होम / मीडिया फोरम / पूरे हुए इस पत्रिका के 18 साल, अगले 'पड़ाव’ की ये है तैयारी
पूरे हुए इस पत्रिका के 18 साल, अगले 'पड़ाव’ की ये है तैयारी
रिसर्च जर्नल ‘समागम’ ने अपने 18 साल पूरे कर लिए हैं और 19वें....
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो।।
रिसर्च जर्नल ‘समागम’ ने अपने प्रकाशन के 18 साल पूरे कर लिए हैं और 19वें वर्ष में प्रवेश कर लिया है। वर्ष 2000 में ‘समागम’ का प्रकाशन एक लघु पत्रिका के रूप में हुआ था। 19वें वर्ष में 44 पृष्ठों की इस पत्रिका के नए अंक का विमोचन 28 फरवरी 2019 को पावन भूमि चित्रकूट में होने जा रहा है।
रिसर्च जर्नल की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘18 साल के हर महीने हमारे लिए एक अनुभव रहे हैं। एक बड़ी मुश्किल हमारे सामने यह है कि कंटेंट को लेकर ‘समागम’ से जुड़े लोग बेहद गंभीर हैं, सो इस दिशा में सर्तक रहना होता है। ‘समागम’ का हर अंक विषय विशेष का होता है। कोशिश होती है कि पाठकों, खासतौर पर पत्रकारिता की शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों एवं मीडिया शिक्षा से संबद्ध शिक्षकों को ऐसी सामग्री मिल सके जो शोध के साथ संदर्भ की हो। मीडिया के साथ सिनेमा को लेकर भी नियमित रूप से सामग्री का प्रकाशन किया जाता है। इस बार के नए अंक में सिनेमाटोग्राफी कानून में जो संशोधन किया गया है, संक्षिप्त पृष्ठभूमि के साथ संसोधन की जानकारी प्रकाशित की गई है। यह संदर्भ की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।‘
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,‘रिसर्च जर्नल ने अपने इस सफर में उन विषयों पर भी सामग्री का प्रकाशन किया है, जिनके सौ वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसमें भारतीय सिनेमा के सौ साल पर सौ पृष्ठों का विशेषांक, महात्मा गांधी के चम्पारण यात्रा के सौ साल, महिला दिवस के सौ साल, इंदिरा गांधी के जन्म के सौ साल आदि-इत्यादि पर केन्द्रित रहा है। इस समय हम महात्मा गांधी के जन्म के डेढ़ सौ वर्ष सेलिब्रेट कर रहे हैं। यह सिलसिला अक्टूबर 2018 से आरंभ हुआ है और अक्टूबर 2019 में पूरा होगा। अक्टूबर 2018 में ‘समागम’ के सौ पृष्ठों के विशेष अंक का प्रकाशन किया गया और ऐसी ही कोशिश 2019 अक्टूबर की भी है। इस पूरे वर्ष गांधीजी के विविध पहलुओं पर हर माह दो आलेख प्रकाशित किए जा रहे हैं।’
‘रिसर्च जर्नल के नियमित प्रकाशन में समाचार4मीडिया, मीडिया मोर्चा, भड़ास4मीडिया, रचनाकार के साथ अन्य वेबसाइट से प्राप्त कतिपय सूचना/खबरें सहायक होती हैं। प्रवक्ताडॉटकॉम सहित अनेक वेबसाइट से रिसर्च जर्नल ‘समागम’ को सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है। वर्ष 2011 में प्रतिष्ठित समाचार पत्रिका ‘इंडिया टुडे’ ने ‘समागम’ के बारे में समीक्षा का प्रकाशन किया था। समाचार पत्रिका ‘शुक्रवार’ ने भी अपने पन्नों पर ‘समागम’ को स्थान दिया।‘
समागम का संपादन मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया अध्येता मनोज कुमार कर रहे हैं। मनोज कुमार पत्रकारिता के इतर रेडियो के भी जानकार हैं तथा उनकी 8 किताबें अब तक प्रकाशित हो चुकी है। वे मीडिया अध्यापन से भी वे संबद्ध हैं।
टैग्स रिसर्च जर्नल समागम