होम / मीडिया फोरम / स्व.अश्विनी चोपड़ा की किताब ने मार्केट में दी दस्तक, पत्नी ने इस अधूरे सपने को किया पूरा
स्व.अश्विनी चोपड़ा की किताब ने मार्केट में दी दस्तक, पत्नी ने इस अधूरे सपने को किया पूरा
हिंदी दैनिक अखबार ‘पंजाब केसरी’ के एडिटर-इन-चीफ रहे स्वर्गीय अश्विनी चोपड़ा के 66वें जन्म दिवस पर 'एक शाम अश्विनी के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
हरियाणा के करनाल से पूर्व सांसद और हिंदी दैनिक अखबार ‘पंजाब केसरी’ के एडिटर-इन-चीफ रहे स्वर्गीय अश्विनी चोपड़ा के 66वें जन्म दिवस पर 'एक शाम अश्विनी के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान 'इट्स माय लाइफ' किताब का विमोचन किया गया। इस खास मौके पर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई बड़ी हस्तियां कार्यक्रम में शामिल हुई।
बता दें कि 'इट्स माय लाइफ' किताब को लिखने की शुरुआत अश्विनी चोपड़ा ने की थी, लेकिन इस किताब को पूरा उनकी पत्नी किरन चोपड़ा ने किया। कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में अश्विनी चोपड़ा के पुराने मित्रों ने उनकी यादों को और उनके साथ बिताए हुए पलों को सबके साथ साझा कर शाम को खुशनुमा बना दिया।
इस मौके पर दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, सांसद हंसराज हंस, बीजेपी नेता और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, बीजेपी नेता सतीष उपाध्याय, बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी, पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान कपिल देव, गायक सिद्धार्थ मोहन, भारत की प्रथम महिला आईपीएस अफसर किरण वेदी और कई राजनैतिक हस्तियों ने शिरकत की। इसके अलावा कार्यक्रम में वकील, डॉक्टर और कई अलग-अलग क्षेत्रों के दिग्गज भी शामिल हुए।
बता दें कि भाजपा के पूर्व सांसद और वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी कुमार चोपड़ा का 18 जनवरी 2020 को निधन हो गया था। करनाल से लोकसभा सांसद रहे अश्विनी चोपड़ा कैंसर की बीमारी से पीड़ित थे।
11 जून 1956 में जन्मे अश्विनी हिंदी के समाचार पत्र ‘पंजाब केसरी’ के दिल्ली में स्थानीय संपादक भी रहे। 16वीं लोकसभा के लिए वह हरियाणा के करनाल से भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर निर्वाचित हुए थे। पत्रकारिता में आने से पहले, वह रणजी ट्रॉफी में पंजाब के लिए अश्विनी मन्ना के नाम से खेलते थे।
उनके परिवार में पत्नी किरण चोपड़ा और तीन बेटे अर्जुन, आकाश और आदित्य चोपड़ा हैं। पंजाब में आतंकवाद के समय उनके दादा लाला जगत नारायण और पिता रोमेश चंदर की क्रमश: वर्ष 1981 व 1984 में हत्या कर दी गई थी।
टैग्स किताब सांसद वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी चोपड़ा इट्स माइ लाइफ