcast) और स्काईडांस (Skydance) ने करीब चार साल से चल रहे इस संयुक्त उपक्रम को बंद करने का फैसला किया है। कंपनी के बोर्ड ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में इसकी जानकारी दी है। सितंबर 2022 में शुरू हुआ यह प्लेटफॉर्म यूरोप के 22 देशों में अपनी सेवाएं दे रहा था। इसके माध्यम से दर्शकों को फिल्मों और वेब सीरीज का कंटेंट उपलब्ध कराया जाता था।

इसके लाइब्रेरी में यूनिवर्सल पिक्चर्स (Universal Pictures), पैरामाउंट पिक्चर्स (Paramount Pictures), निकलोडियन (Nickelodeon), शोटाइम (Showtime), स्काई स्टूडियोज (Sky Studios) और पीकॉक (Peacock) जैसे ब्रांडों का कंटेंट शामिल था।

क्यों बंद हो रही है स्ट्रीमिंग सेवा?

कंपनी के बोर्ड ने अपने संदेश में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में स्ट्रीमिंग बाजार काफी बदल गया है। बड़े अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म लगातार अपने दर्शकों की संख्या बढ़ा रहे हैं और कंटेंट, टेक्नोलॉजी तथा स्पोर्ट्स पर भारी निवेश कर रहे हैं। ऐसे माहौल में क्षेत्रीय स्ट्रीमिंग सेवाओं के लिए लंबे समय तक सफलतापूर्वक कारोबार चलाने लायक बड़ा सब्सक्राइबर बेस तैयार करना मुश्किल हो रहा है।

कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर भी दबाव रहा है। उपलब्ध वित्तीय रिकॉर्ड के मुताबिक, 2024 में SkyShowtime को 543.7 मिलियन यूरो का ऑपरेटिंग लॉस हुआ था, जबकि उसका राजस्व 275.1 मिलियन यूरो रहा।

मौजूदा ग्राहकों को अभी नहीं होगी परेशानी

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बंद होने की प्रक्रिया पूरी होने तक SkyShowtime की सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। मौजूदा सब्सक्राइबर्स पहले की तरह प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कंटेंट देख सकेंगे।

हालांकि, सेवा बंद होने के बाद इसके कंटेंट और ग्राहकों को किसी अन्य स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर स्थानांतरित किया जाएगा या नहीं, इस बारे में अभी कोई अंतिम जानकारी नहीं दी गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

इंदौर से दुनिया तक छाए राज शमानी : 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर के साथ रचा इतिहास

राज शमानी के पॉडकास्ट Figuring Out ने YouTube पर 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर पार कर लिए हैं। इसके साथ उन्होंने जो रोगन और स्टीवन बार्टलेट को पीछे छोड़ दिया है।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
rajshamani

इंदौर से शुरू हुआ एक छोटा सा पॉडकास्ट आज दुनियाभर में अपनी पहचान बना चुका है। उद्यमी और कंटेंट क्रिएटर राज शमानी (Raj Shamani) के शो 'फिगरिंग आउट' (Figuring Out with Raj Shamani) ने YouTube पर 2.2 करोड़ यानी 22 मिलियन सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ यह दुनिया का सबसे ज्यादा सब्सक्राइबर वाला YouTube पॉडकास्ट बन गया है।

इस मुकाम तक पहुंचने के लिए राज शमानी ने कई बड़े अंतरराष्ट्रीय नामों को पीछे छोड़ा है। इनमें स्टीवन बार्टलेट (Steven Bartlett) का 'द डायरी ऑफ अ सीईओ' (The Diary of a CEO) शामिल है, जिसके करीब 2.19 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। वहीं, जो रोगन (Joe Rogan) के पॉडकास्ट 'द जो रोगन एक्सपीरियंस' (The Joe Rogan Experience) के करीब 2.12 करोड़ सब्सक्राइबर हैं।

इस उपलब्धि के पीछे शो की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता भी बड़ी वजह है। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अकेले 2026 में इसके साथ 80 लाख नए YouTube सब्सक्राइबर जुड़े हैं। शो को सभी प्लेटफॉर्म पर हर महीने करीब 140 करोड़ व्यूज मिल रहे हैं। इसके कुल YouTube सब्सक्राइबर्स में 22 फीसदी दर्शक भारत के बाहर से आते हैं।

