होम / मीडिया फोरम / घर में घुसकर टीवी कलाकार की गोली मारकर हत्या
घर में घुसकर टीवी कलाकार की गोली मारकर हत्या
आतंकियों द्वारा की गई गोलीबारी में घर पर मौजूद उनका 10 साल का भतीजा फरहान जुबैर भी घायल हो गया है। उसके हाथ में गोली लगी है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
जम्मू-कश्मीर में आए दिन आतंकियों की हैवानियत सामने आ रही है। वह महिलाओं और बच्चों को भी अपना निशाना बना रहे हैं। इसी तरह के एक मामले में आतंकियों ने बुधवार को बडगाम के चडूरा इलाके में टीवी आर्टिस्ट आमरीन भट की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों द्वारा की गई गोलीबारी में घर पर मौजूद उनका 10 साल का भतीजा फरहान जुबैर भी घायल हो गया है। उसके हाथ में गोली लगी है।
मीडिया रिपोर्ट्स में जम्मू-कश्मीर पुलिस के हवाले से बताया गया है कि बुधवार की शाम करीब 7 बजकर 55 मिनट पर बडगाम के चडूरा इलाके में आतंकियों ने टीवी कलाकार आमरीन भट (35) के घर पर गोलीबारी की। गोली लगने पर आमरीन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि इस वारदात को लश्कर ए तैयबा के तीन आतंकियों ने अंजाम दिया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आमरीन इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर अक्सर अपने वीडियो शेयर करती थीं। वह श्रीनगर दूरदर्शन केंद्र से प्रसारित हुए कुछ धारावाहिकों के अलावा कुछ कश्मीरी गीतों के एल्बम में भी अभिनय कर चुकी थीं।
बता दें कि इससे पहले मंगलवार को आतंकियों ने श्रीनगर के सौरा इलाके में एक पुलिस कॉन्स्टेबल सैफुल्ला कादरी की उन्हीं के घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस दौरान उनकी सात साल की बेटी भी घायल हो गई थी। इसके अलावा 13 मई को आतंकियों ने पुलिस कॉन्स्टेबल रियाज अहमद की पुलवामा में उनके आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे एक दिन पहले 12 मई के बडगाम में सरकारी कर्मचारी राहुल भट की उनके कार्यालय में घुसकर हत्या की गई थी।
टैग्स पत्रकार की हत्या अमरीन भट टीवी कलाकार