होम / मीडिया फोरम / प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी मंत्री का फूटा गुस्सा, पत्रकार को दी धमकी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी मंत्री का फूटा गुस्सा, पत्रकार को दी धमकी
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया, जब विकास के मुद्दे पर सवाल पूछे गए तो राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव अपना आपा खो बैठे। प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद मंत्री ने 'आजतक' के पत्रकार को देख लेने की धमकी भी दे डाली।
दरअसल, बीजेपी ने सदस्यता अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए इस प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था, जिसमें मंत्री गिरीश चंद्र यादव भी मौजूद थे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब 'आजतक' के पत्रकार ने जौनपुर में नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत हो रहे विकास कार्यों और शीतला चौकिया धाम में पर्यटन विभाग द्वारा करोड़ों रुपये के सुंदरीकरण कार्य को लेकर सवाल उठाए, तो मंत्री भड़क उठे।
राज्यमंत्री यादव ने जवाब में कहा, "गोमती नदी पर रिवर फ्रंट का इतना बढ़िया काम हो रहा है, लेकिन मीडिया इसे दिखा नहीं रहा है। यह विकास कार्य मैंने कराया है और हम हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार हैं।"
चौकिया धाम के फंड को लेकर राज्य मंत्री गिरीश चंद्र याोदव ने कहा कि इतनी बड़ी स्वीकृत कराई गई है, 70 साल के इतिहास में इतना पैसा कभी नहीं आया है। आज अगर देखा जाए तो रिंग रोड बन रहा है। आज गोमती नदी पर शहर के अंदर दो पुलों का निर्माण हो रहा है, यही नहीं आईटीआई में महिलाओं का ट्रेड स्वीकृत कराया गया। फायर स्टेशन बना हुआ है। मेडिकल कॉलेज का शुभारंभ हो गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच में ही बीजेपी के जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने हस्तक्षेप करते हुए पत्रकार को टोका और कहा कि यह कार्यक्रम सदस्यता अभियान के लिए है, आप बहुत ज्यादा सवाल पूछ रहे हैं। इसके बाद मंत्री यादव ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की बात करते हुए कहा कि हजारों लोग इस अभियान में शामिल हो रहे हैं।
हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के समाप्त होने के बाद, तीखे सवालों से असहज हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने पत्रकार राजकुमार सिंह को देख लेने की धमकी दे डाली। इस घटना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल गंभीर बना दिया और पत्रकारों के बीच चर्चा का विषय बन गई।
यहां देखें वीडियो:
टैग्स पत्रकार धमकी प्रेस कॉन्फ्रेंस उत्तर प्रदेश मंत्री नाराज गिरीश यादव