राज शमानी ने 2021 में इंदौर के एक छोटे से कमरे से इस पॉडकास्ट की शुरुआत की थी। शो में कारोबार, टेक्नोलॉजी, मनोरंजन और राजनीति से जुड़ी हस्तियों के साथ बातचीत की जाती है। इसके मेहमानों में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (Emmanuel Macron), ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन (Sam Altman), बिल गेट्स और एंड्रयू ह्यूबरमैन जैसे बड़े नाम शामिल रहे हैं।

इस उपलब्धि पर राज शमानी ने खुशी जताते हुए कहा कि उनका लक्ष्य 'फिगरिंग आउट' को एक वैश्विक मीडिया संस्थान बनाना है, जहां दुनिया के बड़े विचार और अनुभव हर व्यक्ति तक पहुंच सकें।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

अरुण नांबियार बने उबर एडवरटाइजिंग के हेड ऑफ एजेंसी, इंडिया

अरुण नांबियार ने उबर एडवरटाइजिंग में हेड ऑफ एजेंसी, इंडिया की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले वह एलेफ ग्रुप में एक्स इंडिया बिजनेस हेड के पद पर कार्यरत थे।

Last Modified:
Monday, 16 November, 2026
uber

अरुण नांबियार (Arun Nambiar) उबर एडवरटाइजिंग (Uber Advertising) में हेड ऑफ एजेंसी, इंडिया नियुक्त हुए हैं। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पर पोस्ट साझा कर अपनी नई भूमिका की जानकारी दी। इस जिम्मेदारी में वह कंपनी की राष्ट्रीय एजेंसी रणनीति का नेतृत्व करने के साथ भारतीय बाजार में कारोबार बढ़ाने पर फोकस करेंगे।

अपनी पोस्ट में नांबियार ने लिखा, “मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि मैं उबर एडवरटाइजिंग में हेड ऑफ एजेंसी, इंडिया के रूप में नई जिम्मेदारी संभाल रहा हूं। ग्लोबल एजेंसी टीम का हिस्सा बनने, राष्ट्रीय एजेंसी रणनीति का नेतृत्व करने, सी-सूट नेटवर्क के साथ संबंधों को मजबूत करने और भारतीय बाजार में उबर एडवरटाइजिंग की ग्रोथ को नई दिशा देने को लेकर उत्साहित हूं।”

उन्होंने ब्रांड्स को अधिक सक्रिय उपभोक्ताओं से जोड़ने में मोबिलिटी और कॉमर्स मीडिया की बढ़ती भूमिका पर भी जोर दिया। उनके मुताबिक, उबर अपनी मोबिलिटी इंटेलिजेंस, वास्तविक दुनिया से जुड़े संदर्भों और फुल-फनल मीडिया क्षमताओं के जरिए विज्ञापनदाताओं के लिए नए अवसर तैयार कर रही है।

नांबियार ने ग्लोबल और क्षेत्रीय टीमों के साथ मिलकर विज्ञापन के क्षेत्र में नए प्रयोग और इनोवेशन को आगे बढ़ाने की बात भी कही। उबर एडवरटाइजिंग से पहले नांबियार एलेफ ग्रुप इंक. (Aleph Group, Inc.) में कार्यरत थे। वहां वह एक्स इंडिया बिजनेस हेड (X India Business Head) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

नई भूमिका में उनका फोकस एजेंसी पार्टनरशिप को मजबूत करने और भारत के तेजी से बदलते डिजिटल विज्ञापन बाजार में उबर एडवरटाइजिंग की मौजूदगी बढ़ाने पर रहेगा।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज पर रजत शर्मा ने उठाए साइबर अटैक के सवाल

माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर ठप होने और साइबर अटैक की चर्चाओं पर रजत शर्मा ने एक्स पोस्ट साझा की। उन्होंने चीन, एनवीडिया विवाद और बढ़ती टेक्नोलॉजी प्रतिस्पर्धा का भी जिक्र किया।

