होम / मीडिया फोरम / दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार दीनू रणदिवे
दुनिया को अलविदा कह गए वरिष्ठ पत्रकार दीनू रणदिवे
वरिष्ठ पत्रकार दीनू रणदिवे का आज यानी 16 जून को वृद्धावस्था में निधन हो गया। उन्होंने 95 साल की उम्र में मुंबई के दादर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
वरिष्ठ पत्रकार व स्वतंत्रता सेनानी दीनू रणदिवे का आज यानी 16 जून को वृद्धावस्था में निधन हो गया। उन्होंने 95 साल की उम्र में मुंबई के दादर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। बता दें कि एक महीने पहले उनकी पत्नी सविता का निधन हो गया था।
उन्होंने गोवा मुक्ति संग्राम और संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था। उनका जन्म 1925 में मुंबई के पास दहानू में एक आदिवासी बस्ती में हुआ था। पत्रकारिता के क्षेत्र में दीनू रणदिवे ने महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने 1956 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की थी। संयुक्त महाराष्ट्र समिति ने 1956 में ‘सम्यक महाराष्ट्र’ नामक एक पत्रिका की निकाली, जिसके साथ जुड़कर उन्होंने भी पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। बाद में ‘महाराष्ट्र टाइम्स’ में शामिल हो गए और कई वर्षों तक ‘महाराष्ट्र टाइम्स’ के मुख्य संवाददाता के रूप में काम किया।
उन्होंने ‘संयुक्त महाराष्ट्र’ और ‘लोकमित्र’ पत्रिका का संपादन भी किया है। उन्होंने फ्रांसीसी न्यूज एजेंसी एएफपी के लिए भी काम किया था। पिछले साल जून में उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए रेकइंक लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।
टैग्स वरिष्ठ पत्रकार दीनू रणदिवे