यहां वह होमपेज टीम के साथ काम करेंगे। दैनिक जागरण डिजिटल से पहले वह आजतक डिजिटल और इनशॉर्ट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
युवा पत्रकार स्वराज श्रीवास्तव ने दैनिक जागरण डिजिटल के साथ अपनी पारी को विराम दे दिया है। अब उन्होंने TV9 डिजिटल के साथ बतौर चीफ सब एडिटर नई पारी शुरू की है। यहां वह होमपेज टीम के साथ काम करेंगे।
स्वराज श्रीवास्तव ने दिल्ली के प्रतिष्ठित जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। दैनिक जागरण डिजिटल से पहले वह आजतक डिजिटल और इनशॉर्ट्स में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर शहर के रहने वाले स्वराज श्रीवास्तव को किताबें पढ़ने और घूमने का बेहद शौक है। समाचार4मीडिया की ओर से स्वराज श्रीवास्तव को उनकी नई पारी के लिए ढेरों बधाई और शुभकामनाएं।
समाचार4मीडिया से बातचीत में अनंत त्यागी ने बताया कि वह जल्द ही अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे और फिर उस बारे में अपडेट देंगे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
न्यूज एंकर अनंत त्यागी ने जी न्यूज (Zee News) में अपनी पारी को विराम दे दिया है। समाचार4मीडिया से बातचीत में अनंत त्यागी ने बताया कि वह जल्द ही अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे और फिर उस बारे में अपडेट देंगे।
अनंत त्यागी जून 2024 से Zee News के साथ जुड़े हुए थे। उन्होंने लंबे समय तक रात नौ बजे प्रसारित होने वाले इस चैनल के प्राइम टाइम शो 'DNA' को होस्ट किया था। अनंत त्यागी फिलहाल Zee न्यूज़ पर शाम 6 बजे और रात 10 बजे का प्राइम टाइम शो होस्ट कर रहे थे। इसके अलावा भारतीय सेनाओं के शौर्य एवं इतिहास पर आधारित साप्ताहिक शो “रेजिमेंट” भी होस्ट कर रहे थे।
Zee News से पहले अनंत त्यागी टाइम्स नेटवर्क (Times Network) का हिस्सा थे। वह इस समूह के हिंदी न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत (Times Now Navbharat) की लॉन्चिंग टीम के सदस्य रहे हैं। यहां उन्होंने शाम 7 बजे प्रसारित होने वाले शो 'धाकड़ एक्सक्लूसिव' और रात 10 बजे के शो 'संकल्प' को होस्ट किया था। मई 2024 में उन्होंने टाइम्स नाउ नवभारत से इस्तीफा दे दिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत से पहले अनंत त्यागी रिपब्लिक भारत (Republic Bharat) न्यूज नेशन (News Nation) से जुड़े रहे जहां बतौर न्यूज एंकर उन्होंने लंबी पारी खेली।
आईआईएम कोलकाता के विद्यार्थी अनंत त्यागी की पॉलिटिक्स और डिफेंस से जुड़े मामलों पर अच्छी पकड़ है। विधानसभा चुनावों से लेकर कॉन्फ्लिक्ट जोन तक, बांग्लादेश हिंसा से लेकर पाकिस्तान में सत्ता परिवर्तन जैसी महत्वपूर्ण घटनाओं की कवरेज के लिए भी जाना जाता है।
समाचार4मीडिया की ओर से अनंत त्यागी को उनकी आगामी पारी के लिए अग्रिम रूप से ढेरों शुभकामनाएं।
भारत के मीडिया एजेंसी बाजार में जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 131 पिच और अकाउंट मूव्स हुए, जिनसे करीब 1.2 अरब डॉलर का मीडिया खर्च जुड़ा। पब्लिसिस मीडिया ने एजेंसी ग्रुप रैंकिंग में बढ़त हासिल की।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारत के मीडिया एजेंसी बाजार में जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 131 अकाउंट पिच और मूव्स दर्ज किए गए, जिनसे अनुमानित 1.2 अरब डॉलर का मीडिया खर्च जुड़ा। यह जानकारी कॉमवर्जेंस (COMvergence) की ताजा न्यू बिजनेस बैरोमीटर (New Business Barometer) रिपोर्ट में सामने आई है।
इस अवधि में घरेलू गतिविधियों (Local Activity) का बाजार में सबसे बड़ा योगदान रहा। कुल 131 पिच और अकाउंट मूव्स में से 107 स्थानीय स्तर पर हुए, जिनसे करीब 1 अरब डॉलर का मीडिया खर्च जुड़ा।
यह कुल गतिविधि का लगभग 82% रहा। वहीं, 24 ग्लोबल और मल्टी-मार्केट पिच के जरिए 203 मिलियन डॉलर का मीडिया खर्च दर्ज किया गया, जो कुल हिस्सेदारी का लगभग 18% है।
एजेंसी ग्रुप के स्तर पर पब्लिसिस मीडिया (Publicis Media) ने 293 मिलियन डॉलर के न्यू बिजनेस वैल्यू के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद 207 मिलियन डॉलर के साथ डब्ल्यूपीपी मीडिया (WPP Media) दूसरे और 65 मिलियन डॉलर के साथ हवास मीडिया नेटवर्क (Havas Media Network) तीसरे स्थान पर रहा।
इंडिविजुअल एजेंसी रैंकिंग में वेवमेकर (Wavemaker) 145 मिलियन डॉलर के न्यू बिजनेस वैल्यू के साथ शीर्ष पर रहा। जेनिथ (Zenith) ने 134 मिलियन डॉलर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि स्टारकॉम (Starcom) 89 मिलियन डॉलर के साथ तीसरे स्थान पर रहा। हवास मीडिया (Havas Media) 65 मिलियन डॉलर के साथ चौथे और ओएमडी (OMD) 36 मिलियन डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर रहा।
इस अवधि के दौरान प्रमुख अकाउंट पिच, मूव्स और रिटेंशन गतिविधियों में रेकिट (Reckitt), लॉरियल (L’Oréal), विप्रो (Wipro), फ्लिपकार्ट (Flipkart), एएमएफआई (AMFI), टीवीएस (TVS), नेटफ्लिक्स (Netflix), सैमसंग (Samsung), जेएसडब्ल्यू मोटर्स (JSW Motors), केलानोवा (Kellanova), बेयर्सडॉर्फ (Beiersdorf) और एबॉट न्यूट्रिशन (Abbott Nutrition) जैसे बड़े ब्रांड शामिल रहे।
इस नए कानून को 'डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर' (Digital Duty of Care) नाम दिया गया है। यह कानून एक साल बाद लागू होगा।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ऑस्ट्रेलिया ने इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। देश की संसद ने एक नया कानून पास किया है, जिसके तहत गूगल और मेटा जैसी बड़ी टेक कंपनियों को अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद नुकसानदेह कंटेंट और ऐसे फीचर्स को खुद से पहचानकर हटाना होगा, जो यूजर्स की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। इस कानून का पालन नहीं करने वाली कंपनियों पर उनके वैश्विक कारोबार के 5 फीसदी तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।