Last Modified:
Saturday, 14 November, 2026
rajatsharma

माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) के सर्वर ठप होने के बाद सोशल मीडिया पर साइबर अटैक से लेकर अनियंत्रित एआई एजेंट तक की कई थ्योरी चर्चा में हैं। इस मुद्दे पर इंडिया टीवी (India TV) के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा (Rajat Sharma) ने भी एक्स (X) पर अपनी राय साझा की है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में माइक्रोसॉफ्ट के संकट को लेकर उठ रहे सवालों के साथ एनवीडिया (Nvidia) से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। रजत शर्मा के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ लोग माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर ठप होने के पीछे चीनी साइबर अटैक की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ इसे नियंत्रण से बाहर हुए एआई एजेंट का नतीजा बता रहे हैं।

हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट ने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि समस्या नेटवर्क क्षमता (Network Capacity) अपग्रेड के दौरान पैदा हुई। इस तकनीकी संकट से दुनिया के 74 देशों में माइक्रोसॉफ्ट के करीब 43 करोड़ यूजर्स प्रभावित हुए।

रजत शर्मा ने इस घटनाक्रम को एनवीडिया से जुड़े विवाद के बाद सामने आए एक और बड़े टेक्नोलॉजी संकट के रूप में पेश किया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर फेल होने के पीछे कोई साइबर हमला था या किसी टेक कंपनी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

रजत शर्मा ने अपनी पोस्ट में कहा कि मौजूदा दौर में देशों के बीच प्रतिस्पर्धा केवल सैन्य ताकत तक सीमित नहीं है। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सॉफ्टवेयर और टेक्नोलॉजी इनोवेशन पर नियंत्रण भी अहम हो गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में आरोप लगाना आसान है, लेकिन ठोस सबूत सामने लाना मुश्किल होता है। इसी वजह से माइक्रोसॉफ्ट और एनवीडिया से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर संदेह और अटकलें बनी रह सकती हैं।

रजत शर्मा ने अपने पोस्ट में एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग (Jensen Huang) और एलिस नाम की एक चीनी महिला से जुड़े कथित संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में महिला के जरिए चिप्स चीन पहुंचने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जासूसी या टेक्नोलॉजी इनोवेशन चुराने के आरोपों को साबित करने वाला कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है।

पोस्ट में चीन की ओर से अमेरिका को दी गई चेतावनी का भी जिक्र है। इसके मुताबिक, चीन ने इस मामले को जासूसी से जोड़ने पर आपत्ति जताई और अमेरिका पर टेक्नोलॉजी ब्लॉकेड का बहाना तलाशने का आरोप लगाया।

रजत शर्मा का कहना है कि माइक्रोसॉफ्ट और एनवीडिया से जुड़े मामलों में चीन को लेकर संदेह जताया जा सकता है, लेकिन बिना ठोस सबूत के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना मुश्किल है। फिलहाल इन घटनाक्रमों को लेकर कई सवाल और अटकलें बनी हुई हैं।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

रोहित सावल ने नए मीडिया मंच का किया ऐलान : 'NewsLeaderLive' और 'Zingabad' आएंगे साथ

रोहित सावल ने NewsLeaderLive और Zingabad के साथ नए मीडिया मंच की घोषणा की है। इसका फोकस खबरों के पीछे की कहानी, संदर्भ और उनके मायने दर्शकों तक पहुंचाने पर रहेगा।

Last Modified:
Saturday, 14 November, 2026
rohitsawal

मीडिया जगत में एक नए मंच की तैयारी हो रही है। रोहित सावल (Rohit Sawal) ने अपनी एक्स पोस्ट के जरिए जानकारी दी है कि न्यूजलीडरलाइव (NewsLeaderLive) और जिंगाबाद (Zingabad) मिलकर एक नया मीडिया प्लेटफॉर्म तैयार कर रहे हैं। इस मंच पर खबरों के साथ उनसे जुड़े कारणों, पृष्ठभूमि और उनके मायने समझाने पर भी फोकस रहेगा।

