होम / मीडिया फोरम / 252 करोड़ के ड्रग्स केस में मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ओरी को भेजा समन
252 करोड़ के ड्रग्स केस में मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ओरी को भेजा समन
मुंबई पुलिस ने 252 करोड़ रुपये के बड़े ड्रग्स केस में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी को पूछताछ के लिए तलब किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो ।। 3 months ago
मुंबई पुलिस ने 252 करोड़ रुपये के बड़े ड्रग्स केस में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी को पूछताछ के लिए तलब किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें गुरुवार सुबह 10 बजे एंटी-नारकोटिक्स सेल की घाटकोपर यूनिट के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
क्यों हो रही है पूछताछ?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस को शक है कि आरोपी मोहम्मद सलीम मोहम्मद सुहैल शेख, जो पिछले महीने दुबई से डिपोर्ट होकर आया था, कई हाई-प्रोफाइल पार्टियों का आयोजन करता था। पुलिस का कहना है कि इन पार्टियों में कई फिल्म और फैशन इंडस्ट्री से जुड़े लोग शामिल होते थे। शेख की बयानबाजी में कुछ नाम सामने आए हैं, जिनमें नोरा फतेही, श्रद्धा कपूर, रैपर लोका, अब्बास-मस्तान, ओरी और NCP नेता जीशान सिद्दीकी भी बताए गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह केस मार्च 2024 का है, जब पुलिस ने महाराष्ट्र के सांगली जिले के एक फार्महाउस पर बनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से 126 किलो से ज्यादा मेफेड्रोन (MD ड्रग) जब्त किया था। इसकी कीमत करीब 252 करोड़ रुपये बताई गई थी।
सोमवार को पुलिस ने इस केस में शेख की कस्टडी हासिल की। वह इस समय एंटी-नारकोटिक्स सेल की पूछताछ में है। शेख ने दावा किया था कि वह देश और विदेश में फिल्मी सितारों, मॉडल्स और गैंगस्टर्स के लिए रेव पार्टियां आयोजित करता था।
कैसे पकड़ा गया शेख?
पुलिस ने बताया कि अगस्त में 995 ग्राम MD जब्त किए जाने के बाद जब जांच आगे बढ़ी तो शेख का नाम सामने आया। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। कुछ सप्ताह पहले वह UAE में पकड़ा गया और फिर मुंबई पुलिस की कोशिशों के बाद भारत भेजा गया। पुलिस के मुताबिक शेख पर पहले से ही चार ड्रग्स केस दर्ज हैं। ओरी से पूछताछ इसी कड़ी का हिस्सा है।
टैग्स