होम / मीडिया फोरम / टीवी एंकर को देख महिला की बढ़ी दीवानगी, कर डाला ये क्राइम
टीवी एंकर को देख महिला की बढ़ी दीवानगी, कर डाला ये क्राइम
हैदराबाद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, टीवी एंकर को देखकर एक महिला इस हद तक दीवानी हो गई कि उसे किडनैप ही करवा लिया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 2 years ago
हैदराबाद से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, टीवी एंकर को देखकर एक महिला इस हद तक दीवानी हो गई कि उसे किडनैप ही करवा लिया। महिला उससे शादी करना चाहती थी, लेकिन एंकर उससे बात करने को भी तैयार नहीं था, जिसके बाद महिला ने उसे किडनैप करने की प्लानिंग कर डाली।
हैदराबाद के राचकोंडा पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में उप्पल पुलिस ने टीवी चैनल के एंकर प्रणव सिस्ता के किडनैपिंग के आरोप में भोगिरेड्डी तृष्णा नाम की महिला को गिरफ्तार किया है। बता दें कि 31 साल की आरोपी महिला डिजिटल मार्केटिंग से जुड़ा बिजनेस चलाती है। वहीं, प्रणव पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और शौक के लिए एक म्यूजिक चैनल में एंकरिंग करता है।
बता दें कि दो साल पहले एक मैट्रिमोनी साइट के जरिए तृष्णा का चैतन्या नाम के एक युवक से परिचय हुआ था, जो प्रणव का फोटो इस्तेमाल कर रहा था। तृष्णा चैतन्या को प्रणव समझकर पसंद करने लगी थी, लेकिन जब उसे इस बात का ऐहसास हुआ कि ये प्रोफाइल तस्वीर में दिख रहे शख्स की नहीं है, बल्कि एंकर प्रणव की है, तो उसने इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के जरिए प्रणव से संपर्क साधा और उससे मिलकर पूरी सच्चाई बताई और दोनों ने पुलिस स्टेशन में साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
लेकिन यह जानने के बाद भी तृष्णा ने उसे मैसेज भेजना जारी रखा, जिससे परेशान होकर एंकर ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। महिला की दीवानगी एंकर के लिए इस हद तक बढ़ गई कि उसने उससे शादी करने की ठान ली। इसके बाद तृष्णा ने एंकर प्रणव को हमेशा के लिए अपना बनाने का फैसला किया।
पुलिस ने बताया कि महिला को लगा कि वह इस मामले को सुलझा लेगी, इसीलिए उसने एंकर को किडनैप करने की प्लानिंग की और इस काम के लिए उसने चार लोगों को काम पर रखा। इतना ही नहीं एंकर के पल-पल का अपडेट लेने के लिए महिला ने उसकी कार में एक ‘ऐप्पल एयर टैग’ (जीपीएस ट्रैकर) भी लगाया, आखिरकार महिला एंकर को किडनैप करने में सफल हो गई।
10 फरवरी की आधी रात को तृष्णा ने चार अन्य लोगों के साथ प्रणव की कार को रोककर उसे किडनैप कर लिया। प्रणव की किडनैपिंग के बाद तृष्णा ने उसे पूरी रात एक कमरे में रखा। इस दौरान उसकी पिटाई भी की। उसे शादी करने के लिए मजबूर किया, हालांकि, 11 फरवरी को प्रणव जैसे तैसे तृष्णा की कैद से फरार हो गया।
महिला के चंगुल से छूटते ही एंकर तुरंत पुलिस के पास पहुंचा और उसने अपनी आपबीती बताई। एंकर की शिकायत पर पुलिस ने महिला और अन्य चार किडनैपर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और सभी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने धारा 363 (अपहरण), 341 (गलत तरीके से रोकना), 342 (गलत तरीके से कारावास) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
टैग्स महिला टीवी एंकर किडनैपिंग