रोहित सावल ने पोस्ट में लिखा, “स्वागत है खबरों के एक नए घर में!” उन्होंने बताया कि दोनों प्लेटफॉर्म्स की कोशिश सिर्फ खबरें बताने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दर्शकों को उन घटनाओं के पीछे की असली कहानी और उनका असर समझने का मौका भी मिलेगा।

इस पहल के तहत देश-दुनिया की घटनाओं से लेकर सत्ता के गलियारों तक के मुद्दों को शामिल किया जाएगा। इसका उद्देश्य दर्शकों को केवल खबरों से अपडेट रखना नहीं, बल्कि उन्हें हर घटनाक्रम को समझने का एक अलग नजरिया देना है। रोहित सावल ने अपने संदेश में कहा, “क्योंकि खबर जानना जरूरी है, लेकिन उसे समझना उससे भी ज्यादा जरूरी है।”

रोहित सावल इससे पहले एबीपी नेटवर्क (ABP Network) से जुड़े रहे हैं। उन्होंने 2026 की शुरुआत में जेन-जी (Gen-Z) दर्शकों को ध्यान में रखकर डिजिटल प्लेटफॉर्म जिंगाबाद लॉन्च किया था। इसके एंथम को यो यो हनी सिंह (Yo Yo Honey Singh) ने आवाज दी थी। इसके अलावा वह न्यूजलीडरलाइव पर 'सवाल तो चुभेगा' जैसे कार्यक्रम भी होस्ट करते रहे हैं।

नए मीडिया मंच को NewsLeaderLive और Zingabad की क्षमताओं को एक साथ लाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इसकी लॉन्चिंग की तारीख, कार्यक्रमों के प्रारूप और अन्य विस्तृत योजनाओं को लेकर अभी जानकारी साझा नहीं की गई है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सालासर बालाजी पर भव्य फिल्म बनाएंगे उपेंद्र राय : जल्द शुरू होगी शूटिंग

भारत एक्सप्रेस के चेयरमैन उपेंद्र राय ने सालासर बालाजी के जीवन और महिमा पर भव्य फिल्म बनाने की घोषणा की है। फिल्म में प्रतीक सिंह चौहान का भावपूर्ण भजन भी शामिल होगा।

Last Modified:
Friday, 13 November, 2026
upendraraay

भारत एक्सप्रेस न्यूज नेटवर्क (Bharat Express News Network) के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर और एडिटर-इन-चीफ उपेंद्र राय (Upendra Rai) भगवान सालासर बालाजी के जीवन और महिमा पर आधारित एक भव्य फिल्म बनाने जा रहे हैं।

उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट के जरिए इस प्रोजेक्ट की जानकारी साझा की है। राय के मुताबिक, फिल्म की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग भी शुरू की जाएगी।

उपेंद्र राय ने बताया कि प्रसिद्ध गायक प्रतीक सिंह चौहान (Prateek Singh Chauhan) द्वारा गाए गए एक भावपूर्ण भजन के कॉपीराइट भी उन्होंने अपने नाम कर लिए हैं। यह भजन उनके दिल के बेहद करीब है और इसे फिल्म में शामिल किया जाएगा। उन्होंने पोस्ट में बताया कि इस गाने के कॉपीराइट के लिए टोकन अमाउंट भी दे दिया गया है।

राय ने अपनी पोस्ट में कहा कि इस भजन को लोगों ने पहले भी कई जगह सुना होगा, लेकिन आने वाले समय में इसकी गूंज और अधिक सुनाई देगी। फिल्म में इसे शामिल करने का उद्देश्य कहानी के साथ भक्ति और आस्था के भाव को भी प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करना है।

उन्होंने बताया कि फिल्म के जरिए भगवान सालासर बालाजी की महिमा, भक्ति और आस्था को बड़े पर्दे पर खूबसूरत अंदाज में पेश करने की कोशिश की जाएगी। फिलहाल फिल्म की तैयारियां जारी हैं और शूटिंग जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए

सोशल मीडिया कंपनियों पर बढ़ सकती है सख्ती, यूजर्स के पोस्ट की जवाबदेही तय करेगी सरकार

सरकार इस बात की समीक्षा कर रही है कि क्या सोशल मीडिया कंपनियों को पहले की तरह सेफ हार्बर (Safe Harbour) के तहत कानूनी सुरक्षा मिलती रहनी चाहिए या उनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही बढ़ाने की जरूरत है।