इस नए कानून को 'डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर' (Digital Duty of Care) नाम दिया गया है। यह कानून एक साल बाद लागू होगा। इसके लागू होने के साथ ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के लिए पहले से मौजूद अलग-अलग नियमों और आचार संहिताओं की जगह एक व्यापक कानून ले लेगा। इसका मकसद इंटरनेट कंपनियों की जिम्मेदारी तय करना है, ताकि वे अपने प्लेटफॉर्म पर ऑस्ट्रेलियाई यूजर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, नए कानून के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर उनके वैश्विक सालाना कारोबार का 5 फीसदी या 10.9 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 7.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर) तक जुर्माना लगाया जा सकता है। इन दोनों में से जो रकम ज्यादा होगी, वही जुर्माने के तौर पर वसूली जा सकेगी। इस प्रावधान से गूगल और मेटा जैसी बड़ी टेक कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है, क्योंकि इन कंपनियों का कारोबार दुनिया भर में फैला हुआ है।
टेक कंपनियों को खुद उठानी होगी जिम्मेदारी
ऑस्ट्रेलिया की कम्युनिकेशंस मिनिस्टर अनिका वेल्स ने कानून पास होने के बाद कहा कि डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर ऑनलाइन सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सुधार है। उन्होंने इसकी तुलना गाड़ियों में सीट बेल्ट अनिवार्य करने, सिगरेट की पैकेजिंग पर सख्त नियम लागू करने और बंदूक नियंत्रण से जुड़े सुधारों से की।
वेल्स के मुताबिक, बड़ी टेक कंपनियों को अब यह गलतफहमी नहीं रहनी चाहिए कि उनके प्लेटफॉर्म पर यूजर्स की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसी और की है। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में लोगों को अपने प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रखना इन कंपनियों की जिम्मेदारी है और ऐसा नहीं करने पर उनसे जवाबदेही तय की जाएगी।
अमेरिकी टेक कंपनियों पर ऑस्ट्रेलिया के सख्त कदम
डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर कानून ऑस्ट्रेलिया की ओर से इंटरनेट और टेक इंडस्ट्री पर उठाए जा रहे कई कदमों में नया जुड़ाव है। देश की सरकार का कहना है कि बड़ी इंटरनेट कंपनियां उसके अधिकार क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाले डिजिटल प्रोडक्ट्स और सेवाओं को रेगुलेट करने के उसके अधिकार को कमजोर कर रही हैं।
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने वाला दुनिया का पहला देश बना था। इसके अलावा, ऑस्ट्रेलियाई सरकार की योजना बड़ी इंटरनेट कंपनियों से न्यूज कंटेंट के इस्तेमाल के बदले लाइसेंस फीस लेने की भी है। इस रकम के जरिए न्यूज मीडिया संगठनों को आर्थिक मदद देने का प्रस्ताव है।
फ्री स्पीच और प्राइवेसी को लेकर भी उठे सवाल
हालांकि टेक कंपनियां बच्चों की सुरक्षा और ऑनलाइन नुकसानदेह गतिविधियों पर रोक लगाने के सरकार के उद्देश्य का समर्थन करती रही हैं, लेकिन ज्यादातर कंपनियों ने इस कानून का विरोध किया है। उनका कहना है कि नए नियमों के तहत सरकारी अधिकारियों को यह तय करने का काफी अधिकार मिल जाएगा कि किस तरह के कंटेंट को नुकसानदेह माना जाए।
इंडस्ट्री से जुड़े संगठनों ने यह चिंता भी जताई है कि भारी जुर्माने के डर से टेक कंपनियां जरूरत से ज्यादा सख्ती बरत सकती हैं। यानी किसी संभावित कार्रवाई से बचने के लिए वे ऐसे कंटेंट को भी हटा सकती हैं, जिसे लेकर विवाद हो सकता है। इससे यूजर्स की अभिव्यक्ति की आजादी और प्राइवेसी पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
महिलाओं के खिलाफ नफरत और खतरनाक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर रोक
नए कानून में ऐसे कंटेंट को भी प्रतिबंधित किया गया है, जो महिलाओं या लैंगिक समानता के खिलाफ नफरत भरे रवैये को बढ़ावा देता है। इसके अलावा अपराध का महिमामंडन करने, खतरनाक स्टंट के लिए उकसाने या गंभीर नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर भी रोक लगाई गई है।
हालांकि, फ्री स्पीच के समर्थकों का कहना है कि इन श्रेणियों की परिभाषा काफी व्यापक है। ऐसे में अलग-अलग तरह के कंटेंट को नुकसानदेह मानने की गुंजाइश बढ़ सकती है। इससे यह सवाल भी उठ रहा है कि ऑनलाइन सुरक्षा सुनिश्चित करने और यूजर्स की अभिव्यक्ति की आजादी बनाए रखने के बीच संतुलन कैसे बनाया जाएगा।
कुल मिलाकर, डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर कानून के जरिए ऑस्ट्रेलिया ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की जिम्मेदारी को और स्पष्ट करने की कोशिश की है। अब कंपनियों को सिर्फ शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने के बजाय अपने प्लेटफॉर्म पर मौजूद संभावित खतरों को पहचानने और उन्हें रोकने के लिए सक्रिय कदम उठाने होंगे। कानून लागू होने के बाद यह देखना अहम होगा कि टेक कंपनियां इन नियमों का पालन किस तरह करती हैं और ऑनलाइन सुरक्षा के साथ फ्री स्पीच से जुड़े सवालों का समाधान कैसे निकलता है।
डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया में बालाजी टेलीफिल्म्स एक नया प्रयोग करने जा रहा है। कंपनी अब रिश्तों, प्यार और पार्टनर तलाशने की कहानी को एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने लाने की तैयारी कर रही है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
डिजिटल एंटरटेनमेंट की दुनिया में बालाजी टेलीफिल्म्स एक नया प्रयोग करने जा रहा है। कंपनी अब रिश्तों, प्यार और पार्टनर तलाशने की कहानी को एक नए अंदाज में दर्शकों के सामने लाने की तैयारी कर रही है। बालाजी टेलीफिल्म्स अपना नया डिजिटल शो 'इट्स अ मील' (It's A Meal) लॉन्च करने जा रहा है। यह शो 19 दिसंबर 2026 से कंपनी के YouTube चैनल पर एक्सक्लूसिव तौर पर स्ट्रीम होगा।
इस शो में टेलीविजन इंडस्ट्री के कई जाने-पहचाने चेहरे नजर आएंगे। इनमें मनारा चोपड़ा, न्यारा एम बनर्जी, अमन गांधी और आकांक्षा चमोला समेत कई अन्य कलाकार शामिल हैं। शो को अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया होस्ट करेंगी। इस शो का कॉन्सेप्ट रिश्तों और मैचमेकिंग के इर्द-गिर्द तैयार किया गया है, जिसमें अलग-अलग सोच और व्यक्तित्व वाले लोग एक-दूसरे से मिलेंगे और अपने लिए एक खास कनेक्शन तलाशने की कोशिश करेंगे।
क्या है 'इट्स अ मील' शो का कॉन्सेप्ट?
