होम / मीडिया फोरम / ‘शांतनु गुहा रे: एक अच्छे इंसान बहुत जल्दी चले गए’
‘शांतनु गुहा रे: एक अच्छे इंसान बहुत जल्दी चले गए’
‘काउंसिलेज इंडिया’ (Counselage India) के मैनेजिंग पार्टनर सुहेल सेठ ने वरिष्ठ पत्रकार शांतनु गुहा रे को श्रद्धांजलि देते हुए उनसे जुड़ी यादों को शेयर किया है।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 1 year ago
सुहेल सेठ।।
होली रंगों का त्योहार है, जहां जीवंतता होती है और वसंत के आगमन पर उत्सव मनाया जाता है, लेकिन वर्ष 2024 की होली की शुरुआत ऐसी नहीं हुई। दरअसल, इस दिन हमने शांतनु गुहा रे को खे दिया, जो न सिर्फ अच्छे पत्रकार थे, बल्कि एक दोस्त और प्रशंसक भी थे।
मैं पहली बार शांतनु गुहा रे से कई साल पहले एक डिबेट में मिला था, जो हम बिजनेस टुडे के लिए करते थे, जिसकी परिकल्पना संजय नारायण और आर सुकुमार की जोड़ी ने की थी। डिबेट के बाद वह मेरे पास आए और मुझसे बांग्ला में बात करने लगे। उन दिनों मैं सिगार पीता था और हम दोनों इस बारे में बातें करने लगे। वह खानपान के काफी शौकीन थे और हमने इस बात पर काफी चर्चा की कि दिल्ली में अच्छा बंगाली खाना कहां मिलेगा। इसके अलावा हमने दुर्गा पूजा पर भी बात की। उन्होंने बताया कि वह हर साल दिल्ली में दुर्गा पूजा मनाते हैं। उन्हें यह भी याद था कि मैंने कई दशक पहले कोलकाता में एशियन पेंट्स के लिए भरत पुरी के नेतृत्व में शरद सम्मान पुरस्कार का प्रबंधन किया था।
उस वर्ष बाद में मुझे उनका एक संदेश मिला जिसमें उन्होंने मुझे चितरंजन पार्क में अपने यहां पूजा के लिए आमंत्रित किया था। यहां उन्होंने गर्मजोशी से स्वागत कर हम सभी का दिल जीत लिया। तब से हम हमेशा संपर्क में थे और विभिन्न मुद्दों पर काफी चर्चा करते थे। कई साल बाद शांतनु ने मुझे यह कहने के लिए बुलाया कि उन्होंने अभी-अभी 'टारगेट' (TARGET) नामक एक किताब लिखी है और इसके बारे में विस्तार से बताया। यह इस बारे में थी कि पी. चिदंबरम और रमेश अभिषेक की तत्कालीन सरकार ने जिग्नेश शाह को कैसे परेशान किया था। उस समय चिदम्बरम और अभिषेक दोनों सत्ता में थे और शांतनु ने मुझसे पूछा कि क्या मैं पुस्तक की प्रस्तावना लिखने को तैयार हूं। मुझे हां कहने में कोई समय नहीं लगा और कुछ देर के भीतर उन्होंने मुझे पांडुलिपि ईमेल कर दी। इस पुस्तक के माध्यम से ही मुझे खोजी पत्रकारिता के प्रति शांतनु गुहा की गहरी प्रतिबद्धता का पता चला, जो उस व्यक्ति की तरह ही सारगर्भित और प्रासंगिक भाषा में लिखी गई थी। पुस्तक का विमोचन ‘द इंडिया इंटरनेशनल सेंटर’ (IIC) में किया गया और बांग्ला समाज से जुड़े तमाम लोग यहां मौजूद थे।
व्यावसायिक तौर पर ऐसा बहुत कम था जो हम कर सकते थे या साथ मिलकर कर सकते थे, लेकिन मेरे मन में उस व्यक्ति की नैतिकता और दृढ़ता के प्रति हमेशा काफी सम्मान रहा। मेरे लिए वह हमेशा ऐसे व्यक्ति थे, जो जीवन से प्यार करता था; दोस्तों के प्रति जिनमें काफी स्नेह था और जीवन ने जिन्हें दूसरों की मदद करने का अवसर प्रदान किया। अपने निधन के साथ वह अपने पीछे मित्रों का एक समूह, अपने साथ काम करने वाले सहकर्मियों की एक लंबी लिस्ट और ऐसे लोग जो प्रिंट में उनके हर शब्द पर भरोसा करते थे, को छोड़ गए हैं। इसके अलावा वह अपने पीछे अपनी पत्नी और प्यारी बेटी छोड़ गए हैं, जिसकी हाल ही में उन्होंने कोलकाता के बाहर एक पुरानी बाड़ी में धूमधाम से शादी की थी।
वह न सिर्फ अपनी पत्रकारिता के लिए याद किए जाएंगे, बल्कि खानपान के बारे में उनकी अच्छी जानकारी और अच्छे सिगार की पहचान के लिए भी उन्हें काफी याद किया जाएगा। इसके अलावा हर पूजा के बाद भेजे जाने वाले भोग, गिफ्ट्स के साथ-साथ दोस्तों के लिए चाय और मुगलई पराठों के लिए भी शांतनु हमेशा याद आएंगे। अपनी मानवता, अच्छाई और भद्रता के लिए वह हमेशा याद किए जाएंगे।
(यह लेखक के निजी विचार हैं। लेखक ‘काउंसिलेज इंडिया’ (Counselage India) के मैनेजिंग पार्टनर हैं।)
टैग्स निधन श्रद्धांजलि शांतनु गुहा रे सुहेल सेठ काउंसिलेज इंडिया