Last Modified:
Thursday, 12 November, 2026
SocialMedia54

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स की ओर से पोस्ट किए जाने वाले कंटेंट को लेकर केंद्र सरकार अपना रुख सख्त कर सकती है। सरकार इस बात की समीक्षा कर रही है कि क्या सोशल मीडिया कंपनियों को पहले की तरह सेफ हार्बर (Safe Harbour) के तहत कानूनी सुरक्षा मिलती रहनी चाहिए या उनकी जिम्मेदारी और जवाबदेही बढ़ाने की जरूरत है। इस मुद्दे पर सरकार टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ बातचीत कर रही है।

'मनीकंट्रोल' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही बढ़ाने के लिए मौजूदा कानूनी व्यवस्था में बदलाव के विकल्प तलाश रही है। इसमें सोशल मीडिया कंपनियों को मिलने वाली कानूनी सुरक्षा की समीक्षा भी शामिल है। बताया गया है कि प्लेटफॉर्म्स ने जवाबदेही बढ़ाने को लेकर हो रही बातचीत पर सकारात्मक रुख दिखाया है। हालांकि, अभी ये चर्चाएं शुरुआती स्तर पर हैं और सरकार ने कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

रिपोर्ट में एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि डिजिटल दुनिया में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव की जरूरत हो सकती है। सरकार अभी इस बात पर विचार कर रही है कि सोशल मीडिया कंपनियों की जिम्मेदारी किस तरह तय की जाए।

क्या है सेफ हार्बर का कानूनी प्रावधान?

इस पूरे मामले के केंद्र में IT Act, 2000 का सेक्शन 79 है। इसके तहत ऑनलाइन इंटरमीडियरी यानी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को यूजर्स की ओर से पोस्ट किए गए कंटेंट के लिए कुछ शर्तों के साथ कानूनी सुरक्षा मिलती है।

इस प्रावधान का मकसद उन प्लेटफॉर्म्स और कंटेंट बनाने वाले लोगों के बीच अंतर करना है, जो सिर्फ यूजर्स के कंटेंट को अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराते हैं और जो खुद उसे तैयार करते हैं। हालांकि, अब सोशल मीडिया कंपनियां सिर्फ कंटेंट होस्ट करने तक सीमित नहीं हैं। वे अपने एल्गोरिदम के जरिए कंटेंट को रैंक करती हैं, उसकी सिफारिश करती हैं और उसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाती हैं।

यही वजह है कि सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि जो प्लेटफॉर्म अपने एल्गोरिदम के जरिए यह तय करते हैं कि यूजर्स को कौन-सा कंटेंट दिखेगा, उन्हें भी उतनी ही कानूनी सुरक्षा मिलनी चाहिए या नहीं, जितनी सिर्फ जानकारी को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने वाली सेवाओं को मिलती है।

Meta, YouTube और X पर भी पड़ सकता है असर

रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) भारत में इंटरमीडियरी की जवाबदेही से जुड़े नियमों की व्यापक समीक्षा पर विचार कर रहा है। अगर इन नियमों में बदलाव होता है तो Meta, YouTube और X जैसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी इसका असर पड़ सकता है।

हालांकि, इसे सरकार की ओर से घोषित किसी नए नियम या नीतिगत फैसले के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। अभी तक सेफ हार्बर सुरक्षा खत्म करने या उसमें बदलाव करने का कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर भी सरकार का जोर

सोशल मीडिया कंपनियों की जवाबदेही को लेकर यह चर्चा ऐसे समय हो रही है, जब सरकार ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर हानिकारक कंटेंट, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा यूजर्स की शिकायतों के निपटारे को लेकर ज्यादा गंभीर है।

6 नवंबर को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया कंपनियों से महिलाओं और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए सक्रिय कदम उठाने को कहा था। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट जैसे ऑनलाइन फ्रॉड पर भी प्लेटफॉर्म्स से प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की थी।

वैष्णव ने सोशल मीडिया एल्गोरिदम में ज्यादा पारदर्शिता लाने और शिकायतों के निपटारे की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया था।

