होम / ओटीटी / 2024 में भारत का OTT मार्केट ₹37,940 करोड़ पर पहुंचा, YouTube की हिस्सेदारी 38%
2024 में भारत का OTT मार्केट ₹37,940 करोड़ पर पहुंचा, YouTube की हिस्सेदारी 38%
इस क्रांति की अगुवाई कर रहा है YouTube, जो अपने क्रिएटर इकोनॉमी, क्षेत्रीय भाषाओं के कंटेंट और देश के हर कोने में पहुंच के चलते अव्वल रहा।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 10 months ago
अदिति गुप्ता, असिसटेंट एडिटर, एक्सचेंज4मीडिया ।।
2024, भारत की OTT इंडस्ट्री के लिए अहम साल साबित हुआ। इस साल YouTube ने डिजिटल मीडिया में अपनी बादशाहत साबित करते हुए ₹14,300 करोड़ की रिकॉर्ड कमाई की और कुल डिजिटल मीडिया राजस्व में 37.7% हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर रहा।
भारत में तेजी से बढ़ते डिजिटल मनोरंजन की खपत ने OTT जगत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। 70 करोड़ इंटरनेट यूजर्स वीडियो और ऑडियो कंटेंट का उपभोग कर रहे हैं और आने वाले वर्षों में यह संख्या और भी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।
FICCI-EY की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अगले दो वर्षों में पेड वीडियो सब्सक्रिप्शन में करीब 30% की वृद्धि देखी जा सकती है। लेकिन उससे पहले, 2024 में हुई प्रगति को समझना जरूरी है, जिसने इस बढ़ते बदलाव की नींव रखी।
एक्सचेंज4मीडिया द्वारा Chrome DM से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 2024 में भारत में OTT प्लेटफॉर्म्स ने विज्ञापन और सब्सक्रिप्शन से ₹37,940 करोड़ का कुल राजस्व अर्जित किया। इसमें ₹23,340 करोड़ विज्ञापन से और ₹14,500 करोड़ सब्सक्रिप्शन से आया।
इस क्रांति की अगुवाई कर रहा है YouTube, जो अपने क्रिएटर इकोनॉमी, क्षेत्रीय भाषाओं के कंटेंट और देश के हर कोने में पहुंच के चलते अव्वल रहा। YouTube का विज्ञापन-आधारित मॉडल, सस्ते डेटा और बढ़ती इंटरनेट पहुंच के चलते लगातार फल-फूल रहा है।
दूसरे स्थान पर रहा JioCinema, जिसने ₹11,835 करोड़ के राजस्व के साथ 31.2% मार्केट हिस्सेदारी हासिल की। इसका तेजी से उभार खेलों के विशेष प्रसारण अधिकार और जियो के टेलिकॉम इकोसिस्टम से हुई गहरी एकीकृत साझेदारियों के कारण हुआ।
Netflix और Disney+ Hotstar, जो कभी शीर्ष के दावेदार माने जाते थे, अब पीछे छूटते दिख रहे हैं। Netflix ने ₹2,900 करोड़ की कमाई की, जबकि Disney+ Hotstar ने ₹2,750 करोड़ का राजस्व दर्ज किया।
OTT जगत में एक नया अध्याय Netflix और Sony Pictures Networks India (SPNI) के बीच हुए कंटेंट सिंडिकेशन डील से जुड़ा है। इसके तहत Netflix को CID और क्राइम पेट्रोल जैसे प्रतिष्ठित शो मिले हैं, जो SPNI के लिए नई कमाई का रास्ता खोलते हैं और दर्शकों के लिए क्लासिक शो को डिजिटल मंच पर फिर से जीवंत बनाते हैं।
JioCinema और Disney+ Hotstar के हालिया विलय के बाद बना JioHotstar अब प्रतिस्पर्धा को नया आकार देगा। इससे कंटेंट की विविधता, दर्शक जुड़ाव और मार्केट में पोजिशनिंग पर दूरगामी असर पड़ सकता है।
2024 में Amazon miniTV और MX Player के विलय से बने Amazon MX Player ने ₹1,200 करोड़ का राजस्व अर्जित किया और 3.2% हिस्सेदारी के साथ मार्केट में अपनी जगह बनाई। इस प्लेटफॉर्म ने 25 करोड़ से अधिक यूनिक यूज़र्स को सितंबर 2024 तक जोड़ लिया।
वहीं Sony Liv ने ₹300 करोड़, Zee5 ने ₹237 करोड़, Aha Video ने ₹148 करोड़ और Hoichoi ने ₹120 करोड़ की कमाई की। ये सभी क्षेत्रीय भाषाओं और खास दर्शक वर्गों को ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं।
इनके अलावा, अन्य डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने मिलकर ₹4,150 करोड़ का योगदान दिया, जो कुल राजस्व का 10.9% है। इसमें कई निचे प्लेटफॉर्म्स, इंडिपेंडेंट कंटेंट हब्स और उभरते हुए खिलाड़ी शामिल हैं जो खास रुचियों और भाषाओं में काम कर रहे हैं।
ये आंकड़े दर्शाते हैं कि भारत का OTT मार्केट तेज़ी से परिपक्व हो रहा है। आने वाले समय में लोकल कंटेंट, कीमतों की रणनीति और यूज़र एक्सपीरियंस—ये तय करेंगे कि अगले दौर में विजेता कौन होगा।
टैग्स