'इट्स अ मील' में दर्शकों को सिर्फ मनोरंजन ही नहीं, बल्कि रिश्तों को समझने और नए लोगों से जुड़ने का एक दिलचस्प सफर देखने को मिलेगा। शो में अलग-अलग पृष्ठभूमि और व्यक्तित्व वाले सिंगल्स एक साथ आएंगे। बातचीत, मुलाकातों और आपसी तालमेल के जरिए वे यह जानने की कोशिश करेंगे कि किसके साथ उनकी सोच और पसंद मेल खाती है।
शो में कई ऐसे पल भी देखने को मिलेंगे, जहां प्रतिभागियों को अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलना होगा। कंपनी के मुताबिक, इसमें प्यार, केमिस्ट्री, सरप्राइज और अनपेक्षित कनेक्शन का तड़का होगा। यानी शो का पूरा फॉर्मेट इस बात पर आधारित है कि क्या एक मुलाकात या बातचीत किसी खास रिश्ते की शुरुआत बन सकती है।
आकांक्षा और न्यारा ने साझा किया अपना अनुभव
शो का हिस्सा बनीं अभिनेत्री आकांक्षा चमोला ने कहा कि यह शो लोगों को अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर अपने पसंदीदा इंसान को तलाशने का मौका देगा। उनका मानना है कि हर व्यक्ति की अपनी एक अलग कहानी होती है और कई बार सिर्फ एक बातचीत से भी किसी के साथ खास जुड़ाव महसूस हो सकता है। उन्होंने कहा कि वह इस शो में होने वाली मस्ती, सरप्राइज और नए अनुभवों को लेकर उत्साहित हैं।
वहीं, न्यारा एम बनर्जी ने कहा कि प्यार, केमिस्ट्री और रिश्ते हमेशा दिलचस्प विषय रहे हैं, क्योंकि हर व्यक्ति इन्हें अपने अलग नजरिए से देखता है। इस शो में उन्हें अलग-अलग तरह के लोगों से मिलने और उनके साथ जुड़ाव को समझने का मौका मिलेगा। उन्होंने माना कि यह अनुभव कई बार चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन इसमें कई अप्रत्याशित पल भी देखने को मिलेंगे।
बालाजी टेलीफिल्म्स डिजिटल कंटेंट पोर्टफोलियो बढ़ाने पर दे रहा ध्यान
'इट्स अ मील' सिर्फ एक नया एंटरटेनमेंट शो नहीं है, बल्कि यह बालाजी टेलीफिल्म्स की डिजिटल कंटेंट रणनीति का भी हिस्सा है। कंपनी लगातार नए कॉन्सेप्ट और अलग-अलग तरह के कंटेंट के जरिए अपने डिजिटल पोर्टफोलियो को बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
आज दर्शकों की पसंद तेजी से बदल रही है। खासकर YouTube और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ऐसे कंटेंट की मांग बढ़ रही है, जिसमें मनोरंजन के साथ लोगों से जुड़ने वाले विषय भी शामिल हों। इसी को ध्यान में रखते हुए बालाजी टेलीफिल्म्स ऐसे फॉर्मेट पर काम कर रहा है, जिनमें जाने-पहचाने चेहरे और आम जिंदगी से जुड़े विषय एक साथ देखने को मिलें।
इस शो का फॉर्मेट अधिक्षा गुप्ता और मोहम्मद नागामन लतीफ ने तैयार किया है।
डिजिटल एंटरटेनमेंट में नए कॉन्सेप्ट तलाश रही कंपनी: संजय द्विवेदी
शो के लॉन्च को लेकर बालाजी टेलीफिल्म्स के ग्रुप CEO और CFO संजय द्विवेदी ने कहा कि कंपनी का हमेशा से फोकस दर्शकों की बदलती पसंद को समझने और उसके मुताबिक मनोरंजन के नए अनुभव तैयार करने पर रहा है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल एंटरटेनमेंट का बाजार लगातार बढ़ रहा है और इसमें नए कॉन्सेप्ट, अलग तरह के फॉर्मेट और ऐसी कहानियों के लिए काफी अवसर हैं, जो अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर दर्शकों से जुड़ सकें।
संजय द्विवेदी के मुताबिक, 'इट्स अ मील' के जरिए रिश्तों और मैचमेकिंग को एक दिलचस्प और मनोरंजक अंदाज में पेश किया जा रहा है। यह कंपनी की उस बड़ी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत वह अपने कंटेंट का दायरा बढ़ाना, नए प्रयोग करना और डिजिटल एंटरटेनमेंट के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहती है।
हूनूर की टैलेंट टीम ने तैयार किया शो का आइडिया
बालाजी टेलीफिल्म्स की टैलेंट डिवीजन हूनूर (Hoonur) के हेड ऑफ टैलेंट मोहम्मद नागामन लतीफ ने कहा कि 'इट्स अ मील' के पीछे सोच लोगों के लिए किसी खास रिश्ते की तलाश के सफर को मनोरंजक और दिलचस्प बनाना है।
उन्होंने कहा कि रिश्ते और मैचमेकिंग ऐसे विषय हैं, जिन पर लोगों के बीच स्वाभाविक रूप से उत्सुकता और बातचीत होती है। कंपनी ने इन्हें एक नए और मौजूदा दौर के नजरिए से पेश करने की कोशिश की है।
उनके मुताबिक, शो में अलग-अलग व्यक्तित्व वाले लोगों को एक साथ लाने से दिलचस्प परिस्थितियां बनेंगी और कई ऐसे पल सामने आ सकते हैं, जिनकी दर्शकों ने उम्मीद भी नहीं की होगी। कंपनी को उम्मीद है कि दर्शक न सिर्फ शो का आनंद लेंगे, बल्कि अपने पसंदीदा जोड़ों के लिए भी उत्साहित होंगे।
19 दिसंबर से YouTube पर होगा प्रीमियर
बालाजी टेलीफिल्म्स का यह नया शो 19 दिसंबर 2026 से कंपनी के YouTube चैनल पर एक्सक्लूसिव तौर पर शुरू होगा। इसके जरिए कंपनी डिजिटल दर्शकों के लिए रिश्तों और मनोरंजन को मिलाकर एक नया फॉर्मेट पेश करने जा रही है।
कुल मिलाकर, 'इट्स अ मील' के जरिए बालाजी टेलीफिल्म्स डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने कंटेंट के नए प्रयोग को आगे बढ़ा रहा है। अब देखना होगा कि टेलीविजन के लोकप्रिय चेहरों से सजा यह मैचमेकिंग शो YouTube के दर्शकों के बीच कितनी जगह बना पाता है।
एक समय था जब न्यूजरूम में खबरों का फैसला एडिटर करता था। लेकिन अब यह भूमिका धीरे-धीरे एल्गोरिदम्स निभाने लगे हैं।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
एक समय था जब न्यूजरूम में आखिरी फैसला एडिटर का होता था। कौन-सी खबर सबसे ऊपर जाएगी, किस मुद्दे को प्रमुखता मिलेगी और किसे कम जगह मिलेगी, यह सब एडिटोरियल समझ और पत्रकारिता के मूल्यों के आधार पर तय होता था। लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। आज खबरों की पहुंच और उनकी प्राथमिकता पर इंसानों से ज्यादा एल्गोरिदम्स का असर बढ़ता जा रहा है। Google, Meta, TikTok और दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के एल्गोरिदम्स तय कर रहे हैं कि लोग क्या देखेंगे और क्या नहीं। यह सिर्फ तकनीक में आया बदलाव नहीं है, बल्कि पत्रकारिता के काम करने के तरीके और उसकी स्वतंत्रता के सामने खड़ी एक बड़ी चुनौती है।