एल्गोरिदम में पारदर्शिता का मुद्दा इसलिए अहम है, क्योंकि सोशल मीडिया कंपनियां अपने ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए कंटेंट को यूजर्स तक पहुंचाती हैं। ऐसे में सरकार अब सिर्फ यह नहीं देख रही कि किसी पोस्ट को किसने अपलोड किया, बल्कि यह भी देख रही है कि प्लेटफॉर्म के सिस्टम ने उस कंटेंट को कितने बड़े स्तर पर लोगों तक पहुंचाया।

डीपफेक और आपत्तिजनक कंटेंट पर भी बढ़ सकती है जिम्मेदारी

सरकार डीपफेक, बिना सहमति के शेयर की गई निजी तस्वीरों और अन्य आपत्तिजनक कंटेंट से प्रभावित यूजर्स के लिए शिकायतों के निपटारे की व्यवस्था मजबूत करने के विकल्प भी तलाश रही है।

इसके तहत सोशल मीडिया कंपनियों पर यूजर्स की सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेने और उन पर प्रभावी कार्रवाई करने की अतिरिक्त जिम्मेदारी डालने पर विचार किया जा रहा है।

Meta को पहले भी मिल चुकी है चेतावनी

सेफ हार्बर को लेकर सरकार की मौजूदा समीक्षा के पीछे Meta से जुड़ा एक पुराना मामला भी अहम माना जा रहा है।

Moneycontrol ने सितंबर में अपनी रिपोर्ट में बताया था कि केंद्र सरकार ने Meta को चेतावनी दी थी कि अगर कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट (CSAM) के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो उसे यूजर्स की ओर से पोस्ट किए गए कंटेंट के लिए मिलने वाली कानूनी सुरक्षा गंवानी पड़ सकती है।

इस चेतावनी ने सोशल मीडिया कंपनियों की जिम्मेदारी और गैरकानूनी कंटेंट को हटाने में उनकी कार्रवाई की गति को लेकर सवाल खड़े किए थे।

अब सरकार की चर्चा सिर्फ एक कंपनी या किसी खास तरह के आपत्तिजनक कंटेंट तक सीमित नहीं दिख रही है, बल्कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की व्यापक जवाबदेही पर विचार किया जा रहा है।

नियम बदले तो कंपनियों के काम करने का तरीका भी बदल सकता है

अगर सरकार इंटरमीडियरी से जुड़े मौजूदा नियमों में बदलाव करती है तो सोशल मीडिया कंपनियों को सिर्फ आपत्तिजनक पोस्ट हटाने तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखनी होगी। उन्हें कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम, यूजर्स की शिकायतों, एल्गोरिदम से कंटेंट की सिफारिश और कानूनी नियमों के पालन को लेकर भी ज्यादा जवाबदेह होना पड़ सकता है।

यूजर्स के लिहाज से देखें तो इससे आपत्तिजनक कंटेंट की शिकायत करने और उसका समाधान पाने की व्यवस्था बेहतर हो सकती है। हालांकि, नए नियम किस तरह बनाए जाते हैं, यह भी महत्वपूर्ण होगा, ताकि कंटेंट पर नियंत्रण और यूजर्स के अधिकारों के बीच संतुलन बना रहे।

फिलहाल सरकार इस बात की समीक्षा कर रही है कि क्या डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती भूमिका को देखते हुए मौजूदा कानूनी व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। सेक्शन 79 के तहत मिलने वाली सुरक्षा का दायरा कितना बदलेगा और कंपनियों पर कौन-सी नई जिम्मेदारियां आएंगी, यह अभी साफ नहीं है।

फिलहाल सोशल मीडिया कंपनियों को मिलने वाली सेफ हार्बर सुरक्षा बरकरार है। सरकार सिर्फ इस बात पर विचार कर रही है कि क्या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की बढ़ती ताकत और कंटेंट के प्रसार में उनकी भूमिका को देखते हुए मौजूदा नियमों को नए सिरे से तैयार करने की जरूरत है।

 

न्यूजलेटर पाने के लिए यहां सब्सक्राइब कीजिए