होम / मीडिया फोरम / मीडिया टाइकून रूपर्ट मर्डोक ने किया अपनी पांचवी शादी का ऐलान, 92 की उम्र में बनेंगे दूल्हा
मीडिया टाइकून रूपर्ट मर्डोक ने किया अपनी पांचवी शादी का ऐलान, 92 की उम्र में बनेंगे दूल्हा
अमेरिका के मीडिया टाइकून रूपर्ट मर्डोक पांचवी बार शादी करने जा रहे हैं। इसका ऐलान उन्होंने खुद किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
अमेरिका के मीडिया टाइकून रूपर्ट मर्डोक पांचवी बार शादी करने जा रहे हैं। इसका ऐलान उन्होंने खुद किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने अपनी शादी की तारीख भी घोषित कर दी है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, रूपर्ट मर्डोक ने गुरुवार को घोषणा करते हुए अपनी पांचवीं शादी की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। उन्होंने 92 वर्ष की उम्र में 67 साल की अपनी रिटायर हो चुकी वैज्ञानिक गर्लफ्रेंड एलेना झुकोवा से सगाई की है।
एक प्रवक्ता ने बताया है कि एलेना जुकोवा और रूपर्ट मर्डोक की शादी कैलिफोर्निया में मर्डोक के वाइनयार्ड एंड एस्टेट मोरागा में होगी। यह रिश्ता मर्डोक के फॉक्स और न्यूज कॉर्प के चेयरमैन पद से हटने के कुछ ही महीने बाद हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एलेना झुकोवा रूस के मॉस्को की रहने वाली हैं और उनकी उम्र 67 साल है। रूपर्ट मर्डोक के प्रवक्ता ने बताया कि मर्डोक और एलेना झुकोवा से सगाई हो चुकी है। अब शादी की तैयारियां की जा रही हैं। एलेना झुकोवा मॉलिक्युलर बायोलॉजिस्ट के पद से रिटायर हो चुकी हैं। इन दोनों की मुलाकातें पिछली गर्मियों से ही जारी थीं। इनकी मुलाकात रूपर्ट मर्डोक की तीसरी पत्नी वेंडी डेंग (Wendi Deng) ने करवाई थी।
मीडिया कारोबारी रूपर्ट मर्डोक इससे पहले 4 बार शादी कर चुके हैं। उनकी चौथी शादी मॉडल एवं अभिनेत्री जेरी हॉल (Jerry Hall) से हुई थी। यह शादी 6 साल चली और 2022 में मर्डोक और हॉल का तलाक हो गया था।
अरबपति रूपर्ट मर्डोक की बीती चार शादियों के बारे में जिक्र करें, तो पहली पत्नी- पैट्रिशिया बुकर (1956-1967), दूसरी पत्नी- ऐना मान (1967-1999), तीसरी पत्नी- वेंडी डेंग (1999-2013) और चौथी पत्नी- जेरी हॉल (2016-2022) रही हैं।
बीते साल भी रूपर्ट खासी सुर्खियों में रहे थे, जबकि उन्होंने डेंटल हाइजीनिस्ट से कंजर्वेटिव रेडियो होस्ट बनी एन लेस्ली स्मिथ (Ann Lesley Smith) के साथ अपनी सगाई की घोषणा की थी, लेकिन एक महीने से भी कम समय में उन्होंने इसे कैंसिल करने का ऐलान कर दिया था।
बता दें कि रूपर्ट मर्डोक ने अपने करियर की शुरुआत 1950 में ऑस्ट्रेलिया से की थी। उन्होंने 1969 में ब्रिटेन में 'न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' (News of the World) और 'द सन' (The Sun) अखबारों को खरीदा था। इसके बाद वह मीडिया जगत में पैठ बढ़ाते गए और एक के बाद एक कई अमेरिकी पब्लिकेशंस को भी खरीद डाला। रूपर्ट मर्डोक ने प्रसिद्ध अखबार 'न्यूयॉर्क पोस्ट' और 'वॉल स्ट्रीट जर्नल' को भी खरीद लिया था। मीडिया मुगल ने 1996 में 'फॉक्स न्यूज' और 2013 में 'न्यूज कॉर्प' की स्थापना की। पिछले साल उन्होंने रिटायरमेंट लेकर अपने बेटे लैचलान को मीडिया एम्पायर सौंप दिया था। अब वह चेयरमैन एमेरिटस हैं।
टैग्स रूपर्ट मर्डोक एलेना झुकोवा