होम / मीडिया फोरम / आप खुद देखें ये विडियो और तय करें कि क्या पत्रकार ने इंटर्न के काम को रोका है?
आप खुद देखें ये विडियो और तय करें कि क्या पत्रकार ने इंटर्न के काम को रोका है?
मीडिया को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नाराजगी जगजाहिर है...
समाचार4मीडिया ब्यूरो 7 years ago
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।।
मीडिया को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नाराजगी जगजाहिर है। ट्रंप प्रशासन और मीडिया के बीच विवाद एक बार फिर गहराता जा रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि ट्रंप के साथ एक विवाद के बाद अमेरिकी न्यूज चैनल ‘सीएनएन’ के पत्रकार का 'प्रेस हार्ड पास' व्हाइट हाउस के शीर्ष अधिकारियों ने रद्द कर दिया था, जिसके बाद अब ‘सीएनएन’ ने कोर्ट का रुख कर लिया है। जिम एकोस्टा व्हाइट हाउस में सीएनएन के मुख्य संवाददाता थे।
‘सीएनएन’ ने अपने पत्रकार जिम अकोस्टा पर पाबंदी लगाने के खिलाफ अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस के शीर्ष अधिकारियों के खिलाफ केस दायर किया है। इन अधिकारियों में चीफ ऑफ स्टाफ जॉन केली और व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स शामिल हैं। यह केस वॉशिंगटन स्थित US डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दाखिल किया गया है।
सारा सैंडर्स ने एकोस्टा का पास रद्द करने का कारण अस्वीकार्य आचरण को बताया था। उन्होंने मंगलवार को कहा कि जिम एकोस्टा सीएनएन के करीब 50 हार्ड पास धारकों में से एक हैं। उन्होंने एकोस्टा पर आरोप लगाया कि ऐसा पहली बार नहीं है जब उन्होंने दूसरे पत्रकारों को सवाल पूछने से अनुचित ढंग से रोका है।
सारा सैंडर्स ने ट्वीट करके एकोस्टा पर ‘अपना काम कर रही एक महिला को जबरन हाथ से रोकने की कोशिश’ का आरोप भी लगाया था। सारा ने ये बात उस महिला के लिए कहीं जो व्हाइट हाउस में इंटर्न हैं और प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जिम एकोस्टा से माइक लेने की कोशिश कर रही थीं।
We stand by our decision to revoke this individual’s hard pass. We will not tolerate the inappropriate behavior clearly documented in this video. pic.twitter.com/T8X1Ng912y
— Sarah Sanders (@PressSec) November 8, 2018
हालांकि, एकोस्टा ने व्हाइट हाउस के आरोपों को गलत बताया और कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है।
‘सीएनएन’ ने ट्रंप और उनके सहयोगियों के खिलाफ केस दाखिल कर अपने चीफ व्हाइट हाउस संवाददाता जिम अकोस्टा पर लगी पाबंदी को फौरन हटाने की मांग की है। नेटवर्क ने आरोप लगाया है कि ये एकोस्टा के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।
‘सीएनएन’ ने अपने बयान में कहा, 'हमने अदालत से व्हाइट हाउस के इस आदेश पर तत्काल रोक लगाने और जिम अकोस्टा का प्रेस पास लौटाने की अपील की है। हम इस प्रक्रिया के तहत स्थायी राहत मांगेंगे।'
वहीं व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट एसोसिएशन ने सीएनएन के केस का स्वागत किया और कहा कि व्हाइट हाउस परिसर तक पहुंच को रोकना घटनाओं पर अनुचित प्रतिक्रिया के बराबर है। एसोसिएशन ने कहा, 'हम ट्रंप प्रशासन से फैसला पलटने और सीएनएन के संवाददाता की पूर्ण बहाली की लगातार अपील करते हैं।'
टैग्स डोनाल्ड ट्रंप