गूगल का 'जीरो-क्लिक' साम्राज्य
पहले अगर किसी को कोई खबर पढ़नी होती थी, तो वो गूगल पर सर्च करता, किसी न्यूज साइट पर जाता, और खबर पढ़ता। अब यह सफर बहुत छोटा हो गया है, इतना छोटा कि पब्लिशर तक पहुंचने की जरूरत ही नहीं रही।
गूगल के AI ओवरव्यूज ने यह खेल बदल दिया है। Similarweb के मई 2025 के डेटा के मुताबिक, गूगल पर न्यूज से जुड़े सर्च में 69% सवाल ऐसी हैं, जहां लोगों को जवाब सीधे गूगल पर ही मिल जाता है और उन्हें किसी न्यूज वेबसाइट पर क्लिक करने की जरूरत नहीं पड़ती। इसे ‘zero-click’ सर्च कहा जाता है। मई 2024 में अमेरिका में AI Overviews लॉन्च होने से पहले यह आंकड़ा 56% था। यानी सिर्फ एक साल में इसमें 13% पॉइंट्स की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, SparkToro के 2025 डेटा के अनुसार, गूगल की कुल 58.5% सर्च बिना किसी क्लिक के ही खत्म हो जाती हैं।
इसका सीधा असर न्यूज पब्लिशर्स पर पड़ा है। Chartbeat के डेटा के अनुसार, जो 2,500 से ज्यादा न्यूज वेबसाइट्स को ट्रैक करता है, 2025 में गूगल से आने वाला सर्च ट्रैफिक 33% तक गिर गया। यह तुलना नवंबर 2024 से नवंबर 2025 के बीच की है। अमेरिका में यह गिरावट और ज्यादा, यानी 38% रही। Reuters Institute की जनवरी 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, 51 देशों के 280 मीडिया लीडर्स का मानना है कि अगले तीन साल में सर्च इंजन रेफ्ररल में 43% तक और गिरावट आ सकती है। इनमें से करीब एक-पांचवें पब्लिशर्स को लगता है कि यह नुकसान 75% से भी ज्यादा हो सकता है।
कुछ कंपनियों पर इसका असर और गंभीर रहा। HubSpot ने अपनी organic traffic में 70 से 80% तक की गिरावट दर्ज की। वहीं, एजुकेशन प्लेटफॉर्म Chegg ने अपनी 49% नॉन-सब्सक्राइबर ट्रैफिक खो दी। इसके बाद Chegg ने गूगल के खिलाफ प्रतिस्पर्धा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कानूनी मामला दायर किया। कंपनी का आरोप है कि गूगल ने पब्लिशर्स के कंटेंट का इस्तेमाल अपने AI को ट्रेन करने में किया और अब वही AI लोगों को सीधे जवाब देकर पब्लिशर्स की जगह ले रहा है।
Pew Research Center के जुलाई 2025 के अध्ययन में 900 अमेरिकी वयस्कों की 68,879 गूगल सर्च को ट्रैक किया गया। इसमें पाया गया कि जब AI Overview दिखता है, तब सिर्फ 8% यूजर्स ही किसी ट्रेडिशनल लिंक पर क्लिक करते हैं। जबकि बिना AI Overview के यह आंकड़ा 15% रहता है। इतना ही नहीं, AI Overview में दिए गए लिंक पर सिर्फ 1% लोग ही क्लिक करते हैं।
Reuters Institute के सर्वे में पब्लिशर्स कानेट स्कोर -25 रहा, जब उनसे पूछा गया कि वे 2026 में गूगल सर्च पर ज्यादा काम करेंगे या कम। इसका मतलब यह है कि ज्यादातर पब्लिशर्स अब गूगल सर्च में अपना निवेश घटाने की तैयारी में हैं।
Facebook का 'War on News', और उसका अधूरा अंत
Meta ने 2018 में Facebook पर एक बड़ा बदलाव किया, जिसका असर न्यूज इंडस्ट्री पर साफ दिखा। कंपनी ने कहा कि वह लोगों के बीच “meaningful social connections” बढ़ाना चाहती है। इसके बाद Facebook ने अपने algorithm में न्यूज और सामाजिक-राजनीतिक कंटेंट को कम दिखाना शुरू कर दिया। बाद में इसे ‘War on News’ कहा गया।
University of Warsaw और University of California Davis के शोधकर्ताओं की जुलाई 2025 की एक स्टडी में 2016 से फरवरी 2025 के बीच 40 न्यूज संगठनों के 52 लाख से ज्यादा Facebook posts और करीब 787 करोड़ user reactions का अध्ययन किया गया। इसमें सामने आया कि 2021 से 2024 के बीच न्यूज पोस्ट्स पर reactions में 78% की भारी गिरावट आई, जबकि गैर-न्यूज पेजों पर engagement बढ़ती रही।
2025 में Meta ने यह policy वापस ले ली, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। Reuters Institute और Press Gazette की जनवरी 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2023 की तुलना में Facebook से न्यूज वेबसाइट्स पर आने वाला ट्रैफिक 43% तक गिर चुका था। पॉलिसी वापस लेने के बाद भी यह गिरावट पूरी तरह नहीं संभल सकी।
वहीं, X (पहले Twitter) में एलन मस्क के आने के बाद प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम ज्यादा राजनीतिक रंग में नजर आने लगा। Reuters Institute की 2025 रिपोर्ट के अनुसार, X के 58% users को लगता है कि ऑनलाइन कंटेंट में असली और नकली जानकारी में फर्क करना मुश्किल होता जा रहा है। इसके बावजूद, अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद संभालने के बाद के बाद X पर खबरें देखने वाले लोगों की संख्या 8% पॉइंट्स बढ़ गई और यह वयस्क आबादी के 23% तक पहुंच गई।
TikTok: नया गेटकीपर
अगर गूगल और Facebook पुराने गेटकीपर्स हैं, तो TikTok नया उभरता हुआ गेटकीपर है। Reuters Institute की Digital News Report 2025 के मुताबिक, जो 48 देशों और करीब 1,00,000 लोगों पर आधारित है, TikTok न्यूज का सबसे तेजी बढ़ता प्लेटफॉर्म बन गया है। Global sample में 17% लोग TikTok पर न्यूज लेते हैं। 18 से 24 साल के युवाओं में 44% का प्राइमरी न्यूज सोर्स सोशल मीडिया है।
थाइलैंड में 49% लोग TikTok पर न्यूज देखते हैं, जो पिछले साल से 10% पॉइंट्स ज्यादा है। मलेशिया में यह 48%, केन्या में 40% है। 2026 की शुरुआत तक TikTok के वैश्विक स्तर पर 1.9 बिलियन मंथली एक्टिव यूजर्स हो चुके हैं।
लेकिन TikTok का एल्गोरिदम काफी सख्त तरीके से काम करता है। वह यह नहीं देखता कि किसी क्रिएटर के कितने फॉलोअर्स हैं, बल्कि यह देखता है कि वीडियो के पहले घंटे में कितने likes, comments, watch time और video completion मिले।
सितंबर 2025 में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, TikTok का algorithm उन वीडियो को ज्यादा बढ़ावा देता है जो लोगों का ध्यान लंबे समय तक बनाए रखें और ज्यादा इंट्रैक्शन हासिल करें। इसका असर यह होता है कि एडिटर्स और क्रिएटर्स ऐसी खबरों को प्राथमिकता देने लगते हैं जो ज्यादा अटेंशन खींचें। यानी कई बार गंभीर लेकिन धीमी खबरें दब जाती हैं, जबकि ज्यादा नाटकीय और सतही खबरें तेजी से वायरल हो जाती हैं।
