होम / मीडिया फोरम / मीडिया वर्कशॉप के लिए नई तारीख तय, मिलेंगे बेहतरीन नौकरी के अलावा उद्यमी बनने के टिप्स
मीडिया वर्कशॉप के लिए नई तारीख तय, मिलेंगे बेहतरीन नौकरी के अलावा उद्यमी बनने के टिप्स
समाचार4मीडिया के सहयोग (एसोसिएट पार्टनर) से मीडिया कंपनी 'दि ग्रोथ स्कूल' एक अनूठी पहल करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में आने अथवा यहां कार्यरत लोगों के लिए ऑनलाइन कार्यशाला शुरू करने जा रही है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 5 years ago
इस वर्ष वैश्विक महामारी कोरोना ने सारे संसार को घुटनों पर ला दिया। कई व्यवसाय बंद हो गए, नौकरियां खत्म हुईं और वेतन घट गए। इस महामारी से मीडिया उद्योग भी अछूता नहीं रहा और बहुत से मीडिया घरानों के शटर गिर गए। कई अखबारों के अलाभप्रद संस्करण बंद हो गए।
पत्रकारों और मीडिया उद्योग से जुड़े बहुत से कर्मियों का बड़ा वर्ग सड़क पर आ गया। जब तक लोग नौकरी में थे, सुखी थे, कंफर्ट जोन में थे, कुछ और सोचने की जरूरत ही नहीं थी। बेरोजगार हुए तो बहुत से लोगों ने विकल्पों के बारे में सोचना शुरू किया और कुछ लोगों ने अलग-अलग छोटी-मोटी नौकरियां पकड़ लीं, पर कुछ लोगों ने उद्यम की राह पकड़ी। इतिहास गवाह है कि जब-जब भी मंदी आती है या नौकरियों का अकाल पड़ता है तो उद्यम सबसे ज्यादा अच्छा विकल्प बनकर उभरता है और ज्यादा से ज्यादा लोग उद्यमी बनने के रास्ते तलाशते हैं।
मीडिया उद्योग में पिछले कई सालों से यह हो रहा है कि रिटायर होने के बाद, नौकरी से इस्तीफा देने के बाद या नौकरी से निकाल दिए जाने के बाद बहुत से पत्रकारों ने न्यूज पोर्टल बना लिए। पत्रकार रह चुकने के कारण उन्हें शायद यह सबसे आसान विकल्प लगा। दिक्कत यह है कि ऐसे बहुत से लोग बहुत छोटे से दायरे में सिमटकर रह गए और लॉकडाउन के समय उनकी दिक्कतें और बढ़ गईं,क्योंकि आय के साधन नहीं बचे। अब सवाल यह है कि जब नौकरियों का अकाल हो और व्यवसाय का आसान विकल्प भी न रह गया हो तो क्या किया जाए।
इस सारी स्थिति के मद्देनजर मीडिया कंपनी 'दि ग्रोथ स्कूल' समाचार4मीडिया के सहयोग (एसोसिएट पार्टनर) से एक अनूठी पहल करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में आने अथवा यहां कार्यरत लोगों के लिए ऑनलाइन कार्यशाला शुरू करने जा रहा है। यह मीडिया वर्कशॉप अब नौ व 10 जनवरी 2021को आयोजित की जाएगी। यह वर्कशॉप दो सेशन में होगी। पहला सेशन सुबह दस से दोपहर एक बजे तक और दूसरा सेशन अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा। बता दें कि पहले यह वर्कशॉप 25,26 व 27 दिसंबर 2020 को होने वाली थी, लेकिन अब इसके लिए नई तारीख तय कर दी गई है। इस बारे में विस्तृत जानकारी जल्द दी जाएगी।
इसकी सबसे बड़ी खासियत ही यह है कि इस विशिष्ट कार्यशाला में पत्रकारिता, खासकर हिंदी पत्रकारिता का ज्ञान रखने वाले लोगों को नौकरी के अलावा उद्यमी बनने के नए विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि पत्रकारिता का ज्ञान रखने वाले लोग सिर्फ नौकरी के ही मोहताज न रहें। मीडिया जगत इस समय गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है, इस दौर में आत्मनिर्भरता का यह प्रयास समय की आवश्यकता है।
'दि ग्रोथ स्कूल' के फाउंडर पी.के. खुराना 'समाचार4मीडिया' के पूर्व संपादक, प्रसिद्ध लेखक, स्तंभकार और मोटिवेशनल स्पीकर हैं और वे इस ऑनलाइन वर्कशॉप का संचालन करेंगे। पी.के खुराना ने दैनिक भास्कर और पंजाब केसरी सहित कई मीडिया संस्थानों के लिए पत्रकारिता कार्यशालाओं का सफल संचालन किया है। व्यावहारिक गतिविधियों से भरपूर उनकी कार्यशालाएं सदैव एक आनंददायक अनुभव होती हैं। अपने चुटीले अंदाज में वे प्रतिभागियों को सफलता की राह पर ले चलते हैं। यानी, वे सिर्फ पत्रकारिता के क्षेत्र में सफल होना ही नहीं सिखाते,बल्कि यह भी सिखाते हैं कि तनावरहित जीवन जीते हुए खुश कैसे रहा जाए।
टैग्स वर्कशॉप पीके खुराना कार्यशाला मीडिया कार्यशाला मीडिया वर्कशॉप