होम / मीडिया फोरम / तीन दिनों से लापता पत्रकार का शव तालाब से बरामद
तीन दिनों से लापता पत्रकार का शव तालाब से बरामद
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इस मामले में दो स्थानीय पत्रकारों को गिरफ्तार किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
पिछले तीन दिनों से लापता चल रहे टीवी चैनल के रिपोर्टर मनीष कुमार सिंह का शव मंगलवार को तालाब में मिला है। मामला बिहार में पूर्वी चंपारण जिले का है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मनीष ‘सुदर्शन न्यूज’ चैनल में अरेराज अनुमंडल संवाददाता के पद पर कार्य करते थे।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने इस मामले में दो स्थानीय पत्रकारों अमरेंद्र कुमार और असजद आलम को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि मनीष शनिवार की शाम से गायब थे, जिसके बाद उनके पिता संजय सिंह ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अमरेंद्र कुमार और असजद आलम समेत 13 लोगों को नामजद किया था। मंगलवार को जिले के हरसिद्धि थाना (Harsiddhi Police Station) क्षेत्र स्थित मठलोहियार गद्दी टोला के समीप तालाब से मनीष का शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, मनीष को आखिरी बार अमरेंद्र कुमार और असजद आलम के साथ देखा गया था। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, एक स्थानीय अखबार से जुड़े संजय सिंह का आरोप है कि जमीन के विवाद में उनके बेटे की हत्या की गई है। संजय सिंह का कहना है कि उनके बेटे का गला रेता गया था, जबकि शरीर पर कई जगह चाकू से गोदने के निशान थे। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस पर भी इस मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है।
टैग्स टीवी रिपोर्टर पत्रकार का शव चंपारण मनीष कुमार सिंह