News Consumption का बदलता चेहरा
पिछले पांच वर्षों में न्यूज कंजप्शन का तरीका मौलिक रूप से बदला है। Reuters Institute की 2025 रिपोर्ट सीधे कहती है: 2020 में 52% लोग सोशल वीडियोज के जरिए न्यूज देखते थे, जो 2025 में बढ़कर 65% हो गया। किसी भी format में वीडियो न्यूज देखने वाले 67% से बढ़कर 75% हो गए।
अमेरिका में पहली बार सोशल मीडिया और वीडियो प्लेटफॉर्म्स ने टीवी न्यूज और न्यूज वेबसाइट्स दोनों को पीछे छोड़ दिया है। अब 54% अमेरिकी लोग सोशल मीडिया और वीडियो प्लेटफॉर्म्स के जरिए खबरें देखते हैं, जबकि टीवी न्यूज देखने वालों की संख्या 50% और न्यूज वेबसाइट्स का इस्तेमाल करने वालों की संख्या 48% है।
Reuters Institute की 2025 रिपोर्ट के मुताबिक, टीवी, प्रिंट और न्यूज वेबसाइट्स के साथ लोगों की जुड़ाव लगातार घट रहा है, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर उनकी निर्भरता बढ़ती जा रही है।
न्यूजरूम के अंदर: Algorithm की घुसपैठ
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर BBC अपने बच्चों के लोकप्रिय कंटेंट को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए एक नई पहल करने जा रहा है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर BBC अपने बच्चों के लोकप्रिय कंटेंट को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए एक नई पहल करने जा रहा है। इसके तहत BBC अपने प्री-स्कूल बच्चों के लिए बनाए गए लोकप्रिय चैनल CBeebies के चुनिंदा कार्यक्रमों को Netflix पर उपलब्ध कराएगा। यह पहल 2 दिसंबर से ब्रिटेन में शुरू होगी। फिलहाल इसे एक सीमित ट्रायल के तौर पर पेश किया जा रहा है, जिसके जरिए BBC यह समझना चाहता है कि दूसरे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के साथ साझेदारी करने से उसके बच्चों के कार्यक्रमों की पहुंच कितनी बढ़ सकती है।
इस साझेदारी के तहत Netflix पर CBeebies के नाम से एक अलग हब बनाया जाएगा। इसमें BBC के प्री-स्कूल कंटेंट पोर्टफोलियो से चुने गए 24 कार्यक्रम शामिल होंगे। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि BBC अपने पूरे CBeebies ब्रांड को Netflix पर शिफ्ट कर रहा है। BBC iPlayer पहले की तरह CBeebies के सभी कार्यक्रमों को देखने का मुख्य प्लेटफॉर्म बना रहेगा। इसके अलावा, Netflix पर उपलब्ध कराए जाने वाले सभी 24 कार्यक्रम BBC के अपने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म iPlayer पर भी मौजूद रहेंगे।
दूसरे प्लेटफॉर्म के जरिए दर्शकों तक पहुंचने की कोशिश
BBC की इस पहल को अपने कंटेंट की पहुंच बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अभी तक दर्शक BBC के चैनलों और iPlayer के जरिए उसके कार्यक्रम देखते रहे हैं। लेकिन अब ब्रॉडकास्टर यह समझना चाहता है कि अगर उसके लोकप्रिय कार्यक्रम किसी दूसरे बड़े स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराए जाएं, तो क्या उन तक नए दर्शक पहुंच सकते हैं।
खास तौर पर उन परिवारों को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है, जो नियमित रूप से BBC के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल नहीं करते, लेकिन Netflix पर बच्चों के कार्यक्रम देखते हैं।
इस ट्रायल में शामिल किए जाने वाले कार्यक्रमों में Numberblocks और Teletubbies जैसे लोकप्रिय शो शामिल हैं। इन कार्यक्रमों के आने से Netflix की ब्रिटिश बच्चों के कंटेंट की मौजूदा लाइब्रेरी भी मजबूत होगी। फिलहाल Netflix के यूके कैटलॉग में Shaun the Sheep और Hey Duggee जैसे ब्रिटिश बच्चों के कार्यक्रम पहले से मौजूद हैं।
CBeebies के पूरे कंटेंट की जिम्मेदारी BBC iPlayer पर ही रहेगी
BBC ने इस बात को साफ किया है कि Netflix पर केवल चुनिंदा कार्यक्रमों को ही उपलब्ध कराया जाएगा। 24 कार्यक्रमों का यह चयन CBeebies की पहचान से जुड़े उच्च गुणवत्ता वाले ब्रिटिश कंटेंट को ध्यान में रखकर किया गया है।
Netflix पर बनाए जाने वाले खास CBeebies हब के जरिए सब्सक्राइबर्स को इन कार्यक्रमों को एक ही जगह खोजने और देखने की सुविधा मिलेगी। वहीं, CBeebies का पूरा कैटलॉग, टीवी चैनल, गेम्स और दूसरी डिजिटल सुविधाएं पहले की तरह BBC iPlayer, CBeebies चैनल और YouTube पर उपलब्ध रहेंगी।
इस तरह BBC अपने कंटेंट को दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने के साथ-साथ अपने मौजूदा प्लेटफॉर्म की अहमियत भी बनाए रखना चाहता है।
दर्शकों की पसंद और देखने के तरीके को समझेगा BBC
BBC के लिए यह साझेदारी सिर्फ अपने कार्यक्रमों को एक नए प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। इस ट्रायल के जरिए ब्रॉडकास्टर दर्शकों के व्यवहार को भी समझना चाहता है।
इसके तहत BBC यह आकलन करेगा कि Netflix पर कार्यक्रम उपलब्ध होने से उनकी पहुंच, खोजने की सुविधा (Discoverability) और दर्शकों की भागीदारी (Engagement) पर क्या असर पड़ता है। इसके साथ ही यह भी समझने की कोशिश की जाएगी कि किसी बाहरी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर देखे जा रहे कार्यक्रमों की व्यूअरशिप को BBC से किस तरह जोड़ा और मापा जा सकता है।
इस ट्रायल से मिलने वाले नतीजे BBC को यह तय करने में मदद कर सकते हैं कि भविष्य में दूसरे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के साथ इस तरह की साझेदारी कितनी उपयोगी साबित हो सकती है। खास तौर पर इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि ब्रिटेन में तैयार किए गए खास कंटेंट को उन परिवारों तक कैसे पहुंचाया जाए, जो शायद BBC के अपने प्लेटफॉर्म पर उसे नहीं देख पाते।
BBC अधिकारियों ने साझेदारी को लेकर क्या कहा?
