होम / मीडिया फोरम / दैनिक जागरण के युवा फोटो पत्रकार अमित भारद्वाज का निधन
दैनिक जागरण के युवा फोटो पत्रकार अमित भारद्वाज का निधन
दैनिक जागरण, आगरा के युवा फोटो पत्रकार अमित भारद्वाज का मंगलवार की सुबह निधन हो गया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 4 years ago
दैनिक जागरण, आगरा के युवा फोटो पत्रकार अमित भारद्वाज का निधन हो गया है। तबीयत खराब होने पर करीब दो दिन पहले ही अमित को आगरा में सिकंदरा स्थित रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
करीब 32 वर्षीय अमित लगभग पांच वर्षों से दैनिक जागरण में फोटो पत्रकार थे। बताया जाता है कि करीब एक हफ्ते पूर्व उन्हें बुखार और उल्टी की समस्या हुई थी। इस पर उन्होंने अपने फैमिली डॉक्टर से दवा ले ली। हालांकि, दवा लेने पर बुखार उतर गया था, लेकिन उल्टी आनी बंद नहीं हुई। इस बीच कराई गई कोविड की जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई। करीब दो दिन पूर्व हालत बिगड़ने पर अमित को रेनबो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनके लिवर में सूजन बताई। मंगलवार की सुबह रेनबो अस्पताल में ही अमित का निधन हो गया।
मूल रूप से आगरा के रहने वाले अमित की करीब डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी। उनके छह माह का बेटा है। अमित के निधन पर तमाम पत्रकारों ने दिवंगत आत्मा को सद्गति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
टैग्स फोटो पत्रकार श्रद्धांजलि पत्रकार का निधन अमित भारद्वाज