होम / मीडिया फोरम / ‘कश्मीर टाइम्स’ कार्यालय पर 'SIA' का छापा : कारतूस बरामद
‘कश्मीर टाइम्स’ कार्यालय पर 'SIA' का छापा : कारतूस बरामद
जम्मू-कश्मीर की SIA ने ‘कश्मीर टाइम्स’ के कार्यालय पर छापा मारकर कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की, जबकि अख़बार प्रबंधन ने इसे स्वतंत्र प्रेस को दबाने की कोशिश बताया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्टेट इंवेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने गुरुवार को 'कश्मीर टाइम्स' के जम्मू कार्यालय पर छापेमारी की। एजेंसी ने प्रकाशन के प्रवर्तकों के खिलाफ देशविरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप में केस दर्ज किया है। छापे के दौरान SIA ने कार्यालय की विस्तृत तलाशी लेते हुए AK राइफल के कारतूस, पिस्तौल के कुछ राउंड, साथ ही हैंड ग्रेनेड पिन और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामान की जांच जारी है और प्रकाशन के प्रबंधकों से पूछताछ की जा सकती है। दूसरी ओर, ‘कश्मीर टाइम्स’ प्रबंधन ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है। संपादक प्रबोध जामवाल और अनुराधा भसीन ने संयुक्त बयान में कहा कि 'हमारे खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और एक स्वतंत्र मीडिया संस्थान को चुप कराने की कोशिश है।'
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पर सवाल उठाना देश के खिलाफ होना नहीं है, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने की प्रक्रिया का हिस्सा है। प्रबंधन ने कहा कि आरोप 'डराने और बदनाम करने की रणनीति' हैं, लेकिन अखबार अपनी आवाज़ को दबने नहीं देगा।
इस बीच, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर सिंह चौधरी ने कहा कि कार्रवाई तभी होनी चाहिए जब आरोप साबित हों, न कि दबाव बनाने के उद्देश्य से। उन्होंने कहा कि 'पत्रकारिता को स्वतंत्र माहौल मिलना चाहिए और सच लिखने वालों पर दबाव नहीं डाला जाना चाहिए।' साथ ही उन्होंने एजेंसियों से समान मानकों पर कार्रवाई करने की बात कही।
टैग्स