BBC की चीफ कंटेंट ऑफिसर Kate Phillips ने कहा कि BBC के पास दुनिया के कुछ सबसे लोकप्रिय कंटेंट और ब्रांड हैं। ब्रॉडकास्टर लगातार ऐसे तरीकों पर काम कर रहा है, जिनसे ज्यादा से ज्यादा दर्शक उसके कार्यक्रमों और ब्रांड्स को खोज सकें और उनसे जुड़ सकें।
उन्होंने कहा कि यह सीमित ट्रायल BBC को यह समझने का मौका देगा कि दूसरी कंपनियों के साथ साझेदारी करके उसके कार्यक्रमों की पहुंच किस तरह बढ़ाई जा सकती है। साथ ही, इससे दर्शकों को बेहतर कंटेंट उपलब्ध कराने और ब्रिटिश क्रिएटिविटी को बढ़ावा देने के अवसर भी तलाशे जा सकेंगे।
Kate Phillips ने यह भी स्पष्ट किया कि इस साझेदारी के बावजूद BBC iPlayer पर CBeebies का पूरा अनुभव पहले की तरह उपलब्ध रहेगा।
वहीं, BBC Children’s and Education की डायरेक्टर Patricia Hidalgo ने कहा कि CBeebies कई पीढ़ियों से ब्रिटेन के परिवारों की जिंदगी का हिस्सा रहा है। इसके कार्यक्रम छोटे बच्चों को ध्यान में रखकर तैयार किए जाते हैं और परिवारों के बीच इनकी एक खास पहचान है।
उन्होंने कहा कि दर्शकों के देखने के तरीके में लगातार बदलाव आ रहा है। ऐसे में BBC अपने कंटेंट को लोगों तक पहुंचाने के नए रास्ते तलाश रहा है। Netflix पर चुने गए 24 कार्यक्रम CBeebies के बड़े कंटेंट पोर्टफोलियो की एक छोटी सी झलक होंगे।
Netflix के लिए भी फायदेमंद होगी यह साझेदारी
इस साझेदारी से Netflix को भी अपने ब्रिटिश बच्चों के कंटेंट की लाइब्रेरी में कुछ और लोकप्रिय कार्यक्रम जोड़ने का मौका मिलेगा।
Netflix में यूके कंटेंट की वाइस प्रेसिडेंट Anne Mensah ने कहा कि CBeebies की ब्रिटेन के परिवारों के बीच एक खास जगह है। उन्होंने इस साझेदारी को ब्रिटिश बच्चों के कार्यक्रम बनाने वाले प्रोड्यूसर्स और क्रिएटर्स के लिए भी अच्छा अवसर बताया।
उनके मुताबिक, Netflix ऐसा मनोरंजक और सुरक्षित माहौल तैयार करना चाहता है, जहां माता-पिता अपने बच्चों के लिए भरोसेमंद कार्यक्रम चुन सकें और बच्चे भी उन्हें पसंद के साथ देख सकें।
Children’s Media Foundation ने भी किया फैसले का स्वागत
BBC और Netflix की इस साझेदारी को ब्रिटेन की संस्था Children’s Media Foundation (CMF) ने भी एक नया और संभावनाओं से भरा कदम बताया है।
संस्था का मानना है कि BBC को अपने कंटेंट को उन प्लेटफॉर्म तक ले जाना चाहिए, जहां आज के दर्शक ज्यादा समय बिता रहे हैं। ऐसे में अगर BBC के उच्च गुणवत्ता वाले कार्यक्रम ज्यादा बच्चों और परिवारों तक पहुंचते हैं, तो यह अच्छी बात है।
हालांकि, संस्था ने इसके साथ एक जरूरी शर्त भी रखी है। उसका कहना है कि लाइसेंस फीस देने वाले दर्शकों के लिए BBC का बनाया गया कंटेंट बिना किसी अतिरिक्त खर्च के उपलब्ध रहना चाहिए।
CMF ने यह भी कहा कि इस तरह की साझेदारी से BBC और प्रोडक्शन कंपनियों को आर्थिक रूप से फायदा मिल सकता है। खास तौर पर ऐसे समय में जब ब्रिटेन का बच्चों के मीडिया उद्योग कई चुनौतियों से गुजर रहा है। बच्चों के कार्यक्रमों के लिए कमीशनिंग बजट में कटौती और YouTube से सीमित विज्ञापन कमाई जैसी समस्याएं इस उद्योग को प्रभावित कर रही हैं।
Children’s Media Foundation के डायरेक्टर Greg Childs ने कहा कि CBeebies ने अपनी कहानियों, जानकारी देने वाले कार्यक्रमों और शैक्षणिक कंटेंट के जरिए ब्रिटेन के छोटे बच्चों के बीच एक खास पहचान बनाई है। उन्होंने इस बात का स्वागत किया कि अब इन कार्यक्रमों की पहुंच और ज्यादा दर्शकों तक हो सकती है।
हालांकि, उन्होंने यह भी जोर दिया कि दर्शकों को इन कार्यक्रमों को देखने के लिए कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़े।
BBC के सामने अपनी पहचान और पहुंच बनाए रखने की चुनौती
दरअसल, दुनियाभर में टीवी ब्रॉडकास्टर्स और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म अब अपने कंटेंट को अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के नए तरीके तलाश रहे हैं। दर्शकों की बदलती पसंद और डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती लोकप्रियता ने कंटेंट वितरण की रणनीति को भी बदल दिया है।
BBC के सामने भी यही चुनौती है कि वह अपने लोकप्रिय कार्यक्रमों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाए, लेकिन इस प्रक्रिया में अपने प्लेटफॉर्म की अहमियत कम न होने दे।
फिलहाल Netflix के साथ यह साझेदारी ब्रिटेन तक सीमित एक ट्रायल है। शुरुआती तौर पर 24 चुनिंदा कार्यक्रम ही Netflix पर उपलब्ध होंगे। अब BBC की नजर इस बात पर रहेगी कि कितने परिवार इन कार्यक्रमों को देखते हैं, क्या नए दर्शक CBeebies से जुड़ते हैं और क्या इस साझेदारी के बाद लोग BBC iPlayer पर मौजूद इसके पूरे कंटेंट को भी देखना पसंद करते हैं।
इस ट्रायल के नतीजे आने वाले समय में BBC की दूसरी स्ट्रीमिंग साझेदारियों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
अपने 21 साल से ज्यादा के करियर में उन्होंने टेलीविजन, रेडियो और प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में काम किया है। उन्हें खास तौर पर एडवर्टाइजिंग सेल्स और रेवेन्यू जनरेशन का अनुभव है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया और एडवर्टाइजिंग इंडस्ट्री के अनुभवी प्रोफेशनल दिलीप ताहिलरमानी ने बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms) के साथ अपनी नई पारी शुरू की है। उन्हें कंपनी में नेशनल सेल्स हेड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह मुंबई से अपना कामकाज संभालेंगे।
ताहिलरमानी को मीडिया और विज्ञापन जगत में दो दशक से अधिक का अनुभव है। अपने 21 साल से ज्यादा के करियर में उन्होंने टेलीविजन, रेडियो और प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में काम किया है। उन्हें खास तौर पर एडवर्टाइजिंग सेल्स और रेवेन्यू जनरेशन का अनुभव है।
बालाजी टेलीफिल्म्स से जुड़ने से पहले ताहिलरमानी एनडीटीवी (NDTV) में एसोसिएट वाइस प्रेजिडेंट एवं रीजनल हेड (वेस्ट) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने इस संस्थान में नौ महीने तक अपनी सेवाएं दीं। दिलीप ताहिलरमानी को विभिन्न मीडिया संस्थानों में सीनियर पदों पर काम करने का लंबा अनुभव है। एनडीटीवी से पहले वह करीब नौ साल तक जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) में एसोसिएट डायरेक्टर के पद पर रहे। उन्होंने नवंबर 2016 में यहां काम शुरू किया था और सितंबर 2025 तक इस जिम्मेदारी को संभाला।
