होम / मीडिया फोरम / महिला पत्रकार ने मंत्री के बेटे पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, दर्ज कराई FIR
महिला पत्रकार ने मंत्री के बेटे पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, दर्ज कराई FIR
बेटे पर लगे आरोपों को लेकर मंत्री ने कहा कि इस मामले में कानून अपना काम कर रहा है। भरोसा है कि पुलिस गहराई से जांच करेगी और सच्चाई का पता लगाएगी।
समाचार4मीडिया ब्यूरो 3 years ago
राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी के खिलाफ एक महिला पत्रकार ने दिल्ली में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर दिल्ली के सदर बाजार थाने में मंत्री के बेटे के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज हुई है। इस जीरो एफआईआर को दिल्ली पुलिस ने सवाई माधोपुर ट्रांसफर किया है, क्योंकि सबसे पहले युवती के साथ दुष्कर्म सवाई माधोपुर में ही हुआ था। अब सवाईमाधोपुर पुलिस मामले की जांच करेगी। पीड़िता का कहना है कि राजस्थान में यह लोग केस दर्ज नहीं होने देते, इसलिए उसने दिल्ली पुलिस को मामले की शिकायत दी है।
वहीं, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नजदीक माने जाने वाले जलदाय मंत्री महेश जोशी ने अपने बेटे पर लगे आरोपों पर कहा कि वह पूरे जीवन सत्य के रास्ते पर चले हैं। इस मामले को लेकर कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे भरोसा है पुलिस गहराई से जांच करेगी और सच्चाई का पता लगाएगी। मुझे अभी इस मामले में अभी इतना ही कहना है।‘
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के एक न्यूज चैनल में कार्यरत करीब 23 वर्षीय पीड़िता ने मंत्री के बेटे पर शादी का झांसा देकर करीब तीन महीने पहले दिल्ली के एक होटल में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि रोहित ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की बल्कि प्रेग्नेंट होने पर जबरन उसका गर्भपात भी करवा दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, युवती का कहना है कि करीब दो साल पहले फेसबुक पर रोहित से उसकी दोस्ती हुई थी। रोहित फेसबुक पर उससे बातचीत करने के दौरान पत्नी से परेशान होने की बात करता था. इसी बीच दोनों की नजदीकियां बढ़ी थीं। इसके बाद दोनों मिलने लगे। आठ जनवरी 2021 को रोहित उसे सवाई माधोपुर स्थित एक दोस्त के घर ले गया और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बेसुध होने पर रोहित ने उसके आपत्तिजनक फोटो भी खींच लिए।
युवती का आरोप है कि 20 अप्रैल 2021 को रोहित उसे जयपुर में एक फार्म हाउस पर ले गया और यहां उसकी मांग में सिंदूर भरकर बोला कि तुम अब मेरी पत्नी बन चुकी हो, जल्द ही शादी समारोह आयोजित करूंगा। इसके बाद वह उसे मनाली ले गया। अगस्त में गर्भवती होने पर जब उसने रोहित को यह जानकारी दी तो वह नाराज हो गया और उससे मारपीट की। युवती के अनुसार, रोहित ने इसके बाद उसका गर्भपात भी करवा दिया। युवती का कहना है कि रोहित से उसकी जान को खतरा है, इसलिए उसने नई दिल्ली के सदर बाजार थाने में मामला दर्ज करवाया है।
पीड़िता ने एफआइआर में कहा कि रोहित अपने मंत्री पिता के नाम पर धमकी देता था और कहता था कि वह उसका हाल भंवरी देवी जैसा करेगा। बता दें कि भंवरी देवी मामला करीब दस साल पहले चर्चा में आया था, जब उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में तत्कालीन अशोक गहलोत सरकार के मंत्री स्व. महिपाल मदेरणा और कांग्रेस विधायक मलखान बिश्नोई जेल जा चुके हैं। आरोप है कि दोनों के भंवरी के साथ अवैध संबंध थे और फिर उन्होंने ही उसकी हत्या करवाई थी।
टैग्स रिपोर्ट एफआईआर मुकदमा बलात्कार महेश जोशी रोहित जोशी