होम / मीडिया फोरम / मन्नत पूरी होने पर डेढ़ किलो सोने के मुकुट के साथ पीएम से मिले पत्रकार
मन्नत पूरी होने पर डेढ़ किलो सोने के मुकुट के साथ पीएम से मिले पत्रकार
काशी के वरिष्ठ पत्रकारों का दल मुकुट लेकर आया था नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में मंत्रोच्चारण के बीच इस मुकुट को स्पर्श किया
समाचार4मीडिया ब्यूरो 6 years ago
मन्नत पूरी होने पर वाराणसी के पत्रकारों का दल सोने के डेढ़ किलो मुकुट के साथ दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिला। प्रधानमंत्री ने स्वर्ण मुकुट का अवलोकन कर बनारस के प्रबुद्धजनों को सौंप दिया। उन्होंने संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में मंत्रोच्चार के बीच इस मुकुट को स्पर्श किया।
बता दें कि उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (उपजा) के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार अरविंद सिंह ने नरेंद्र मोदी की दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनने पर सवा किलो सोने का मुकुट संकटमोचक हनुमानजी को चढ़ाने का संकल्प लिया था। कारीगरों की भक्ति की वजह से सवा किलो की बजाय यह डेढ़ किलो सोने का मुकुट बनकर तैयार हुआ।
अक्षय तृतीया के दिन मांगी गई इस मन्नत के पूरा होने पर अब सोमवार को अरविंद सिंह वाराणसी से वरिष्ठ पत्रकारों के एक शिष्टमंडल के साथ दिल्ली पहुंचे। इस शिष्टमंडल में उनके साथ वरिष्ठ पत्रकार स्नेह रंजन, राजेंद्र कुमार दुबे, विजय विनीत, आशुतोष सिंह और अनिल अग्रवाल शामिल थे। प्रधानमंत्री ने इस शिष्टमंडल से मुलाकात कर स्वर्ण मुकुट का अवलोकन किया और उसे हनुमत दरबार तक ले जाने को कहा।
मुकुट की सुंदरता देखकर पीएम मोदी काफी प्रसन्न हुए। उन्होंने शिष्टमंडल का आग्रह भी स्वीकार किया कि जब भी इसे संकटमोचक हनुमानजी को चढ़ाया जाएगा, उस दौरान वो अथवा उनका कोई प्रतिनिधि अवश्य उपस्थित रहेगा। बता दें कि सोने के इस मुकुट को वाराणसी के ही एक प्रतिष्ठित स्वर्ण कला संस्थान में काशी और कोलकाता नौ कारीगरों ने 40 दिनों में निर्मित किया है।
बेजोड़ कारीगरी के नमूने वाले इस मुकुट में ढाई लाख टांके लगाए गए हैं, जो बेहद आकर्षक और बेजोड़ हैं। पत्रकार दल में शामिल वाराणसी विकास समिति के सचिव राजेंद्र कुमार दुबे ने मोदी के विजन के अनुरूप वाराणसी के विकास की एक परिकल्पना का पत्रक पीएमओ को सौंपा।
टैग्स नरेंद्र मोदी पीएम मोदी उपजा अरविंद सिंह सोने का मुकुट