दिलीप तहिलरमानी दिसंबर 2014 से नवंबर 2016 तक टीवी टुडे नेटवर्क (TV Today Network) के ‘आजतक’ में सीनियर मैनेजर के तौर पर भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। इससे पहले, मई 2010 से नवंबर 2014 तक वह AIDEM Ventures Private Limited में सीनियर मैनेजर रहे। यहां उन्होंने न्यूज एक्स (News X), सहारा वन (Sahara One), फिल्मी (Filmy) और जया नेटवर्क (Jaya Network) जैसे प्रतिष्ठित चैनलों के विज्ञापन बिक्री से जुड़े काम संभाले और टीम का नेतृत्व किया।
उन्होंने जून 2009 से मई 2010 तक B.A.G Films & Media Limited में असिस्टेंट मैनेजर के तौर पर काम किया। इसके अलावा, नवंबर 2007 से मई 2009 तक वह Digital Radio Mumbai Broadcasting Limited (93.5 Red FM) से जुड़े रहे। अगस्त 2005 से अक्टूबर 2007 तक उन्होंने बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड (Times Group) में सीनियर ऑफिसर के रूप में भी काम किया।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो दिलीप तहिलरमानी ने मुंबई के एम.एम.के. कॉलेज से बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री ली है।
भारतीय विज्ञापन इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका को देखते हुए एडवरटाइजिंग एजेंसिज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI) ने एक अहम पहल की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
भारतीय विज्ञापन इंडस्ट्री में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका को देखते हुए ऐडवर्टाइजिंग एजेंसिज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (AAAI) ने एक अहम पहल की है। AAAI ने अपनी नई काउंसिल फॉर AI के सदस्यों की घोषणा की है। इस काउंसिल की कमान LS Digital के फाउंडर और ग्रुप CEO प्रसाद शेजाले को सौंपी गई है। इस पहल का मकसद भारतीय विज्ञापन इंडस्ट्री को AI के इस्तेमाल, विकास और इससे जुड़े नियमों के मामले में एक मजबूत और भरोसेमंद आवाज देना है। साथ ही, कोशिश होगी कि छोटी-बड़ी सभी विज्ञापन एजेंसियां AI के लिए तैयार हो सकें।
इस काउंसिल में विज्ञापन, टेक्नोलॉजी और शिक्षा जगत से जुड़े अनुभवी लोगों को शामिल किया गया है। इसमें ऐसे विशेषज्ञ हैं, जिन्हें AI के विकास, इसके व्यावहारिक इस्तेमाल और इससे जुड़े जोखिमों की अच्छी समझ है। काउंसिल का उद्देश्य केवल विज्ञापन एजेंसियों को नई तकनीक से परिचित कराना नहीं है, बल्कि उन्हें AI के सही और जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए तैयार करना भी है।
AAAI के मुताबिक, काउंसिल पांच प्रमुख क्षेत्रों में काम करेगी। इनमें विज्ञापन इंडस्ट्री में AI की क्षमता बढ़ाने के लिए ट्रेनिंग देना, AI के कारण विज्ञापन कारोबार में आ रहे बदलावों पर रिसर्च और रिपोर्ट तैयार करना, AI के जिम्मेदार इस्तेमाल के लिए व्यावहारिक दिशा-निर्देश बनाना, ब्रांड्स, टेक्नोलॉजी कंपनियों और सरकार के सामने इंडस्ट्री का पक्ष रखना और ऐसे उदाहरण व प्लेबुक साझा करना शामिल है, जिनकी मदद से एजेंसियां AI के शुरुआती प्रयोगों को वास्तविक कारोबारी नतीजों में बदल सकें।
इसके अलावा, काउंसिल AI से जुड़े नए ट्रेंड्स पर भी नजर रखेगी और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली चर्चाओं में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
छोटी और मझोली एजेंसियों पर रहेगा खास ध्यान
इस पहल में छोटी और मझोली विज्ञापन एजेंसियों को खास तवज्जो दी जाएगी। दरअसल, बड़ी एजेंसी नेटवर्क्स के मुकाबले छोटी एजेंसियों के पास न तो उतना बड़ा बजट होता है और न ही टेक्नोलॉजी से जुड़ी अलग टीमें। ऐसे में उनके लिए AI जैसी नई तकनीक को अपनाना कई बार चुनौती बन जाता है।
AAAI की यह काउंसिल ऐसी एजेंसियों को ध्यान में रखते हुए किफायती ट्रेनिंग और आसान दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी। इसका मकसद है कि छोटी और मझोली एजेंसियां भी AI का इस्तेमाल कर सकें और तकनीक के मामले में बड़ी एजेंसियों से पीछे न रहें।
AI लोगों की जगह नहीं लेगा, बल्कि उनकी क्षमता बढ़ाएगा: प्रसाद शेजाले
काउंसिल के चेयरमैन प्रसाद शेजाले ने कहा कि AI पर इंडस्ट्री की आवाज तभी भरोसेमंद हो सकती है, जब उसके पीछे सही अनुभव और जानकारी रखने वाले लोग हों। इसी सोच के साथ इस काउंसिल में ऐसे लोगों को शामिल किया गया है, जो AI पर काम कर रहे हैं, इसका अध्ययन कर रहे हैं और इसके नतीजों के लिए जवाबदेह भी हैं।
उन्होंने AI की तुलना आयरन मैन के सूट से करते हुए कहा कि AI लोगों की जगह लेने के बजाय उनकी क्षमताओं को बढ़ाने का काम करता है। उनके मुताबिक, काउंसिल की जिम्मेदारी है कि भारत की हर विज्ञापन एजेंसी इस तकनीक का फायदा उठा सके और AI के विकास व इस्तेमाल से जुड़ी चर्चाओं में अपनी बात रख सके।
विज्ञापन इंडस्ट्री को भविष्य के लिए तैयार करना जरूरी: डॉ. संदीप गोयल
AAAI के प्रेसिडेंट डॉ. संदीप गोयल ने कहा कि विज्ञापन इंडस्ट्री की शीर्ष संस्था होने के नाते AAAI की जिम्मेदारी है कि वह अपने हर सदस्य को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करे।
उन्होंने कहा कि काउंसिल फॉर AI के जरिए टेक्नोलॉजी, क्रिएटिविटी, शिक्षा और डेटा से जुड़े देश के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाया गया है, ताकि विज्ञापन इंडस्ट्री में AI के इस्तेमाल को लेकर ठोस काम किया जा सके।
काउंसिल में शामिल हैं ये छह सदस्य
काउंसिल की अगुवाई प्रसाद शेजाले करेंगे। वह LS Digital के फाउंडर और ग्रुप CEO हैं। यह एक AI आधारित इंटीग्रेटेड मार्केटिंग नेटवर्क है। IIT मद्रास से पढ़ाई करने वाले शेजाले को टेक्नोलॉजी और मार्केटिंग के क्षेत्र में करीब तीन दशक का अनुभव है। वह लंबे समय से इस बात की वकालत करते रहे हैं कि AI का इस्तेमाल इंसानों की क्षमता बढ़ाने के लिए होना चाहिए। काउंसिल में वह सरकार, ब्रांड्स और टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म्स के साथ बातचीत की जिम्मेदारी संभालेंगे।
निराज रुपारेल को भी काउंसिल का सदस्य बनाया गया है। वह WPP India/WPP Media India में क्रिएटिव टेक्नोलॉजी लीड हैं। उन्हें जनरेटिव AI, वॉयस AI और XR मार्केटिंग के क्षेत्र में काम करने का अनुभव है। उन्होंने भारत में AI आधारित ऐसे टूल्स बनाने में भी भूमिका निभाई है, जो अलग-अलग भाषाओं और समुदायों के लोगों को तकनीक से जोड़ने में मदद करते हैं। वह विज्ञापन इंडस्ट्री को प्रभावित करने वाले नए AI ट्रेंड्स और टेक्नोलॉजी पर नजर रखेंगे।
प्रोफेसर शैनेश जी इस काउंसिल के एक अन्य सदस्य हैं। वह IIM बेंगलुरु में मार्केटिंग के प्रोफेसर हैं। उन्हें सर्विस मार्केटिंग, कस्टमर एक्सपीरियंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल है। काउंसिल में वह रिसर्च और डेटा आधारित काम को मजबूती देंगे। उनकी भूमिका यह समझने में मदद करना होगी कि AI कहां वास्तविक कारोबारी फायदा पहुंचा रहा है और कहां इसे लेकर सिर्फ बढ़ा-चढ़ाकर दावे किए जा रहे हैं।
कैरोल गोयल भी काउंसिल का हिस्सा होंगी। वह एस्थेटिक इंटेलिजेंस लैब की फाउंडर हैं। उन्होंने लंदन और न्यूयॉर्क के सोथबी इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट से आर्ट बिजनेस में मास्टर्स की पढ़ाई की है। उन्हें ब्रांड, कम्युनिकेशन और AI आधारित मार्केटिंग ट्रांसफॉर्मेशन का अनुभव है। वह AI के इस्तेमाल में इंसानी सोच, ग्राहकों और एजेंसी टीमों की जरूरतों को प्राथमिकता देने पर काम करेंगी।
गौतम रघोथमन (जी'मैन) को भी सदस्य बनाया गया है। वह सप्तऋषि (पहले अकिलिज) के फाउंडर और CEO हैं। इससे पहले वह माइंडशेयर साउथ-ईस्ट एशिया के CEO और WPP में ग्लोबल क्लाइंट लीड रह चुके हैं। उन्होंने सहमति आधारित मार्केटिंग के लिए एक पेटेंटेड और प्राइवेसी-फर्स्ट प्लेटफॉर्म तैयार किया है। काउंसिल में वह डेटा प्राइवेसी, भरोसे और AI के जिम्मेदार इस्तेमाल से जुड़े काम को आगे बढ़ाएंगे।
अमरेश गोडबोले भी इस काउंसिल के सदस्य होंगे। वह पब्लिसिस डिजिटल एक्सपीरियंस के CEO और पब्लिसिस ग्रुप इंडिया में AI एक्सपीरियंस एंड सॉल्यूशंस के प्रमुख हैं। इससे पहले वह गूगल इंडिया में क्रिएटिव एंड कैपेबिलिटी के प्रमुख और डिजिटास इंडिया के CEO रह चुके हैं। उन्हें बड़े भारतीय क्लाइंट्स के लिए AI और एजेंटिक वर्कफ्लो पर काम करने का अनुभव है। वह इस अनुभव को ऐसे व्यावहारिक तरीकों और प्लेबुक में बदलने में मदद करेंगे, जिनका इस्तेमाल पूरा विज्ञापन इंडस्ट्री कर सके।
हर तीन महीने में होगी बैठक, 2027 में आएगी पहली रिपोर्ट
AAAI के मुताबिक, काउंसिल की बैठक हर तीन महीने में होगी। इसके शुरुआती कामों में भारतीय विज्ञापन इंडस्ट्री में AI की मौजूदा स्थिति पर एक रिपोर्ट तैयार करना और AAAI के सदस्यों के लिए AI क्षमता विकास कार्यक्रम शुरू करना शामिल है। इन दोनों पहलों को 2027 की शुरुआत में सामने लाने की योजना है।
इस पहल के जरिए AAAI की कोशिश है कि भारतीय विज्ञापन इंडस्ट्री में AI का इस्तेमाल केवल कुछ बड़ी एजेंसियों तक सीमित न रहे, बल्कि छोटी और मझोली एजेंसियां भी इस तकनीक को अपनाकर अपने काम और कारोबार को आगे बढ़ा सकें।
अंकुर राजन ने पब्लिसिस ग्रुप में Associate Vice President – Programmatic का पद संभाला है। इससे पहले वह डेंट्सु इंडिया में Sr. Director Programmatic की जिम्मेदारी निभा रहे थे।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
अंकुर राजन (Ankur Rajan) को पब्लिसिस ग्रुप (Publicis Groupe) में Associate Vice President – Programmatic नियुक्त किया गया है। उन्होंने लिंक्डइन (LinkedIn) पोस्ट के जरिए अपनी नई भूमिका की जानकारी साझा करते हुए करियर के इस नए पड़ाव पर खुशी जाहिर की।
नई जिम्मेदारी में राजन प्रोग्रामेटिक एडवरटाइजिंग (Programmatic Advertising) से जुड़े काम संभालेंगे। डिजिटल मीडिया और विज्ञापन क्षेत्र में यह एक अहम हिस्सा है, जहां विज्ञापन इन्वेंट्री की खरीद और बिक्री ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए की जाती है।
अपनी लिंक्डइन पोस्ट में राजन ने लिखा, “I’m happy to share that I’m starting a new position as Associate Vice President – Programmatic at Publicis Groupe!”
पब्लिसिस ग्रुप में इस नई भूमिका से पहले अंकुर राजन डेंट्सु इंडिया (Dentsu India) के साथ जुड़े हुए थे, जहां वह Sr. Director Programmatic के पद पर कार्यरत थे।
फ्लिपकार्ट के ग्रुप सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति आने वाले कुछ हफ्तों में इस्तीफा दे सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में नेतृत्व बदलाव की चर्चा है, हालांकि कंपनी ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
by
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
वॉलमार्ट (Walmart) के स्वामित्व वाली फ्लिपकार्ट (Flipkart) के ग्रुप सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति (Kalyan Krishnamurthy) आने वाले कुछ हफ्तों में अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे ई-कॉमर्स कंपनी के साथ उनका करीब एक दशक लंबा जुड़ाव समाप्त हो सकता है।
यह खबर ऐसे समय में सामने आई है, जब फ्लिपकार्ट में संभावित नेतृत्व बदलाव को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, कल्याण कृष्णमूर्ति के कथित इस्तीफे को लेकर कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कृष्णमूर्ति 2016 से फ्लिपकार्ट में विभिन्न नेतृत्व भूमिकाओं में काम कर रहे हैं। जनवरी 2017 में उन्हें कंपनी का सीईओ नियुक्त किया गया था और 2018 में उन्होंने ग्रुप सीईओ की जिम्मेदारी संभाली।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कैटेगरी ऑपरेशंस, मार्केटिंग, कस्टमर एक्सपीरियंस, मार्केटप्लेस ऑपरेशंस, एडवरटाइजिंग और प्राइवेट लेबल जैसे कई प्रमुख बिजनेस फंक्शंस का नेतृत्व किया है।
इससे पहले 2013 में फ्लिपकार्ट के साथ अपने पुराने कार्यकाल के दौरान वह अंतरिम चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (Chief Financial Officer-CFO) की भूमिका भी निभा चुके हैं।
फ्लिपकार्ट से जुड़ने से पहले कृष्णमूर्ति टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट (Tiger Global Management) में कार्यरत थे, जहां उन्होंने मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर काम किया।
इसके अलावा, उन्होंने ईबे एशिया पैसिफिक (eBay Asia Pacific) में भी वित्तीय नेतृत्व से जुड़ी भूमिकाएं निभाईं। वहां वह डायरेक्टर ऑफ फाइनेंशियल प्लानिंग एंड एनालिसिस (Director of Financial Planning and Analysis) और हांगकांग के कंट्री फाइनेंस डायरेक्टर रहे।